पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा से पहले नकल के खेल का पुलिस ने भंड़ाफोड़ किया है। आजमगढ़ में पुलिस ने पुलिस भर्ती परीक्षा पास कराने का 60 हजार रुपये में ठेका लेने के आरोप में शनिवार को विश्वा कोचिंग के मालिक शिवचरन विश्वकर्मा और अध्यापक रविकांत पांडेय को शहर के ब्रह्मस्थान मुहल्ले में छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
इनके पास से तीन मोबाइल, पांच हजार रुपये, 20 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र मिले हैं। दोनों ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से चार घंटा पहले मोबाइल पर पूरा प्रश्नपत्र हल कर उपलब्ध कराने का दावा किया था।
एसपी सिटी सुभाषचंद्र गंगवार ने बताया कि सर्विलांस के जरिए सूचना मिली थी कि शहर के ब्रह्मस्थान मुहल्ले में कोचिंग संचालक शंभूपुर गांव निवासी शिवचरन विश्वकर्मा और भूवनपुर गांव निवासी अध्यापक रविकांत पांडेय छात्रों को पुलिस भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए 60 हजार रुपये में ठेका ले रहे हैं।
इन दोनों का कहना था कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परीक्षा प्रवेश पत्र की फोटो कापी और कुछ रुपये जमा कर दीजिए। शेष रकम परीक्षा पास होने के बाद ही ली जाएगी।
इस प्रकार इन सभी ने 20 लोगों को ठगा है। इस पर शनिवार को पुलिस टीम ने कोचिंग सेंटर पर छापेमारी कर कोचिंग संचालक शिवचरन और अध्यापक रविकांत को गिरफ्तार कर लिया।