जम्मू-कश्मीर के रियासी में आतंकी हमले में वाराणसी के दंपती अतुल मिश्रा (32) और नेहा (29) भी घायल हुए हैं। परिजनों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन फिलहाल उन्हें अस्पताल में रखा गया है। आतंकी हमले से दोनों सहम गए हैं। दूसरी ओर खबर की पुष्टि होने के बाद अतुल मिश्रा के घर पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और पूरे घटना की जानकारी ली। अतुल मिश्रा के चाचा योगेश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने भतीजे से बात की है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में वैष्णो देवी से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस पर रविवार शाम को आतंकियों ने हमला कर दिया। आतंकियों ने श्रद्धालुओं की बस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। जिसमें बस ड्राइवर घायल हो गया और बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गई। आतंकी हमले में अब तक 9 दर्शनार्थियों की मौत की खबर है और 33 लोग घायल हैं। घायलों में शामिल अतुल मिश्रा और उनकी पत्नी नेहा वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के कालभैरव मंदिर के पीछे रहने वाले हैं।