वाराणसी। छात्र-छात्राएं यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही अपने अभिभावकों और परिचितों को भी प्रेरित करें। यह बातें शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एक स्कूल में छात्र-पुलिस संवाद कार्यक्रम में कहीं। एडीजी यातायात के सत्यनारायण ने सड़क हादसे के बाद गोल्डन आवर के महत्व और गुड-सेमेरिटन कानून (घायल की मदद करने वालों को कानूनी संरक्षण) की जानकारी दी। पुलिस आयुक्त ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें। ट्रैफिक संकेतों और सिग्नलों का सम्मान करें। नशे में वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें। तेज गति में वाहन न चलाएं और स्टंट ड्राइविंग न करें। क्विज प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने वाले देव व अहान को प्रथम, पीयूष व लकी को द्वितीय और अब्दुल व सिद्धांत को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) डॉ. एस चन्नप्पा, पुलिस उपायुक्त (यातायात) अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) राजेश कुमार पांडेय और यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
विज्ञापन
तेज गति में चलने वाले वाहन पकड़े जाएंगे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और एडीजी यातायात के सत्यनारायण ने तेज गति में चलने वाले वाहनों को चिह्नित कर कार्रवाई करने के लिए एक इंटरसेप्टर इनोवा और चार इंटरसेप्टर बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा यातायात पुलिस कर्मियों को गर्मी को देख बैट्री ऑपरेटेड एसी हेलमेट प्रदान किया गया।