वाराणसी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में स्वेटर का इंतजार कर रहे बच्चों के लिए राहत की खबर है। देर से ही सही विद्यालयों में इसका वितरण चार नवंबर यानी सोमवार से कराया जाएगा। विभाग की ओर से प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयाें में बनाई गई सूची के अनुसार इस बार 1, 70, 746 बच्चों में इस बार स्वेटर का वितरण होगा।
सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को जूते, ड्रेस के साथ ही हर साल जाड़े में स्वेटर देने की व्यवस्था है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जिलेवार वितरण की तिथि 15 अक्तूबर तक ही रखी गई थी, लेकिन खरीदारी की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाने के कारण इस बार देरी हुई। इस बारे में पूछे जाने पर बीएसए जय सिंह ने बताया कि जेम पोर्टल से खरीदारी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्वेटर आ गए हैं। शनिवार तक वितरण की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार से इसका वितरण शुरू करा दिया जाएगा। दस नवंबर तक जिले के सभी विद्यालयों में बच्चों को स्वेटर मिल जाएंगे।