वाराणसी के शिवपुर थाना अंतर्गत सरसौली में रविवार की शाम छात्रा के साथ छेड़खानी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। सूचना पाकर पहुंची पुलिस के पहले ही मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले मौके से भाग निकले। पथराव में तीन छात्रों को चोट आई है।
पुलिस के अनुसार माहौल पूरी तरह सामान्य है और माहौल खराब करने वाले यूपी कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। उन्हें चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। सरेराह हुई मारपीट और पथराव के कारण मौके पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
सरसौली के समीप घर जा रही एक छात्रा के साथ कुछ युवकों ने छेड़खानी की। छात्रा के विरोध करने पर भी मनबढ़ युवक मान नहीं रहे थे तो नरायनपुर गांव के लोग सामने आ गए। इससे गुस्साए मनबढ़ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया।
इसी बीच मनबढ़ युवकों के समर्थन में उनके दोस्त भी हॉकी-डंडा और रॉड लेकर मौके पर आ गए। इसके साथ ही ग्रामीणों से मारपीट शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने सौ नंबर पर सूचना दी तो मौके पर पुलिस पहुंची लेकिन मारपीट और पथराव करने वाले मौके से भाग निकले थे।