सीट पर बैठने को लेकर हुआ बवाल, कई घायल
- फोटो : अमर उजाला
छपरा से सूरत जाने वाली ताप्ती गंगा एक्सप्रेस पर शुक्रवार को भंडारी स्टेशन (जौनपुर जंक्शन) के प्लेटफार्म संख्या दो पर सीट पर बैठने को लेकर बवाल हो गया। यात्रियों को बैठाने आए लोगों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। पथराव से ट्रेन में बैठे कई लोग घायल हो गए।
इस दौरान प्लेट फार्म पर जीआरपी या आरपीएफ को जवान मौजूद नहीं था।
भंडारी स्टेशन के प्लेट फार्म संख्या दो पर छपरा से सूरत जाने वाली ताप्ती गंगा शाम करीब चार बजे पहुंची।
एक यात्री को बैठाने आए सात आठ युवक ट्रेन की पीछे की तरफ जनरल बोगी में यात्री को बैठाने की कोशिश कर रहे थे। भीड़ अधिक होने के कारण वह अंदर घुस नहीं पा रहे थे। किसी तरह घुसे तो अंदर सीट को लेकर विवाद हो गया। तभी ट्रेन चल दी।
यात्री को छोड़ने आए युवकों ने नीचे उतरकर बोगी पर पथराव शुरू कर दिया। ट्रेन पर पथराव होने से अफरा तफरी मच गई।
खिड़की और दरवाजा खुले होने के कारण पत्थर से कई लोग घायल हो गए। स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ के सिपाहियों के नहीं होने से पथराव करने वाले वहां से भाग निकले। इंस्पेक्टर जीआरपी आरएन पांडेय ने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताई है।