माैसम ने सोमवार की रात एकबार फिर करवट ली। जिले के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश भी हुई। कई जगह फसलों को नुकसान भी पहुंचा। रसड़ा क्षेत्र में छत से गिरकर एक किसान की मौत हो गई। ठंडी हवा चलने से हल्का ठंडापन भी रहा।
बीते सितबंर महीने में पूरे माह रुक-रुक कर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश होती रही। करीब एक पखवाड़ा से बारिश थमा था। किसानों ने रबी को लेकर खेतों को तैयार करना शुरु कर दिया। इसी बीच सोमवार की शाम में मौसम ने अचानक करवट ली और कई इलाकों में आंधी के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते प्रभावित इलाकों में बाजरा, मक्का व धान की फसलें भी गिर गईं। किसानों के अनुसार इससे धान की फसलों को नुकसान होगा। हालांकि मंगलवार को पूरे दिन मौसम साफ रहा लेकिन शाम को ठंडी हवाओं के चलने से मौसम पूरी तरह कूल रहा।
रसड़ा
क्षेत्र के छितौनी गांव में सोमवार की रात तेज आंधी के बीच छत से गिरकर एक किसान की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। बताया जाता है कि छितौनी निवासी विजय राजभर 55 रात में छत पर सोए थे। रात में अचानक आई तेज आंधी में घबराकर विजय सीढ़ी से उतरने के प्रयास में अचानक छत से गिर पड़े। आनन फानन में परिजन उन्हें रसड़ा अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।