वाराणसी के बलिया में शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस कर एक कनिष्ठ लिपिक की मौत हो गई। लिपिक शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरपुर मिढ्ढी में एक किराए के कमरे में रह रहा था। वह गन्ना विभाग में कार्यरत था। सूचना मिलने पर मौके पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग कैसे लगी, इसकी जांच-पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के कोचवा गांव का निवासी साजन कुमार (35) गन्ना विभाग में कनिष्ठ लिपिक थे। वह हरपुर मिड्ढी में किराए के कमरे में अकेले रहते थे। शुक्रवार की रात आसपास के लोगों की नजर उनके कमरे से निकलते धूएं पर पड़ी तो खलबली मच गई।
लोग पहुंचे तो अंदर कर्मचारी जला पड़ा था। पड़ोसियों की सूचना पर चौकी प्रभारी कमलेश पाठक तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। छानबीन के बाद घटना से परिजनों को अवगत कराने के साथ ही पुलिस ने शव को कब्जा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।