कक्षा सात के छात्र को शिक्षिका ने पीटा, बेहोश
जौनपुर के महिमापुर पूर्व माध्यमिक विद्यालय का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालपुर (जौनपुर)। पूर्व माध्यमिक विद्यालय महिमापुर जलालपुर में बृहस्पतिवार को छात्रों के खेलते समय गेंद शिक्षिका के सिर में लग गई। नाराज शिक्षिका ने कक्षा सात के छात्र की पिटाई कर दी जिससे वह बेहोश हो गया। छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला मुख्यालय स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
जलालपुर कस्बा निवासी रचित अग्रहरी (13) पुत्र संजय अग्रहरी पूर्व माध्यमिक विद्यालय महिमापुर में कक्षा सात का छात्र है। रचित बृहस्पतिवार को दोपहर 2.30 बजे विद्यालय परिसर में अन्य छात्रों के साथ गेंद खेल रहा था। इसी दौरान गेंद कंप्यूटर लैब कीतरफ जा रही शिक्षिका के सिर में लग गई। आरोप है कि इससे गुसाई शिक्षिका ने रचित की पिटाई कर दी। सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गया। इसके बाद शिक्षकों ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर जौनपुर भेज दिया गया। आरोपी शिक्षिका ने अफसोस जताते हुए बताया कि क्लास रूम में अलमारी से बुक निकाल रही थी कि गेंद मेरी आंख के पास आकर लगी। मुझे गुस्सा आ गया और मैंने बच्चे को दो चार डंडे मार दिए। मुझे नहीं पता था कि उसे इतनी चोट लग जाएगी। इस संबंध प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नंदलाल का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारी को जांच के लिए कहा गया है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
---