सबसे तेज चली कोमल की साइकिल
विश्व साइकिल दिवस पर जिला साइक्लिंग संघ के बैनर तले बुधवार को लालपुर स्टेडियम से परमानंदपुर मिनी स्टेडियम तक साइक्लिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें कोमल प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि सुमन दूसरे और काजल तीसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद पांच किमी की साइकिल जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य संवर्धन तथा यातायात में साइकिल के महत्व के प्रति जागरूक करना था। इसमें छह अलग-अलग खेलों के 70 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के संयोजक जिला साइक्लिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह और सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू थे।
युगल कैरम में अश्वनी और शिवदयाल की जोड़ी चैंपियन
जिला कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में इंग्लिशियालाइन में पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग खेली जा रही है। 11वें दिन युगल और मिश्रित युगल के मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग के फाइनल में दो बेहद मजबूत जोड़ियों के बीच तीन सेटों का जोरदार मुकाबला देखने को मिला। इसमें अश्वनी चक्रवाल और शिवदयाल यादव की जोड़ी गौरव गुप्ता और कृष्ण दयाल यादव की जोड़ी को 19-18, 17-18 और 25-10 से पराजित कर विजेता बनी।
मिश्रित युगल के लीग मैचों में अभिषेक विश्वकर्मा और ऋतंभरा की जोड़ी ने अश्वनी मौर्या और अंजलि गुप्ता को हराया। अश्विनी मौर्या और अंजली गुप्ता की जोड़ी ने श्रीप्रसाद और सौम्या यादव की जोड़ी को हराया। इसी तरह अभिषेक विश्वकर्मा और ऋतंभरा की जोड़ी ने श्रीप्रसाद और सौम्या यादव की जोड़ी को हराया। गौरव गुप्ता और हरियाली सिंह के युगल ने अश्वनी मौर्य और अंजली गुप्ता की जोड़ी को हराया। वहीं, अभिषेक और रितंभरा की जोड़ी ने गौरव गुप्ता और हरियाली सिंह की जोड़ी को ग्रूप-ए में हराया।
ग्रूप बी के लीग मैचों में कृष्ण दयाल और आर्य यादव की जोड़ी ने शिवदयाल यादव और काव्य सेठ की जोड़ी को हराया। अश्विनी चक्रवाल और जागृति ने शिवदयाल यादव एवं काव्य सेठ को हराया। वैभव सिंह व रिषिता केसरी ने अश्वनी चक्रवाल और जागृति सोनी को हराया। शिवदयाल यादव व काव्या सेठ की जोड़ी ने वैभव सिंह व रिषिता केसरी की जोड़ी को पराजित किया। लीग मैचों में मिले अंकों के आधार पर कृष्ण दयाल यादव और आर्या यादव की जोड़ी, शिवदयाल यादव और काव्य सेठ की जोड़ी ने ग्रूप ए से जबकि ग्रुप-बी से अभिषेक विश्वकर्मा और ऋतंभरा की जोड़ी ने भी सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया। संचालन रमेश कुमार वर्मा और अश्विनी मौर्या ने किया।
सिगरा स्टेडियम के सात में दो और स्वामीनाथ अखाड़े के चार में एक खिलाड़ी ने जीता पदक
भदोही में आयोजित अंडर-23 प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में सात और महिला वर्ग में चार समेत कुल 11 पदक हासिल किए। इस प्रतियोगिता में सिगरा स्टेडियम के आठ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें से दो खिलाड़यों ने रजत और कांस्य पदक जीता जबकि स्वामीनाथ अखाड़े के चार खिलाड़ियों में सिर्फ एक खिलाड़ी कशिश स्वर्ण पदक जीतने में कामयाब रहीं।
वाराणसी कुश्ती संघ के राजीव सिंह रानू अध्यक्ष ने बताया कि पुरुष वर्ग में काशी के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक हासिल किया जबकि महिला वर्ग में एक स्वर्ण और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक मिले हैं। पुरुष वर्ग के फ्रीस्टाइल के 57 किलो में सिगरा स्टेडियम के आशुतोष पाल ने कांस्य, 65 किलो में गौराकला के शिवम यादव ने स्वर्ण, 79 किलो में नैपुरा अखाड़े के शिवधनी यादव ने कांस्य पदक जीता। पुरुष वर्ग के ग्रीको रोमन के 67 किलो में सिगरा स्टेडियम के मनीष यादव ने रजत, 72 किलो में सिगरा स्टेडियम के अभिषेक यादव ने स्वर्ण, 77 किलो में सारनाथ के विकास पाल ने स्वर्ण, 82 किलो में गया सेठ अखाड़े के रितिक यादव ने रजत पदक हासिल किया।
बालिका वर्ग के फ्रीस्टाइल 62 किलो में स्वामीनाथ अखाड़े की खिलाड़ी कशिश यादव ने स्वर्ण पदक, 55 किलो में निवेदिता साई सेंटर की रागिनी पासवान, 57 किलो में रजवारी की अंशु यादव और 59 किलों में निवेदिता साई सेंटर की खुशी चौहान ने कांस्य पदक जीता। विजेता खिलाड़ियों को भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने पुरस्कृत किया। बताया कि चार महीने के अंदर पूर्वांचल में बनारस में तीन और भदोही में एक यानी कुल चार प्रादेशिक कुश्ती चैंपियनशिप हुई। पुरुष टीम के कोच दानूपुर निवासी रामाश्रय यादव और महिला टीम की कोच शिवपुर की खुशी यादव थी।
नंबर गेम
- 7 खिलाड़ियों ने पुरुष वर्ग में जीता
- 4 खिलाड़ियों ने बालिका वर्ग में जीत हासिल की
10 गेंद एक्स्ट्रा फेंकने के बाद भी भरत एकादश 25 रन से विजेता
श्रीवल्लभ युवक परिषद की ओर से डीएवी मैदान पर आयोजित सात दिवसीय गुजराती प्रीमियर क्रिकेट लीग के चौथे दिन का पहला मुकाबला भरत एकादश और मितेश एकादश के बीच खेला गया। 10 अतिरिक्त गेंदें फेंकने के बावजूद भरत एकादश ने मितेश एकादश को 25 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
भरत एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मैच के पहले ओवर में हरीश गुजराती की गेंद पर उत्सव गुजराती तीन रन बनाकर रोहित के हाथों कैच आउट हो गए। कप्तान भरत 14 गेंदों में 11 रन बनाकर मयंक की गेंद पर रन आउट हुए। प्रियांश नागर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में नौ चौकों की मदद से नाबाद 48 रन बनाए। दूसरी ओर शुभम ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए 16 गेंदों में छह चौकों की मदद से 31 रन की पारी खेली। भरत एकादश ने दो विकेट पर 10 ओवर में सात अतिरिक्त रनों की मदद से 98 रन बनाए और विपक्षी टीम को 99 रन का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मितेश एकादश की शुरुआत खराब रही। मयंक नौ गेंदों में छह रन बनाकर अनिरुद्ध की गेंद पर रन आउट हो गए। दूसरे क्रम पर बल्लेबाजी करने उतरे दर्शित 13 गेंदों में 10 रन बनाकर रन आउट हुए। किशन दो गेंदों पर खाता खोले बिना रन आउट हो गए। कप्तान मितेश पांच गेंदों में चार रन बनाकर स्टंप आउट हुए, जबकि रोहित पहली ही गेंद पर भरत को कैच देकर पवेलियन लौट गए। हरीश गुजराती ने 11 गेंदों में 28 रन की नाबाद पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। पूरी टीम तीन वाइड और सात नो-बॉल की मदद से 74 रन ही बना सकी। इस तरह भरत एकादश ने मुकाबला 25 रन से अपने नाम कर लिया।
दूसरे मैच में नवीन एकादश को मिली जीत
दिन का दूसरा मुकाबला सुधांशु एकादश और नवीन एकादश के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सुधांशु एकादश ने 14 वाइड और पांच नो-बॉल की मदद से 10 ओवर में छह विकेट पर 108 रन बनाए और नवीन एकादश को 109 रन का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नवीन एकादश ने रोमांचक मुकाबले में 10 ओवर में नौ विकेट खोकर 109 रन बनाकर जीत दर्ज की। उसकी पारी में सात वाइड और एक नो-बॉल शामिल रही।
मुकाबले के बाद संगठन मंत्री रोशन गुजराती ने विजेता टीम को पुरस्कृत किया। अंपायर विशाल और वल्ल्भ व्यास रहे। स्कोरिंग की जिम्मेदारी विनीत राणाशाह ने निभाई। इस दौरान मल्लिका, नमिता, प्रियंका, रीना, अर्चिता, निकिता आदि मौजूद रहीं।
चंडीगढ़ में राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में खेलेंगे भर्थरा के सनी
राष्ट्रीय कैडेट जूडो चैंपियनशिप 10 से 12 जून तक चंडीगढ़ में होगी। इसमें हिस्सा लेने के लिए वाराणसी के एक ही गांव भर्थरा के तीन खिलाड़ियों ने बुधवार को ट्रायल दिया। इसमें से एक खिलाड़ी सनी यादव का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए यूपी टीम में हुआ है।
उत्तर प्रदेश की टीम में शामिल सनी विकास इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं के छात्र हैं। वह 66 किलोग्राम भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की तरफ से चंडीगढ़ जूडो एरिना में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। यह जानकारी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह ने दी है। भर्थरा निवासी जूडो खिलाड़ी सनी ने 2023-24 में स्कूली खेलों की प्रादेशिक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता लेकिन उसी समय संघ की ओर से कोलकाता में भी राष्ट्रीय प्रतियोगिता हुई इसलिए उसने स्कूली खेल छोड़ संघ की प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।फिलहाल वह साई सेंटर भोपाल में जूडो की ट्रेनिंग ले रहे हैं।