काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर में बतौर मुख्य वन संरक्षक तैनात रहे केवी रेड्डी सुब्बाराव पिछले चार दिनों से लापता हैं। उनके बेटे ने सोमवार शाम रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बेटे के अनुसार, वह दो अगस्त को टहलने निकले थे, जिसके बाद से उनका पता नहीं चला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आईएफएस केवी रेड्डी सुब्बाराव का तीन साल पहले लखनऊ स्थानांतरण हुआ था, लेकिन उन्होंने वहां पदभार ग्रहण नहीं किया। मूलत: आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के कोर कुल्लू गांव के रहने वाले सुब्बाराव वह रामनगर में ही रह रहे हैं। बेटे विशाल ने बताया कि चार साल मां की मौत हो गई थी, इसके बाद से ही पिता तनावग्रस्त रहते थे। उनका इलाज भी चल रहा था।
यहां से स्थानांतरण होने के बाद न तो उन्होंने लखनऊ में ज्वाइन किया और न ही वन विभाग से वेतन लिया। विभाग से कई बार पत्र भी जारी हुआ, लेकिन उन्होंने यह कहते हुए वेतन नहीं लिया कि काम नहीं कर रहा हूं तो वेतन किस बात का।
विशाल के अनुसार, कुछ दिन पहले भी वन विभाग से ज्वाइन करने का पत्र आया था। 10 दिन पहले उनकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो बीएचयू में इलाज कराया गया। दो अगस्त को उन्होंने विश्वनाथ मंदिर जाने की बात कही, लेकिन उसके बाद वापस नहीं आए।