वाराणसी के रोहनिया-शहावाबाद जीटी रोड पर गुरुवार को सुबह 8 बजे वाराणसी से मोहनसराय की तरफ जा रहे ऑटो को पीछे से स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। इससे सवारी भरा ऑटो सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गया। ऑटो सवार बीकापुर निवासी धरमू पटेल, चांदपुर निवासी राम अचल सिंह सहित 10 से ज्यादा की संख्या में लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कैंट से ऑटो सवारी लेकर राजातालाब के लिए जा रहा था। इसी दौरान शहावाबाद में तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार ने ऑटो के पीछे से टक्कर मार दी, और कार डिवाइडर से टकरा गई।
मौके से कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। टक्कर लगने से ऑटो जीटी रोड के किनारे गड्ढे में पलट गया। इससे लगभग आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।