फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi News: सड़क किनारे खत्म होगा तारों का जाल, भूमिगत होंगे केबल; लगेगा वायर कवरिंग बॉक्स

Sat, 14 Mar 2026 09:23 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी में अंडरग्राउंड ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और यूटिलिटी डक्ट का एजेंसियां उपयोग करेंगी। सड़क किनारे इधर-उधर फैले तारों को छिपाने के लिए वायर कवरिंग बॉक्स लगाए जाएंगे। इससे कई इलाकों को केबल मुक्त बनाया जाएगा।
विज्ञापन
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Varanasi News: शहर की सुंदरता और ऐतिहासिक स्वरूप को प्रभावित कर रहे बिजली और इंटरनेट के बेतरतीब तारों के जाल से जल्द ही काशी को मुक्ति मिलने वाली है। नगर निगम प्रशासन ने शहर को केबल मुक्त और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर में सेवाएं दे रही प्रमुख टेलीकॉम और केबल कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

विज्ञापन


बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल जैसी बड़ी कंपनियों ने शहर को तारों के मकड़जाल से मुक्त कराने के लिए अपनी सहमति दे दी। नगर निगम के इस प्रयास को कंपनियों ने भी सकारात्मक बताया और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए इसे जरूरी कदम माना।

बैठक में हुुई विभिन्न मसलों पर चर्चा

बैठक के दौरान केबल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने यह भी स्वीकार किया कि सड़कों और गलियों में फैले बिजली और इंटरनेट के उलझे हुए तारों का जाल काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के सामने शहर की नकारात्मक छवि पेश करता है। खासकर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक नगरी होने के कारण शहर की सुंदरता और व्यवस्था को बनाए रखना बेहद आवश्यक है।

नगर निगम ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) की सुविधा पहले से उपलब्ध है, वहां सभी कंपनियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें जमीन के नीचे स्थानांतरित करेंगी। इससे न केवल सड़कों और गलियों का दृश्य साफ-सुथरा होगा, बल्कि तकनीकी रूप से भी नेटवर्क अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो जाएगा।

बार-बार खोदने की समस्या नहीं होगी

इसके अतिरिक्त, सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाए गए यूटिलिटी डक्ट का भी इस्तेमाल केबल बिछाने के लिए किया जाएगा। इन डक्ट के माध्यम से विभिन्न कंपनियों की केबलों को व्यवस्थित तरीके से जमीन के नीचे रखा जाएगा, जिससे बार-बार सड़क खोदने की समस्या भी कम होगी।

खंभों पर लटकते तारों के गुच्छों को व्यवस्थित करने के लिए एयरटेल की ओर से एक विशेष वायर कवरिंग बॉक्स का मॉडल भी प्रस्तुत किया गया। इस बॉक्स में तारों को सुरक्षित ढंग से रखा जाएगा, जिससे वे खुले में लटकते हुए दिखाई नहीं देंगे और दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
विज्ञापन

शहरवासियों से अपील

नगर निगम के अनुसार इस योजना का प्रथम चरण शहर के प्रमुख मार्गों पर लागू किया जाएगा। इसमें लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे महत्वपूर्ण रास्ते शामिल हैं। इन मार्गों पर सबसे पहले वायर कवरिंग बॉक्स लगाए जाएंगे। यदि यह प्रयोग सफल रहा तो इसे चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा।

वहीं मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग और संकरी गलियों में, जहां बिजली के खंभे मौजूद नहीं हैं, वहां अलग व्यवस्था की जाएगी। इन इलाकों में स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर विशेष क्लैंप लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से तारों को कसकर व्यवस्थित किया जाएगा।

नगर निगम प्रशासन ने इस कार्य को सफल बनाने के लिए शहरवासियों से भी सहयोग की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से काशी को साफ, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप दिया जा सकता है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के सामने शहर की सकारात्मक छवि प्रस्तुत होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें