बीएचयू अस्पताल में बेहतर और किफायती दाम पर जांच और इलाज का सपना लेकर आने वाले मरीजों पर महंगाई की मार पड़ी है। अस्पताल प्रशासन ने एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, आदि जांच के दाम में दो से तीन गुना की बढ़ोतरी कर दी है। निश्चित ही इसका भार मरीजों पर पड़ेगा।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक की ओर से इसका आदेश भी 26 फरवरी को ही जारी कर दिया गया है। बीएचयू अस्पताल की ओपीडी, इमरजेंसी में केवल वाराणसी ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के अन्य जिलों के साथ ही बिहार, झारखंड आदि जगहों से हर दिन तीन हजार से अधिक मरीज आते हैं।
सबका यहीं सपना होता है कि बीएचयू जैसे अस्पताल में उन्हें किफायती दाम पर बेहतर इलाज मिलेगा। ओपीडी में मरीज को देखने के बाद चिकित्सक एमआरआई, अल्ट्रासाउंड आदि जांच भी लिखते हैं। अब बीएचयू अस्पताल प्रशासन की ओर से जांच के दाम दो से तीन गुना बढ़ा दिया गया है।