बनारस में रेड जोन में वक्फ बोर्ड की दीवार तोड़ने का आरोप लगाते हुए गुरुवार देर रात मुस्लिम समाज के लोगों ने छत्ता द्वार पर विरोध शुरू कर दिया। धीरे-धीरे भीड़ इतनी बढ़ गई कि चौक से गोदौलिया के रास्ते पर जाम लग गया। जानकारी मिलते ही नौ थानों की फोर्स के साथ एसीएम तृतीय समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। ध्वस्तीकरण भी रोक दिया गया है।
छत्ता द्वार के आगे रेड जोन में वक्फ बोर्ड की जमीन के बगल में विश्वनाथ कॉरिडोर के लिए भवन तोड़ने का काम चल रहा है। मुस्लिम समाज के लोग देर रात भवनों के साथ-साथ वक्फ बोर्ड की जमीन से ईट-पत्थर और मलवा हटाने का आरोप लगाकर छत्ता द्वार पहुंच गए।
थोड़ी ही देर में भीड़ इकट्ठी हो गई और आरोपियों पर कार्रवाई करने की मांग की। भीड़ का कहना था कि ठेकेदार जानबूझकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है। बिना पूछे ही जमीन से ईंट-पत्थर हटाए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर दलबल के साथ मौके पर एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, सीओ भेलूपुर सत्येंद्र तिवारी और क्राइम ब्रांच प्रभारी ने बातचीत कर भीड़ को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद मुस्लिम समाज की ओर से मुतवल्ली एजाज मोहम्मद ने चौक थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।