बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के बाहर मौजूद पुलिस व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासनिक भवन के बाहर दाहिनी ओर सूर्य प्रताप सिंह और चांदमारी निवासी मंजीत चौहान के बीच कुछ देर बातचीत हुई थी। इसके करीब 10 मिनट बाद सूर्य प्रताप सामाजिक विज्ञान संकाय की सीढ़ियां चढ़कर गैलरी में पहुंचा था कि मंजीत ने .30 की पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली सूर्य के सीने में मारी और गाली दी। इसके बाद जब वह आगे की ओर भागा, तो आरोपी ने नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। दो गोलियां सीने में और दो सिर में मारी गईं। सूर्य औंधे मुंह फर्श पर गिर पड़ा।
यूपी कॉलेज में छात्र की हत्या के बाद जानकारी देता छात्र
- फोटो : अमर उजाला
इसके बाद आरोपी ने एक अन्य छात्र आकाश सिंह को पिस्टल लेकर दौड़ाया। आकाश किसी तरह भाग निकला। इसके बाद मंजीत चौहान ने सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में कूड़े के ढेर में पिस्टल फेंक दी और पहली मंजिल की छत से कूदकर भाग निकला। छात्रों का आरोप है कि वारदात स्थल से कुछ दूरी पर शिक्षक-छात्र खड़े थे लेकिन किसी ने सूर्य के पास जाने और उसे बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। साथी छात्रों ने लहूलुहान हालत में सूर्य को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राचार्य की सूचना पर शिवपुर, कैंट, लालपुर-पांडेयपुर, सारनाथ, रोहनिया समेत तीनों जोन के 15 से ज्यादा थानों की पुलिस पहुंच गई। ड्रोन कैमरे से भी परिसर में निगरानी की जा रही है। अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी, डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, डीसीपी गोमती आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू, एसीपी चेतगंज ईशान सोनी समेत कई अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
अधिकारी बोले
कॉलेज परिसर में छात्रों और प्रबंधन से वार्ता की गई। आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तारी के लिए टीमें दबिश दे रही हैं। बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर से शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
-मोहित अग्रवाल, पुलिस आयुक्त