आईआईटी बीएचयू ने रॉकेट लॉन्च कर रचा नया इतिहास
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू का तकनीकी उत्सव ‘टेक्नेक्स 2017’ नई तकनीक, नया इनोवेशन लेकर आया और कुछ नए अनुभव देकर विदा हो गया। रविवार को तीन दिवसीय उत्सव के समापन पर इसके हिस्से में एक नया इतिहास भी जुड़ा। पहली बार यहां से रॉकेट लांचिंग की गई।
स्पेस डेवलपमेंट नेक्सस (एसडीएनएक्स) की ओर से राजपुताना ग्राउंड से रॉकेट लांच किया गया जो कि एक किलोमीटर तक गया और पैराशूट की मदद से सफलतापूर्वक लैंड हुआ।
पांच किलो वजनी रॉकेट की लांचिंग भले ही डेमो थी लेकिन इसने एक अलग ही रोमांच और अनुभव दिया। रॉकेट कंपनी के इंजीनियर कनिका अग्रवाल, सचिन शर्मा और गौरव निशांत ने तैयार किया था, जो यहां मौजूद रहे।
उधर ‘टेक्नेक्स’ में चल रहीं प्रतियोगिताओं के फाइनल राउंड रविवार को हुए। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
मिनी हैलीकॉप्टर और एयरक्रॉफ्ट का रोमांच
मिनी हैलीकॉप्टर और एयरक्रॉफ्ट
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी बीएचयू के ‘टेक्नेक्स 2017’ के अंतर्गत रविवार को जिमखाना में हुए एयर-शो में एयरक्रॉफ्ट्स ने उड़न भरा।
पर्यावरणविद व आईआईटी के प्रोफेसर प्रो. वीरभद्र मिश्र की याद में आईआईटी के एयरोमॉडलिंग क्लब के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार छोटे एयरक्राफ्ट्स ने हैरतअंगेज कारनामों से रोमांचित किया।
शम्स अहमद ने खुद के बनाए 3.2 सीसी के डीजल इंजन प्लेन और 7.5 सीसी के नाइट्रो इंजन प्लेन से आसमां में करतब दिखाए। सौरभ तिवारी ने ऑक्टाकॉप्टर और क्वाड कॉप्टर उड़ाकर रोमांचित किया।
भोपाल के एयरो मॉडलिंग क्लब के तन्मय अग्रवाल ने 60 सीसी नाइट्रो इंजन प्लेन उड़ाकर होवरिंग व हैरियर्स जैसे करतब दिखाए। ये प्लेन हैलीकॉप्टर का प्रोटोटाइप था, जिसे काफी सराहा गया।
डीसी डिजाइन के जनक दिलीप छाबड़िया का व्याख्यान
technex-2017
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले मॉडिफाइड कार बनाने वाले डीसी डिजाइन के जनक दिलीप छाबड़िया का व्याख्यान हुआ। छात्रों से कहा कि नई तकनीक के आविष्कार और उपयोग पर ही उनका फोकस हो।
शाम को सैमसंग के आरएंडडी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बालाजी होलुर का व्याख्यान हुआ।
स्टार्ट अप फेयर में प्रदेश सरकार के विशिष्ट सचिव जीएस नवीन कुमार, पेंटियम के जनक विनोद धाम ने युवा उद्यमियों को स्टार्ट अप की बारीकियों से रूबरू कराया। कार्यक्रमों का संयोजन डॉ. आरएस सिंह, डॉ. एमजेड खान, ओंकार जादव, गोपाल गर्ग, प्रखर रस्तोगी आदि ने किया।