लोक निर्माण एवं सिंचाई राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने वरुणा कॉरीडोर में आने वाली सभी अड़चनाें को दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने वीडीए और नगर निगम के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी सूरत में वरुणा में अवैध निर्माण नहीं होने चाहिए। जो अवैध निर्माण नदी की जद में आ रहे हैं उसे हटाया जाए।
लोक निर्माण राज्य मंत्री शनिवार को सर्किट हाउस में वीडीए, सिंचाई विभाग और निगम के अधिकारियों के साथ वरुणा कॉरीडोर समेत अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिकायत मिल रही है कि अभी चोरी छिपे छोटे वाहनों से कूड़े काे नदी किनारे फेंका जा रहा है। इस पर अंकुश लगाया जाए। वरुण नदी के कचहरी स्थित शास्त्रीघाट से चौकाघाट पुल तक 250 मीटर क्षेत्र में चल रहे कार्य को 10 दिनों में पूरा कराये जाने की समय सीमा तक की।
पांच मई को स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने वरुणा में जहां कार्य नहीं हो रहे है वहॉ बंधा बनाकर ज्ञानपुर नहर कैनाल से पानी भरवाये जाने, चित्तईपुर से करौदी मार्ग के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द कराने, सुसुवाही से अखरी पंचक्रोसी मार्ग को सीसी बनाये जाने का निर्देश दिया। राजातालाब-जक्खिनी रेलवे क्रासिंग तक 75 किमी के पंचक्रोसी मार्ग पर जहां-जहां कटस्टोन है वहां पर पांचों पड़ावो तथा इस मार्ग पर जहां- पानी लग रहे हों वहां सीसीरोड एवं केसी ड्रेन के निर्माण के लिए निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही, सचिव वीडीए एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।