बीएचयू कैंपस में जाते छात्र- छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
बीएचयू में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब बेहतर प्रदर्शन पर एकेडमिक एक्सीलेंस अवाॅर्ड से नवाजा गया। विद्या परिषद की बैठक में इसकी मंजूरी मिलने के बाद विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें यूजी और पीजी के पाठ्यक्रमों में 8.5 सीजीपीए/80 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थियों को यह अवाॅर्ड दिया जाएगा। इसके लिए किसी तरह का आवेदन नहीं मांगा जाएगा बल्कि अवाॅर्ड के लिए विद्यार्थियों का चयन संबंधित फैकल्टी सदस्य की ओर से परीक्षा नियंता कार्यालय के रिकॉर्ड के आधार पर किया जाएगा।
विश्वविद्यालय में ग्रेडिंग सिस्टम लागू किया गया है। जो अवाॅर्ड दिए जाएंगे, उनमें ईवेन (सम-सेमेस्टर) सेमेस्टर में 8.5 सीजीपीए विद्यार्थियों को पाना अनिवार्य होगा। इस अवाॅर्ड के दायरे में बैक पेपर वाले विद्यार्थियों को नहीं शामिल किया जाएगा।
पुरस्कार के लिए नाम चयनित करने के समय अच्छा व्यवहार और अनुशासन की भी रिपोर्ट ली जाएगी। असिस्टेंट रजिस्ट्रार परीक्षा अजय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अंतिम वर्ष के जो छात्र चयनित किए जाएंगे, उनको दिसंबर में होने वाले दीक्षांत समारोह के समय सम्मानित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा।