वाराणसी। काशी में महिला फुटबालरों के उत्थान के लिए जल्द ही महिला फुटबाल संघ का गठन किया जाएगा। इसके लिए भारतीय महिला फुटबाल महासंघ (डब्ल्यूएफएफआई) ने कवायद शुरू कर दी है। जिसमें 70 प्रतिशत महिला फुटबालरों को पदभार दिया जाएगा। इसके लिए अनुभवी खिलाड़ियों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
डब्ल्यूएफएफआई के अध्यक्ष कृष्णा सिंह ने बताया कि सन 1975 में स्थापित महासंघ 1990 के बाद से निष्क्रिय चल रहा था। एक बार फिर से इसकी सक्रियता बढ़ा दी गई है। नागपुर में डब्ल्यूएफएफआई के तहत आयोजित सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता की सफलता के बाद अब देश के सभी राज्यों में संघ को स्थापित करने काम भी पूरा किया जाएगा। इसके लिए कोरोना संक्रमण की स्थिती सामान्य होने पर बीएचयू बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी। फिलहाल यूपी में संघ संचालक की जिम्मेदारी पूर्व नेशनल खिलाड़ी गोपाल प्रसाद को दी गई है।
वहीं खेल प्रशिक्षक गोपाल प्रसाद ने बताया कि महिला फुटबालरों के उत्थान के लिए महासंघ के प्रयासों से जल्द ही यूपी के 20 जनपदों में महिला फुटबाल संघ का गठन किया जाएगा। महिला संघ के अभाव में महिला फुटबालरों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिसमें प्रमाण पत्र में घपलेबाजी, महिला टीम में चयन के प्रति उदासीनता, प्रतियोगिताओं के आयोजन में कमी जैसी तमाम समस्याओं से जूझना पड़ता है।