मिस्टर 360 के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव ने 8 मैच में 199 रन बनाए। अमेरिका के खिलाफ 12 जून को सुपर-8 के मैच में 110 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय भारत का स्कोर 3 विकेट पर 44 रन था। सूर्यकुमार ने चौथे विकेट के लिए शिवम दुबे के साथ 67 रन की विजयी साझेदारी की। इससे भारत 7 विकेट से मैच जीतने में कामयाब रहा। सूर्यकुमार ने जहां नाबाद 50, शिवम ने नाबाद 31 रन बनाए।
इसके बाद 20 जून को अफगानिस्तान केे खिलाफ पहली पारी में एक समय भारतीय टीम 90 रन पर चार विकेट गंवा बैठी थी। लेकिन सूर्यकुमार ने लगातार दूसरा अर्धशतक बनाकर हार्दिक पंड्या (32) के साथ 5वें विकेट के लिए 37 गेंद में 60 रन की साझेदारी की। इससे भारत 181 रन का स्कोर बनाने में कामयाब रहा।
जवाब में अफगानिस्तान 134 पर ऑलआउट हो गया और भारत ने 47 रन से जीत दर्ज की। 27 जून को इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने उनके साथ तीसरे विकेट के लिए 50 गेंद में 73 रन की साझेदारी की। इससे टीम सात विकेट पर 171 रन बनाने में कामयाब हुई। सूर्यकुमार ने 36 गेंद में 47 रन बनाए।
शिवम दुबे का प्रदर्शन कई बार फीका रहा लेकिन, उन्होंने लगातार छोटी-छोटी पारियों से खुद को उपयोगी बनाए रखा। टूर्नामेंट में 132 रन बनाने वाले शिवम 22 जून को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में 108 रन पर चौथा विकेट गिरने के बाद मैदान पर उतरे और हार्दिक पंड्या के साथ 53 रन की साझेदारी की। इस दौरान 24 गेंद में 34 रन बनाए। इससे भारत ने 196 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बांग्लादेश 146 रन ही बना सका और भारत ने 50 रन से मैच जीता।
फाइनल में भी उन्होंने विराट कोहली के साथ पांचवें विकट के लिए 57 रनों की साझेदारी की। इस दौरान 16 गेंद में 3 चौके और 1 छक्का लगाकर 27 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली।