वाराणसी। लॉकडाउन में तमाम खेल गतिविधियां बंद हुई तो खिलाड़ी दूसरे कामों में जुटने लगे हैं। धर्मवीर कॉलोनी में रहने वाली एक 15 वर्षीय नेशनल फुटबालर नेहा सब्जी बेचने के काम में जुट गई है। नेहा 2019 में खेलो इंडिया और दो बार स्टेट और पांच बार नेशनल प्रतियोगिताओं में यूपी टीम का हिस्सा रह चुकी हैं।
धर्मवीर नगर कॉलोनी की रहने वाली 15 वर्षीय नेहा कुमारी बीते आठ वर्षों के फुटबाल कॅरियर के दौरान पांच बार नेशनल प्रतियोगिताओं में यूपी टीम का हिस्सा रहीं। इसके अलावा डीएलडब्ल्यू के खेल मैदान में पूर्व संतोष ट्रॉफी खिलाड़ी भैरव दत्त के प्रशिक्षण की बदौलत 2019 के खेलो इंडिया में भी हिस्सा ले चुकी हैं। कोरोना वायरस के कारण सभी खेल गतिविधियों पर रोक और 25 मार्च से लागू लॉकडाउन के बाद पिता अजय कुमार और दो भाइयों के पास भी कोई रोजगार नहीं रहा। तो नेहा ने सब्जी बेचने का काम शुरू कर दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे छोटी नेहा ने बताया लॉकडाउन में आमदनी का कोई जरिया नहीं था। सामान्य दिनों में खेल प्रतियोगिताओं में मिलने वाले पुरस्कार, भाई द्वारा ऑफिस बॉय के काम और पिता के मजदूरी से घर का और मेरा खर्च चलता था। मगर लॉकडाउन में सबकुछ बंद होने से पिता और भाई के पास कोई काम नहीं रहा तो सब्जी बेचना शुरू किया। बड़े भाई विकास और रंजीत मंडी से सब्जियां लाते हैं। जिसे वो खुद शहर में ठेले पर बेचने के लिए सुबह निकल जाते हैं और मैं शाम को अपनी मां श्याम प्यारी के साथ कॉलोनी में सब्जी बेचती हूं।