फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: दो माह से टूटे हाईटेंशन तार में अचानक दौड़ा करंट, किशोर की मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

Wed, 02 Sep 2020 01:17 PM IST
गीतार्जुन गौतम अमर उजाला नेटवर्क, जौनपुर
विज्ञापन
रोते-बिलखते परिजन। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जौनपुर जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सीर गांव के तिराहे पर बुधवार की सुबह टूटे तार में प्रवाहित हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। करीब 20 मिनट तक किशोर तार से ही चिपका रहा। ग्रामीणों ने उपकेंद्र पर सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई तब किशोर को तार से अलग किया जा सका।

विज्ञापन

बिजली का तार दो माह से टूटा हुआ था। उसे जोड़े बिना विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई थी। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने जौनपुर-मिर्जापुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम ने समुचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।


मड़ियाहूं विद्युत उपकेंद्र से सरौना तक जाने वाले 11 हजार का हाईटेंशन तार करीब दो माह पूर्व आई आंधी में टूट गया था। बिजली निगम ने तार को पोल के नीचे से काटकर अलग कर दिया था। शेष हिस्सा जमीन पर ही छोड़ दिया।

विज्ञापन

आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार की रात किसी तरह आपूर्ति चालू होने से तार में करंट प्रवाहित हो गया। सुबह गांव निवासी साहब लाल सोनकर का पुत्र अमन बहादुर(14) घर से निकलकर शौच के लिए बसुही नदी के किनारे जा रहा था।

रास्ते में पोल से लटकते तार से स्पर्श होते ही वह हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर चिपक गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण रवींद्र तिवारी ने तत्काल फोन कर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। किशोर को तार से छुड़ाकर मड़ियाहूं सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन

घटना की जानकारी होते ही ग्रामीण उग्र हो गए। बिजली निगम के खिलाफ आक्रोश जताते हुए जौनपुर-मिर्जापुर (लुंबिनी-दुद्धी राष्ट्रीय राजमार्ग) जाम कर दिया। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बरसात के बावजूद भी सड़क पर ग्रामीण डटे रहे। सूचना पाते ही सर्किल के थानों की पुलिस, सीओ, कोतवाल मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर रास्ता खाली कराने की कोशिश की। करीब साढ़े 11 बजे मौके पर पहुंचे एसडीएम कौशलेश मिश्र ने मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता राशि व जमीन पट्टा करने का आश्वासन दिया। मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई के लिए भी आश्वस्त किया। इसके बाद जाम समाप्त हुआ।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें