वाराणसी। कौन बनेगा करोड़पति टीवी शो में इनामी राशि जीतने का झांसा देकर और एटीएम कार्ड ब्लाक होने की बात कह कर जालसाजों ने एक युवक और एक महिला को एक लाख रुपये से ज्यादा की चपत लगा दी। दोनों प्रकरणों को लेकर रविवार को रामनगर और मंडुवाडीह थाने में दो मुकदमे दर्ज किए गए।
रामनगर कस्बे के रामपुर वार्ड का नियाज कौन बनेगा करोड़पति टीवी शो देख रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई और उन्हें शो में लकी ड्रा के जरिये 25 लाख की इनामी राशि जीतने की बात कही गई। नियाज से इनामी राशि के भुगतान के लिए 18100 रुपये एक खाते में जमा करने को कहा गया। नियाज 25 लाख के लालच में 18100 रुपये बताए गए एकाउंट नंबर में जमा कर दिए। इसके बाद जालसाज ने 25 हजार फिर 20 हजार रुपये जमा कराए। नियाज ने इनामी राशि खाते में जमा करने को कहा तो कॉल करने वाले ने 62 हजार रुपये जमा करने को कहा। इस पर नियाज को शक हुआ तो वह अपना पैसा मांगने लगे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
उधर, मंडुवाडीह क्षेत्र के लखनपुर नई बस्ती निवासी रामबदन राम की पत्नी फूलमती देवी के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपका एटीएम कार्ड ब्लाक हो गया है। फूलमती ने पति को सारी बात बताई। इसके बाद रामबदन के मोबाइल पर फोन आया कि मुंबई स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से मनीष पांडेय बोल रहा हूं। बातचीत में ही खाते के विवरण के साथ जालसाज ने रामबदन से उनके एटीएम का पिन भी पूछ लिया। इसके बाद रामबदन के मोबाइल पर मेसेज आना शुरू हुआ तो पता लगा कि खाते से 61500 रुपये कट गए हैं।
------------
ब्यूटी पार्लर से पर्स लेकर भागी युवती
वाराणसी। चांदपुर स्थित एक ब्यूटी पार्लर में ग्राहक बनकर पहुंची नकाबपोश युवती फेसियल करा रही त्रिदेव नगर कॉलोनी की तुषा देवी का पर्स लेकर भाग गई। तुषा ने बताया कि उनके पर्स में सोने की चेन और पांच हजार रुपये थे। वहीं, मंडुवाडीह पुलिस ऐसी किसी घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई।