क्या है बगलडूब दांव
बगलडूब दांव मतलब विरोधी पहलवान के बगल के नीचे से निकल उसे पीछे से पकड़ना होता है। इस दांव में विपक्षी पहलवान को लगता है आप उसे उठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसमें पहलवान तेजी से उसके बगल के नीचे से निकलकर, पीछे से जकड़ कर जमीन पर गिराकर अंक हासिल कर लेता है।
जालौन में होगी प्रादेशिक कुश्ती: उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से तीन दिवसीय सीनियर महिला, पुरुष स्टेट चैंपियनशिप कुश्ती 12 से 14 अक्तूबर को जालौन के उरई में खेली जाएगी।
प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलतीं कशिश और वसुंधरा।
- फोटो : अमर उजाला
प्रादेशिक में खेलेंगी तीन राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी
इस प्रतियोगिता में तीन राष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग भारवर्ग में जीत हासिल कर प्रादेशिक के लिए क्वालिफाई किया है। फ्रीस्टाइल महिला वर्ग के 53 किलो में रेशमा यादव, 62 किलो में कशिश यादव, 68 किलो में वसुंधरा यादव ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रादेशिक थांगता में चार खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण
69वीं प्रादेशिक माध्यमिक स्कूली थांगता (मार्शल आर्ट) प्रतियोगिता 28 से 30 सितंबर तक अयोध्या में खेली गई। इसमें चार खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया है। इसमें रामनगर की राधा किशोरी इंटर कॉलेज की 10 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षक विवेक सिंह ने बताया कि अंडर-17 के 44 किलो में जागृति ने रजत पदक, 68 किलो के अंडर-19 में मनीषा ने स्वर्ण, 58 किलो में अंशु यादव स्वर्ण पदक, 54 किलो में चानू सागर ने रजत पदक जीता। प्रतियोगिता के स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिता में खेलेंगे। बालक वर्ग में प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के अंकित भारती और अभय पटेल ने स्वर्ण पदक जीत राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
तीन दिवसीय राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए छह सदस्यीय समिति का हुआ गठन
अंडर-14 आयुवर्ग की राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की तीन स्पर्धाएं लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में खेली जाएगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 1200 खिलाड़ी आएंगे। यह प्रतियोगिता 19 से 21 नवंबर तक होगी। प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए छह सदस्यीय समिति गठित की गई है।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक उत्तर प्रदेश डॉ. महेंद्र देव आयोजन समिति के अध्यक्ष, संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश सिंह सचिव होंगे। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक हेमंत राव, जिला विद्यालय निरीक्षक वाराणसी भोलेंद्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी वाराणसी विमला सिंह और विकास इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह को सदस्य मनोनीत किया गया है। आयोजन सचिव दिनेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए 13 समितियों का गठन किया गया है। सभी को अलग-अलग कामों की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
गांधी जयंती पर दौड़ प्रतियोगिता
खेल विभाग की ओर से गांधी जयंती पर दौड़ प्रतियोगिता होगी। यह दौड़ सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम से शुरू होगी। आरएसओ विमला सिंह ने बताया कि ईच्छुक खिलाड़ी उपक्रीड़ा अधिकारी डाॅ. मंजूर आलम अंसारी और एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव से संपर्क कर सकते हैं।
कराटे में साक्षी ने जीता स्वर्ण पदक
महाराष्ट्र में हुई छत्रपति शिवाजी नेशनल कराटे चैंपियनशिप में वाराणसी की साक्षी यादव ने स्वर्ण पदक जीता है। कोच विनोद पटेल ने बताया कि इन बच्चों का चयन अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
खरगीपुर में आज होगा दंगल
चिरईगांव के खरगीपुर के प्राचीन मां भगवती के मंदिर परिसर के भगवती धाम इंटर काॅलेज के खेल मैदान पर बुधवार दोपहर दो बजे से विराट दंगल होगा।इसमें स्थानीय के साथ ही पूरे पूर्वांचल के नामचीन पहलवान हिस्सा लेते हैं। ग्राम पंचायत पियरी के ग्राम प्रधान शत्रुघ्न सिंह मिंटू ने बताया कि दंगल की शुरुआत राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व ग्राम प्रधान शरणशंकर सिंह उर्फ नैपाली सिंह ने की थी।
हर्ष की हैट्रिक से डीह डेंजरस 3-0 से जीती
गंगापुर इंटर कॉलेज के मैदान पर मंगलवार को जिलास्तरीय हॉकी खेली गई। प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले हुए। डीह डेंजरस के फाॅर्वर्ड खिलाड़ी हर्ष की हैट्रिक से टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
बालक वर्ग का पहला मुकाबला डीह डेंजरस और रुद्रा एकादश के बीच हुआ। मैच का पहला गोल डीह डेंजरस फॉर्वर्ड खिलाड़ी हर्ष राजभर ने पहले हाफ के 5वें मिनट में किया। इसके बाद लगातार दो गोल कर हैट्रिक पूरी की। विपक्षी टीम ने कई जवाबी हमले किए लेकिन स्कोर करने में नाकाम रहे। दूसरे मैच में ब्रह्म बाबा की टीम ने भैरव शक्ति की टीम को हरा दिया। ब्रह्म बाबा टीम की ओर से सत्यम ने गोल कर बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में अभिषेक और आकाश ने गोल किए। वहीं भैरव शक्ति की ओर से टिंकू ने एक गोल किया।
बालिका वर्ग का मुकाबला शीतला धाम और शिव सती टीम के बीच खेला गया। मैच शुरू होते ही शीतला धाम की टीम की फाॅर्वर्ड खिलाड़ी वृंदा उपाध्याय ने गोलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे मैच में कात्यायनी एकादश ने शक्ति एकादश को हरा दिया। कात्यायनी एकादश की ओर से अनन्या यादव ने दो गोल किए। शक्ति एकादशी की ओर से नैना मौर्य ने एक गोल किया।
टेबल टेनिस खेलतीं खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
अनुप्रिया पटेल ने स्मैश मारकर जीता मुकाबला
अक्तूबर के दूसरे सप्ताह में होने वाली प्रतियोगिता के लिए परमानंदपुर के बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हॉल में शिविर लगाया गया है। इसमें मंगलवार को अभ्यास के दौरान टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने शॉट लगाने के तरीके और खेल की बारीकियों को समझा। इस दौरान हुए मैच में अनुप्रिया पटेल ने बैक हैंड स्मैश हिट करके जीत हासिल की। अनुप्रिया ने शगुन मौर्या को और वैष्णवी साहू ने खुशी यादव को सीधे सेट में 2-0 से हरा दिया।
अंतरराष्ट्रीय गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट शुरू, छह विदेशी सहित 27 टीमों ने लिया हिस्सा
चंदौली के कासिमपुर स्थित जेएस पब्लिक स्कूल कासिमपुर में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय गर्ल्स हैंडबॉल टूर्नामेंट 2025 का शुभारंभ हुआ। पांच दिवसीय इस आयोजन का शुभारंभ वेद मंत्रों और शंखनाद के साथ हुआ। इसमें 6 विदेशी सहित कुल 27 टीमें और 280 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। 70 प्रशिक्षक भी आयोजन का हिस्सा हैं।
मुख्य अतिथि चंदौली के एसपी आदित्य लांग्हे ने ध्वजारोहण और मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. रंजन राय, यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के एक्जीक्यूटिव सेक्रेटरी जनरल अमित पांडेय और भारतीय हैंडबॉल टीम के नेशनल कोच मोहम्मद तौहीद रहे।