जिले के कपसेठी थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव का युवक यूपी पुलिस भर्ती के तहत परीक्षा देने के लिए इंदौर से घर आया था। वह रेलवे ट्रैक पर ईयरफोन से गाना सुनते हुए जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
वाराणसी के कपसेठी रेलवे स्टेशन के पश्चिमी सिग्नल के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से स्नातक के एक छात्र की मौत हो गई। वह मोबाइल में ईयर फोन लगाकर गाना सुनते हुए रेल की पटरी के बीचोबीच चल रहा था। आशंका जताई गई है कि ईयर फोन के कारण छात्र को ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी होगी। स्थानीय लोगों से छात्र की मौत की सूचना पाकर कपसेठी थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं, युवक की मौत के बाद मालगाड़ी खड़ी हो गई। इसके चलते प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन को आधे घंटे आउटर सिग्नल के पास रुकना पड़ा और यात्री परेशान हुए।
विज्ञापन
यह है मामला
कपसेठी थाना क्षेत्र के रसूलहा गांव निवासी पप्पू पटेल इंदौर में रहते हैं। उनका इकलौता बेटा अंकित पटेल (24) वाराणसी स्थित एक कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। उत्तर प्रदेश पुलिस की सिपाही भर्ती की परीक्षा देने के लिए अंकित शनिवार की सुबह इंदौर से आया था।
बस से वह कपसेठी बाजार में उतरा और रेलवे ट्रैक के बीचोंबीच पैदल ही अपने घर जा रहा था। उसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। अंकित की मौत की सूचना पाकर उसकी मां समदेई देवी की हालत बेसुध जैसी थी।