Varanasi Latest News: बीएचयू में पीएचडी प्रवेश मामले को लेकर धरनारत छात्रा की तबियत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे तीन बॉटल ड्रिप चढ़ाई गई। उसने कहा कि बीमार हूं, पर डरूंगी नहीं।
बीएचयू में पीएचडी प्रवेश के मामले को लेकर तीन पूर्व विद्यार्थियों का धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहा। परीक्षा नियंता कार्यालय पर एक छात्र ने चेतावनी दी है कि फैसला 1-2 दिन में नहीं हुआ तो भूख हड़ताल शुरू करेगा। सेंट्रल ऑफिस के बाहर छात्रा का सातवें दिन भी धरना जारी रहा।
विज्ञापन
प्रचंड गर्मी के चलते छात्रा को बीएचयू के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां तीन बॉटल ड्रिप भी चढ़ाई गई। आराम मिलने के बाद छात्रा दोबारा धरनास्थल पर आ गई। छात्रा अर्चिता सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के अराजक तत्वों को आगे कर नामांकन में बाधा डालने का प्रयास प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। मैं बीमार हूं, लेकिन डरूंगी नहीं। छात्रा ने कहा कि कुछ लोग मेरी आवाज दबाना चाह रहे हैं। मैं सभी राजनीतिक, सामाजिक और नागरिक संगठनों का समर्थन करती हूं।
मैं आखिरी दम तक संघर्ष करूंगा
दूसरी ओर कुलपति आवास के सामने 6 दिन से धरनारत भास्करादित्य त्रिपाठी ने कहा कि सही होते हुए भी न्याय के लिए धूप में सड़कों पर बैठना पड़ रहा है। परीक्षा नियंता कार्यालय पर पांच दिन से धरने पर बैठे कुणाल गुप्ता ने कहा कि मेरे एडमिशन के लिए अभी कोई आगे नहीं आया है। बीएचयू के अन्य विभागों में एडमिशन हो चुका है, लेकिन हमारा नहीं हुआ। छात्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि फैसला नहीं आता है तो अब भूख हड़ताल करेंगे।