प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ पर अभद्र टिप्पणी करने और किसान से घूस मांगने के आरोपी साधन सहकारी समिति के निलंबित सचिव भोला यादव को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इस मामले में वाराणसी पुलिस ने 12 दिन पहले मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं निलंबित सचिव द्वारा आदेश के बावजूद कार्यभार न सौंपने पर हिरामनपुर समिति सील कर दी गई। फूलपुर निवासी किसान ओमप्रकाश सिंह ने एडीओ सहकारिता अवधेश सिंह से सचिव द्वारा घूस मांगने और सीएम और पीएम पर अभद्र टिप्पणी करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने तहरीर पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तहत सचिव भोला यादव निवासी चौकी गजोर तरवा, आजमगढ़ को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एडीओ पंचायत एके सिंह ने बताया कि सचिव पर कार्रवाई होने पर हिरामनपुर समिति को सील कर दी गई है। बताया कि इस समिति से संबद्ध किसान फूलपुर स्थित साधन सहकारी समिति से खाद व बीज की खरीदारी कर सकते हैं।