एएसपी महेश सिंह अत्री ने बताया कि हादसे में बिलौझा निवासी शिवम (10) और निहाल (10) की मौत हुई है। शिवम और निहाल सहित चार बच्चे बकरी चराते हुए रतनपुरा-भीमपुरा मार्ग पर 40 साल से बंद सुबसा कताई मिल परिसर में आम बीनने गए थे। जर्जर भवन की की छत और दीवार ढहने से शिवम और निहाल मलबे के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही हलधरपुर थाने की पुलिस तीन बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।
टीम ने सबसे पहले शिवम को मलबे से निकालपुर रतनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। निहाल को मलबे से निकालने में टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। करीब तीस मिनट के बाद उसका शव बाहर निकाला जा सका। अरुण और लड्डू पर मलबे का ज्यादा हिस्सा नहीं गिरा था, इसलिए ग्रामीणों ने उन्हें जल्द ही बाहर निकाल लिया। इससे दोनों की जान बच गई।
मृतक शिवम के पिता शिवशंकर ने बताया कि शिवम दो भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था। वहीं निहाल दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई अरुण भी आम बीनने के लिए मिल परिसर के अंदर गया था, लेकिन अरुण और उसके साथ गया लड्डू बाल बाल-बच गए। दोनों पर मलबा ज्यादा नहीं गिरा था। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा गया। गांव के लोगों ने बताया कि मिल के खंडहर में अक्सर बच्चे खेलते थे। लोग जानवरों को चराने के लिए जाते थे। छाया देखकर लोग बैठते भी थे।
क्या बोले ग्राम प्रधान
जर्जर भवन गांव से बाहर है, इसलिए भवन को ढहाने के लिए प्रस्ताव प्रशासन को नहीं भेजा। -ओम नारायण, ग्राम प्रधान
ग्राम प्रधान के मुताबिक, बिलौझा ग्राम पंचायत में सन् 1978 में कानपुर से एक व्यापारी आया था। उसने यहां मानव संसाधन को देखते हुए सुबसा कताई मिल की स्थापना की थी। शुरू में मिल खूब चली। मिल में लगभग दो ढाई सौ लोग काम करते थे। सात साल तक मिल अच्छे से चली। इसी बीच साम्यवादी आंदोलन चला और 40 साल पहले व्यवसायी ने मिल बंद कर दी।