आरोप है कि शिक्षिका बच्चे को दूसरे कमरे में ले गई जहां उन्होंने गैस लाइटर से चाकू गर्म कर उसके निजी अंग को दाग दिया। साथ ही बच्चे के साथ मारपीट भी की गई। आरोप के अनुसार, दोबारा ऐसी गलती होने पर और बुरा हाल करने की धमकी भी दी गई। घर पहुंचने पर बच्चे ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना की जानकारी होने के बाद उन्होंने शिक्षिका से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षिका ने फोन रिसीव नहीं किया। बाद में स्कूल की प्रिंसिपल से बात की।
आरोप है कि प्रिंसिपल ने सहयोग करने के बजाय धमकी भरा जवाब दिया। स्कूल पहुंचने पर भी प्रिंसिपल और प्रबंधक ने किसी प्रकार की सहायता करने से इन्कार कर दिया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रिंसिपल हेमलता सिंह, शिक्षिका प्रीति कुशवाहा और अज्ञात प्रबंधक के खिलाफ धमकी, मारपीट और झुलसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। चिकित्सकों से भी बातचीत की गई है।
पूरे प्रकरण में एसीपी कैंट से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस की एक टीम स्कूल में भी जांच के लिए पहुंची थी। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। - प्रमोद कुमार, डीसीपी वरुणा जोन