सोनभद्र जिले के म्योरपुर वन रेंज काचन गांव से सटे खाटाबरन जंगल के कंपार्ट संख्या आठ में बेशकीमती पेड़ों की अवैध कटान के मामले में वन रेंजर समेत तीन लोगों को निलंबित कर दिया गया। म्योरपुर रेंज का अतिरिक्त प्रभार अनपरा के रेंजर को दे दिया गया।
पिछले सप्ताह भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य चांद प्रकाश जैन की शिकायत पर शासन ने लखनऊ से नोडल अधिकारी मुख्य वन संरक्षक पंकज मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम खाटाबरन जंगल के कंपार्ट संख्या आठ में पेड़ों की अवैध कटान की जांच के लिए भेजी थी। टीम ने कुछ जगहों पर खुद जांच की और पांच टीमों से जांच भी कराई।
टीम ने रिपोर्ट तैयार कर शुक्रवार की शाम प्रधान मुख्य वन संरक्षक को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट में वन रेंजर शहजादा इस्माइलुद्दीन, वन दरोगा विशंभर पटेल और वनरक्षक अरविंद तिवारी की लापरवाही सामने आई। टीम में मुख्य वन संरक्षक प्रयागराज राजीव मिश्रा, वाराणसी के एसडीओ दिनेश कुमार सिंह तथा सोनभद्र डीएफओ संजीव सिंह शामिल थे। रेणुकूट वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि उच्चस्तरीय टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से ही म्योरपुर के रेंजर समेत तीन लोगों के निलंबन की कार्रवाई की गई है।