काशी सांसद खेलकूद में ताइक्वांडो प्रतियोगिता मंगलवार को सिगरा स्टेडियम में संपन्न हुई। इसमें जिला ताइक्वांडो संघ वाराणसी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 49 पदक अर्जित कर जनपद का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में वाराणसी के खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए 19 स्वर्ण, 13 रजत एवं 17 कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिला ताइक्वांडो संघ, वाराणसी के अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह कोषाध्यक्ष अमित जायसवाल सचिव चंद्रभान पटेल ने खिलाड़ियों को बधाई दी।
सनबीम स्कूल सारनाथ में चार दिवसीय सांसद खेलकूद कराटे प्रतियोगिता के अंतिम दिन अंडर-16 और 18 आयुवर्ग की प्रतियोगिता हुई। इसके बालिका वर्ग में 17 स्वर्ण और बालक वर्ग में 16 स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला हुआ। मुख्य अतिथि हर्ष मधोक ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। बालक बालिका वर्ग में 460 खिलाड़ियों ने प्रतिभा किया। संचालन महासचिव जिला कराटे संघ दिलीप सैनी और टूर्नामेंट डायरेक्टर शोभनाथ पटेल मौजूद थे।
गुरुनानक स्कूल में रस्सीकूद प्रतियोगिता
वाराणसी। गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर में जिला रस्सी कूद प्रतियोगिता हुई। रोप स्किपिंग एशोसिएशन के तत्वावधान में इस प्रतियोगिता में सैकड़ों प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्कूल की निदेशक दलजीत कौर और खंड शिक्षाधिकारी राम पूजन पटेल खेल शुरू कराया। बुधवार को अंडर-11-14 और अंडर-15-18 आयुवर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। संचालन सीमा गुप्ता, निर्णायक संजय तिवारी रहे। संवाद