भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दी तहरीर
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल के नेतृत्व में कचहरी पुलिस चौकी पहुंचे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर दी। कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने जान से मारने की नीयत से भाजपा सांसद प्रताप सारंगी को धक्का दिया। मारपीट, अराजकता व भय का वातावरण बनाने की कोशिश की गई। अनूप ने कहा कि कांग्रेस संसद भवन में गुंडागर्दी पर उतारू है।
राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करने पर जताया विरोध
राहुल गांधी पर मुकदमा दर्ज करने के विरोध में कांग्रेसजनों ने शुक्रवार को कचहरी के डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर जिला मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल व महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। कहा कि राहुल गांधी ने धक्का मुक्की की है तो संसद भवन के चप्पे चप्पे पर कैमरा लगा है उसकी जांच हो व फुटेज को सार्वजनिक किया जाए।
गृहमंत्री ने नहीं किया अपमान
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान तो किया नहीं है कि विपक्ष इतना हंगामा कर रहा है। विपक्षी पार्टियां उस समय कहां रहती हैं जब रामचरितमानस का अपमान होता है। उक्त बातें विश्व हिंदू सेना और अखिल भारतीय हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (युवा) अरुण पाठक ने शुक्रवार को कहीं। अरुण पाठक ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री ने आंबेडकर के जरिए विपक्षी और वामपंथियों से खास अपील की है, जिसे समझने की जरूरत है।