कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विकास भवन स्थित सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण कर अधिकारियों, कर्मचारियों की उपस्थिति भी परखी। इसके अलावा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट गोइठहां का निरीक्षण कर यहां की व्यवस्थाएं भी जानी। जल संस्थान भेलूपुर का भी निरीक्षण कर महाप्रबंधक से कहा कि लखनऊ की कठौता झील की तर्ज पर यहां भी वैसी ही झील बनायी जाय और गंगा जल व वर्षा जल एकत्रित किया जाय।
इस दौरान उन्होंने जल संस्थान के शोधित जल को गिलास में लेकर स्वयं ग्रहण किया। इसके अलावा साधन सहकारी समिति बरियासनपुर और चिरईगांव विकासखंड क्षेत्र के सीवों में गो आश्रय केंद्र, आगनवाड़ी केंद्र एवं प्राथमिक विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय का भी निरीक्षण किया। गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के महाप्रबंधक एवं अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि नालो के बीच-बीच में ही इस प्रकार के अवरोधक लगाए जाएं, ताकि प्लास्टिक के वस्तुओं को रोका जा सके।
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मलदहिया मलिन बस्ती में भ्रमण कर वहां रह रहे लोगों से उनका कुशलक्षेम पूछा। मलिन बस्ती के बुजुर्ग दलित से उनका हालचाल पूछे जाने के दौरान मंत्री ने उनके माल्यार्पण कर सम्मानित भी किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने पेयजल, सीवर एवं सफाई व्यवस्था को सुचारू रूप से सुनिश्चित कराए जाने का निर्देश दिया। इससे पहले मलदहिया चौराहे पर लगे लौह पुरुष बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की।
चिरईगांव ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नरपतपुर में बुधवार को कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने आधुनिक लैब का उद्घाटन किया। लैब के शुरू होने के बाद अब ग्रामीण इलाकों के लोगों को खून की जांच के लिए शहर के अस्पताल में नहीं आना पड़ेगा। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल, सीएमओ डा. संदीप चौधरी सीएचसी नरपतपुर के अधीक्षक डा. राजनाथ, चिरईगांव के प्रभारी डा. अमित सिंह आदि लोग मौजूद रहे।