मड़ियाहूं विधायक पुत्र के खिलाफ केस दर्ज होने पर लोग माने
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के जौनपुर में एक छात्र की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उंचनी कला गांव के नंदगंज चौराहे पर शुक्रवार की दोपहर 12.30 बजे विधायक लिखी तेज रफ्तार सफारी गाड़ी से कुचलकर साइकिल सवार छात्र शुभम यादव (15) की मौत हो गई।
वह हाईस्कूल की परीक्षा देकर जौनपुर से लौट रहा था। घटना के बाद गाड़ी में मौजूद अपना दल (स) से मड़ियाहूं की विधायक लीना तिवारी पुत्र सात्विक तिवारी साथ चल रही दूसरी गाड़ी से निकल भागे। इससे आक्रोशित लोगों ने सफारी में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
बाद में जौनपुर- मड़ियाहूं मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों के काफी समझाने के बाद भी लोग कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। शाम को विधायक पुत्र के खिलाफ केस दर्ज किए जाने पर 5 घंटे बाद रास्ता साफ हुआ। इस दौरान सपा के पूर्व सांसद तूफानी सरोज, पूर्व विधायक श्रद्धा यादव आदि भी मौजूद रहे।
कोतवाली क्षेत्र के कैलावर गांव निवासी अभय राज यादव का 15 वर्षीय पुत्र शुभम यादव जनक कुमारी इंटर कालेज जौनपुर में प्रथम पाली में अंग्रेजी की परीक्षा देकर साइकिल से घर वापस जा रहा था।
दोपहर साढ़े बारह बजे नंदगंज चौराहे पर तेज गति से आ रही सफारी गाड़ी ने उसे कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सफारी में मड़ियाहूं विधायक के पुत्र सात्विक तिवारी और पुलिस का गनर भी थे।