प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने स्वच्छता और नदी संरक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से कराए गए स्वच्छ सर्वेक्षण-2025-2026 के तहत 'बेस्ट रिवर फ्रंट टाउन श्रेणी में वाराणसी नगर निगम को देश में तृतीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस प्रतिष्ठित सर्वेक्षण में देश भर के सभी नदियों वाले शहरों ने प्रतिभाग किया था, जिनमें से बनारस को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया।
बता दें कि गंगा टाउन अवॉर्ड वर्ष 2020 से शुरू हुआ था। इसमें वर्ष 2020 में काशी को पहला स्थान मिला था। इसके बाद वर्ष 2021 में भी पहला स्थान मिला था। वर्ष 2022 में दूसरा स्थान, 2023 में पहला स्थान और वर्ष 2024-25 में दूसरा स्थान मिला था। अबकी बार तीसरा स्थान मिला है।
बेस्ट रिवर टाउन सर्वेक्षण में काशी का देश के शीर्ष तीन शहरों में शामिल होना हर बनारसी के लिए गर्व का क्षण है। यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। इसका श्रेय हमारे दिन-रात मेहनत करने वाले सफाई मित्रों और जागरूक नागरिकों को जाता है। - अशोक कुमार तिवारी, मेयर
गंगा घाटों की अविरलता और स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। देश भर नदियों वाले शहरों के बीच में स्थान पाना हमारी टीम की दिन-रात की मेहनत और आधुनिक स्वच्छता प्रबंधन का नतीजा है। हम आने वाले समय में तकनीक और जनसहभागिता के बल पर स्वच्छता के मानकों को और बेहतर करेंगे। - हिमांशु नागपाल, नगर आयुक्त
स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन में तीसरा स्थान मिलने पर सीएम योगी ने काशीवासियों को दी बधाई
स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26 में वाराणसी को स्वच्छ रिवरफ्रंट टाउन श्रेणी में तीसरा स्थान मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशीवासियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश स्वच्छता के प्रति संकल्पबद्ध होकर आगे बढ़ रहा है।
काशी की इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने नगरवासियों की जागरूकता, नगर निगम कर्मचारियों के अथक प्रयास, स्वच्छता स्वयंसेवकों के समर्पण और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी को दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भी शुभकामनाएं दीं।