जिले के 103 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने 100 से अधिक शिक्षकों को वोट दिया। सामान्य चुनाव की तरह की वोटिंग प्रक्रिया में शामिल छात्र इस पहल को लेकर बहुत उत्साहित दिखे। बुधवार को दोपहर 1.15 बजे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शिक्षकों को सम्मानित करेंगे। अमर उजाला की ओर से पहली बार शुरू इस तरह की मुहिम में 60 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने ऑनलाइन वोटिंग कर प्रिय शिक्षकों का चुनाव किया। जिन विद्यालयों में मतदान कराया गया है, बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में शिक्षकों के साथ ही प्रधानाचार्य भी सम्मानित किए जाएंगे।
19 अगस्त से शुरू हुई प्रक्रिया में स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की तो विद्यालय के प्रधानाचार्यों का भी पूरा सहयोग मिला। बुधवार को डिप्टी सीएम जिन शिक्षकों को सम्मानित करेंगे, उसमें 40 से अधिक महिलाएं शामिल हैं। विद्यार्थियों ने ऑनलाइन कंप्यूटर, लैपटॉप और स्मार्ट फोन से प्रिय शिक्षक के पक्ष में वोट किया। कई स्कूलों से विद्यार्थियों ने इस तरह की वोटिंग की थी कि प्रिय शिक्षकों का चुनाव करना बहुत कठिन रहा।