वाराणसी के रमरेपुर स्थित घर से नाराज होकर निकले परमानंद पटेल (24) का शव सोमवार को पहड़िया पोखरे में मिला। जैतपुरा थाने की पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पहड़िया पोखरे से कड़ी मशक्कत के बाद एनडीआरएफ की टीम ने युवक का शव बरामद किया। बताया जा रहा है कि मृतक घर से नाराज होकर निकला था। घर वापस न पहुंचने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पहड़ियां पोखरे के पास सामान होने की सूचना स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को दी और बाद में शव बरामद हुआ।
विज्ञापन
बताते चलें कि रमरेपुर निवासी परमानंद पटेल एक निजी स्कूल की गाड़ी चलाता था। रविवार की रात 11 बजे के लगभग घर से बाहर निकल गया लेकिन सुबह तक वापस नहीं आया।सोमवार की सुबह पहड़िया पोखरे के किनारे एक मोबाइल, कपड़ा और एक जोड़ी चप्पल पड़ी दिखी। स्थानीय लोगों ने पोखरे में किसी के डूबने की आशंका पर सूचना पुलिस को दी।
पहले पुलिस ने प्रयास किया लेकिन जब शव खोजने में सफलता नहीं मिली तो एनडीआरएफ को बुलाया गया जिसके बाद शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि परमानंद दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी कछवा की रहने वाली सरोजा पटेल से हुई थी। सरोजा इन दिनों मायके गई थी और उसे मंगलवार को जीवित्पुत्रिका के व्रत के लिए ससुराल आना था।