वाराणसी। हफ्ते भर बाद बुधवार को शहर के लोगों को कोल्ड फ्रंट के कहर से राहत मिली। सुबह खिली धूप ने पूरे दिन अपनी तपिश का अहसास कराया। मौसम खुशगवार होने की वजह से साल के अंतिम दिन लोगों ने
अपनी छुट्टियों का भरपूर लुत्फ उठाया। बाजार में आम दिनों से कहीं ज्यादा रौनक और चहल-पहल भी रही। दोपहर में धूप में थोड़ी गुनगुनी रही मगर शाम होते-होते ठंड ने शहर को अपनी आगोश में ले लिया।
मौसम कार्यालय की मानें तो अगले एक हफ्ते तक सुबह धुंध और कोहरा छाया रहेगा। अधिकतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि न्यूनतम तापमान पांच से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बुधवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 6.8 डिग्री सेल्सियस
रहा। मौसम विज्ञानियों की मानें तो अगले दो-तीन दिन में मौसम एक बार फिर करवट लेगा। हवाओं में तेजी रहेगी, जिससे शीतलहर की एक बार फिर वापसी होगी। उधर, मौसम ने बुधवार को भले ही थोड़ी राहत पहुंचाई मगर बीते दिनों में कम दृश्यता के चलते यातायात सेवाओं पर जो असर पड़ा
है उसके पटरी पर आने में अभी और वक्त लगेगा। बुधवार को भी अधिकांश ट्रेनें अपने तय समय से चार से आठ घंटे देर से आईं। उड़ान सेवाओं पर भी मौसम का कहर जारी रहा। सुबह दिल्ली में धुंध होने की वजह से दिल्ली-वाराणसी उड़ान पर इसका असर दिखा। ज्यादातर उड़ानें अपने तय समय से एक से दो घंटे देर से वाराणसी पहुंचीं।