एक लीटर दूध पानी में मिलाकर 81 बच्चों में बांटा गया
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र जिले के चोपन ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सलईबनवा में एमडीएम में एक लीटर दूध में पानी मिलाकर 81 बच्चों को बांटने के मामले मेेंं कार्रवाई हो गई। तैनात प्रभारी प्रधानाध्यापक श्लेष कुमार कन्नौजिया को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षामित्र जितेंद्र कुमार को दोषी पाते हुए उसकी संविदा समाप्त करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही पर्यवेक्षणीय दायित्व में लापरवाही पर खंड शिक्षाधिकारी मुकेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट बेसिक शिक्षा निदेशालय को भेजी गई है।
डीएम एस राजलिंगम ने शुक्रवार को कलेक्टे्रट में प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक विद्यालय सलईबनवां में मिड-डे-मील योजना के अंतर्गत दूध में ज्यादा मात्रा में पानी मिलाकर बच्चों को वितरित करने की शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कमेटी गठित की गई।
जांच कमेटी द्वारा यह आख्या दी गई कि बुधवार को शिक्षामित्र जितेंद्र कुमार द्वारा दूषित मानसिकता से मिड-डे-मील वितरण के लिए निर्धारित समय से पूर्व ही विधि-विरुद्ध बच्चों को दूध देने का कार्य किया गया। बल्कि विद्यालय के मिड-डे-मील के प्रभारी श्लेष कुमार कन्नौजिया जिन्हें सम्बद्ध किया गया, वह और दूध लाने की बात कहकर विद्यालय से निकले थे।