सोनभद्र जिल के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी संदिग्ध हाल में बुधवार को लापता हो गई। लापता किशोरी के घर वालों की तहरीर पर पुलिस एक नामजद समेत दो लोगों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन में जुट गई है। उधर किशोरी के गायब होने से नाराज अधिकांश दुकानदारों ने बृहस्पतिवार को दुकानें बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।
बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक समुदाय की किशोरी लापता हो गई। इस संबंध में किशोरी के घरवालों ने दूसरे समुदाय के दो के खिलाफ अपहरण करने की तहरीर दी। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने खोजबीन शुरू की, लेकिन 24 घंटे बीतने केबाद भी कुछ पता न चलने पर बृहस्पतिवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोग सड़क पर उतर गए।
लापता किशोरी का अपहरण करने वालों की गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर दुद्धी बजरंग दल के कार्यकर्ता तहसील मुख्यालय पर भूख हड़ताल और आमरण अनशन पर बैठ गए। घंटों बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार यादव व सीओ संजय वर्मा ने नगर अध्यक्ष आलोक बजरंगी को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया और कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यकर्ताओ ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे डीएम एस. राजलिंगम और एसपी आशीष श्रीवास्तव ने कोतवाली पहुंच कर घटना के बारे में जानकारी ली। लापता किशोरी के परिजनों से पूछताछ किया। डीएम ने कहा कि पुलिस आरोपी को तलाश करने में जुटी है। आरोपियों केखिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा कि अशांति का माहौल पैदा करने वालों को किसी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।
नगर में बुहस्पतिवार की सुबह से ही तनावपूर्ण माहौल रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पूरा नगर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। चट्टी, चौराहे, पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। कई थानों के फोर्स केअलावा पीएसी तैनात कर दी गई है। एडीएम और एएसपी सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रख रहे हैं।