वाराणसी। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बृहस्पतिवार को आदमपुर थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र के अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्देश दिया। खास करके हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी तेज करने और संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद स्थापित को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई, आगंतुक रजिस्टर, सभी अभिलेखों, साफ-सफाई आदि का हाल जाना।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने थानेदार सहित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में पिकेट और गश्त की व्यवस्था हो। महिला अपराध मामलों में त्वरित जांच कर कार्रवाई की जाए। थाना क्षेत्र में अवैध स्टैंड और अतिक्रमण का सफाया होना चाहिए। आमजन की सुरक्षा और व्यवस्था के साथ ही सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ाएं। साइबर अपराध मामलों में मुकदमा दर्ज करते हुए साइबर सेल या साइबर थाने भिजवाएं। रोजाना एक घंटे क्षेत्र में गश्त करते हुए आमजनों की शिकायतों और उनके सुझाव को सुनें और समझें। जनसुनवाई को प्राथमिकता पर रखें। निरीक्षण में डीसीपी काशी आरएस गौतम, एडीसीपी काशी राजेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।