राज्य और केंद्रीय खुफिया एजेंसियां सक्रिय
बीएचूय के सर सुंदर लाल अस्पताल के इमरजेंसी में हुए विस्फोट से राज्य से लेकर केंद्र तक की खुफिया एजेंसियां चौकन्नी हो गई हैं। आईबी और एटीएस के अधिकारी अपनी टीम के साथ जांच के लिए बीएचयू पहुंचे। अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से भी घटना के बाबत जानकारी ली।
एजेंसियों ने दोपहर में ही पूरे मामले की प्राथमिक रिपोर्ट अपने मुख्यालय को भेजी। प्रारंभिक जांच में एसी की सेंट्रल यूनिट की पाइप लाइन फटने से विस्फोट की बात सामने आई है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के आगमन से पांच दिन पहले हुए धमाके ने शीर्षस्थ सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी 12 मई को बीएचयू आएंगे। उनकी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
पूरे बीएचयू परिसर को सुरक्षा के लिहाज से फुलप्रूफ किया जा रहा है। एलडी गेस्ट हाउस, जहां राष्ट्रपति रात्रि विश्राम करेंगे, उससे कुछ ही दूर अस्पताल की इमरजेंसी में विस्फोट की यह घटना हुई। धमाके की सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचे आईबी और एटीएस के अधिकारियों ने जांच के लिए कांच के टुकड़े समेत अन्य अवशेष अपने कब्जे में लिए।
विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। देर शाम तक सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों का बीएचयू में जमावड़ा लगा था। सुरक्षा एजेंसी से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस की पाइप लाइन फटने से धमाके की बात सामने आई है। अधिकतर लोग कांच टूटने के बाद उसकी चपेट में आकर जख्मी हुए। घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। इसके सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।