हैदराबाद और बंगलूरू के लिए भी यात्रियों को अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। आम दिनों में हैदराबाद का हवाई किराया पांच से छह हजार रुपये के बीच होता है, जो फिलहाल बढ़कर करीब 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, बंगलूरू का किराया भी बढ़कर अधिकतम करीब 16 हजार रुपये तक पहुंच गया है।
त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में दूसरे शहरों में रहने वाले लोग अपने घर लौटते हैं। इसके बाद त्योहार खत्म होने पर वापसी की भीड़ बढ़ जाती है। दिवाली और छठ पूजा के दौरान पूर्वांचल आने वाले यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए कई यात्रियों ने पहले से ही टिकटों की बुकिंग करा ली है।
सीटों की उपलब्धता लगातार कम होने के कारण विमानन कंपनियों की उड़ानों में किराये में इजाफा हुआ है। आने वाले दिनों में मांग बढ़ने के साथ हवाई किराये में और बढ़ोतरी की संभावना से यात्री परेशान हैं। कम समय में यात्रा की जरूरत वाले यात्रियों के लिए अब हवाई सफर काफी महंगा पड़ रहा है।