बीएचयू में फीस वृद्धि को लेकर छात्रों ने बुधवार को केंद्रीय कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। छात्र कुलपति को ज्ञापन सौंपना चाह रहे थे। छात्रों ने आवास की तरफ जा रहे कुलपति का घेराव किया। सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह वीसी को छात्रों की भीड़ से बाहर निकाला। सुरक्षाकर्मियों और छात्रों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। विरोध में छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय पर रखे गमले को तोड़ दिया। आरोप है कि वीसी की गाड़ी का शीशा तोड़ने का भी प्रयास किया गया।
स्नातक में फीस वृद्धि के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर छात्र केंद्रीय कार्यालय में कुलपति से मिलने पहुंचे थे। जब उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया गया तो चैनल गेट बंद कर छात्र धरने पर बैठ गए। दोपहर में जैसे ही कुलपति बाहर निकले तो छात्रों ने नारेबाजी शुरू कर दी। विरोध में कुछ छात्र कुलपति की गाड़ी के आगे लेट गए और उन्हें जाने से रोक दिया। सुरक्षाकर्मियों ने छात्रों को हटाने का प्रयास किया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के साथ मारपीट का आरोप लगाया। छात्रों ने पिटाई का आरोप लगाया। सुरक्षाकर्मियों ने हमला करने का आरोप लगाया। बताया कि छात्रों की पिटाई से कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए हैं।
फीस वृद्धि का विरोध करने वाले छात्रों से बातचीत की गई, लेकिन वह उग्र हो गए और धक्कामुक्की व हाथापाई करने लगे। सुरक्षाकर्मी और प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य घायल हुए हैं। वीसी की गाड़ी पर गमला फेंकने का प्रयास किया। घटना की सीसीटीवी फुटेज दिखवाई जा रही है। नियमानुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। - प्रो. बीसी कॉपरी, चीफ प्रॉक्टर, बीएचयू