बड़ागांव थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर निवासी राजलक्ष्मी देवी ने थाने में लिखित सूचना देकर धर्मराज गौड, अजय गौड़, विजय गौड़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजलक्ष्मी देवी ने आरोप लगाया कि 18 दिसंबर को दो साल की बेटी को लेकर बैठी थी। उसी समय धर्मराज, अजय, विजय गौड़ और ममता देवी को गाली और धमकी देते हुए मारने लगे। विरोध किया तो परिवार को एसटी-एससी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
चोर ने सीएनजी ऑटो रिक्शा उड़ाया
लंका थाना क्षेत्र के मदरवां गीता घाट के पास से दिनदहाड़े चोरों ने ऑटो रिक्शा उड़ा दिया। छित्तूपुर लंका के रहने वाले रमेश साहनी ने सीएनजी ऑटो लिया है। बुधवार को दिन में एक बजे ऑटो गीता घाट के पास खड़ा कर खाने और आराम करने चले गए। वापस लौटे तो ऑटो लापता थी। रमेश ने इसकी जानकारी लंका पुलिस को दी। चोरी की घटना सीसीटीवी में कैद है जिसमें एक युवक ऑटो लेकर हाइवे की तरफ जाते दिख रहा है। रमेश ने काफी खोजबीन की, लेकिन ऑटो नहीं मिलने पर पुलिस को तहरीर दी है।
दहेज हत्या के मामले में ससुर गिरफ्तार, गया जेल
दहेज हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पुरातात्विक संग्रहालय तिराहा के पास ससुर सीताराम यादव (71) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने पति राधेश्याम यादव व सास नागेश्वरी देवी को पहले ही जेल भेज चुकी है। 22 नवंबर को खालिसपुर में आंचल यादव (25) ने दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था।
टोल प्लाजा का ठेका दिलाने के नाम पर ठगी, गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा का ठेका दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर पैसा लेने के मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त को शुक्रवार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। 28 फरवरी 2024 को वादी ने चार लोगों पर ठेका दिलाने के नाम पर पैसा लेने व जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दी थी। अभियुक्त की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है। गिरफ्तार करने वाले टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक जगदीश सहित पुलिस कर्मी शामिल रहे।
लड़की को परेशान करने पर मुकदमा दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के पुरा रघुनाथ पुर निवासी एक लड़की ने बड़ागांव थाने पर लिखित सूचना देकर शुभम गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। लड़की ने आरोप लगाया है कि इंदरपुर नेवादा निवासी शुभम गौतम आए दिन उसे परेशान करता था। आते जाते समय उस पर टिप्पणी करता है।
दहेज उत्पीड़न और दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार
पत्नी के दहेज उत्पीड़न और उसकी नाबालिग छोटी बहन का अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को कैंट थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ठकुरापुरा, खजुरी पांडेयपुर क्षेत्र निवासी आरोपी के खिलाफ पत्नी ने चार दिसंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। महिला के अनुसार, पति दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करता था। उसकी छोटी बहन का अपहरण कर उसके पति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।
गणपति अपार्टमेंट के मंदिर में चोरी
मंडुवाहीह थाना क्षेत्र के शिवदासपुर में गणपति अपार्टमेंट के मंदिर से दानपेटी, कृष्णजी की मूर्ति समेत पूजा के अन्य सामान चोर चुरा ले गया। अपार्टमेंट में रहने वाले अरुण तिवारी ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार सीसी कैमरे खंगालने पर एक व्यक्ति दिखाई दिया है जो दीवार फांदकर अपार्टमेंट में घुसा था। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
लोहता मिडिल स्कूल में तीसरी बार चोरी
मिडिल स्कूल के नौ कमरे का ताला तोड़कर बृहस्पतिवार रात चोर सात सीलिंग फैन चुरा ले गए। इससे पहले तीन अक्तूबर को ऑफिस का ताला तोड़कर सीसीटीवी कैमरा प्रोजेक्टर और कंप्यूटर चुरा ले गए थे। दूसरी बार 28 अक्तूबर को प्रोजेक्टर और कैमरे का डीवीआर उठा ले गए। प्रधानाचार्य राजेंद्र शर्मा ने बताया की तीन बार चोरी हो चुकी है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया की जल्द खुलासा होगा।
इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाई, कर रहे दुष्प्रचार
हबीबपुरा निवासी सैय्यद वली अहमद ने आईटी एक्ट के तहत चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को बताया कि उनका इत्र का व्यापार है। वह धार्मिक कार्यक्रमों में बतौर वक्ता देश के अलग-अलग प्रदेशों में जाते हैं। कुछ समय पहले पता लगा कि उनकी फर्जी आईडी इंस्टाग्राम पर बाबा वली महाराज के नाम से बनाकर अश्लील और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है।
दुकान लगाने को लेकर मारपीट, एक घायल
बरेका के गुमटी मार्केट में शुक्रवार को दुकान लगाने को लेकर दो लोगों में लड़ाई हो गई। प्रदीप गुप्ता व सुबराती खान की आसपास दुकान है। दोपहर में दोनों पक्ष में दुकान लगाने को लेकर मारपीट होने लगी। घायल प्रदीप गुप्ता ने आरोप लगाया कि सुबराती खान व उनके दोनों बेटे अंशु खान व बच्चा ने चाकू व हाथ के कड़े से मारा-पीटा। सिर में काफी चोट आई है। थाना प्रभारी भरत उपाध्याय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले में एनसीआर दर्ज किया गया है।
टक्कर मारकर गिराया फिर मोबाइल छीनकर भागा
चौकाघाट में शुक्रवार को एक बाइक सवार ने एक अन्य बाइक सवार पर मोबाइल छीन कर लकड़ी मंडी की ओर भागने की शिकायत चेतगंज थाने की पुलिस से की। हुकुलगंज निवासी सुनील कुमार सौरभ ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बाइक से चौकाघाट की ओर जा रहे थे। चौकाघाट में पुल के समीप बाइक पर सिलिंडर लेकर जा रहे एक व्यक्ति ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के कारण चोट लगी और उन्होंने अपना मोबाइल निकला। उसी दौरान मोबाइल लेकर भाग गया।
व्यापार के नाम पर हड़प लिए 5.88 लाख रुपये
व्यापार के नाम पर दो व्यक्तियों ने पांच लाख 88 हजार रुपये हड़प लिए। पीड़ित की तहरीर पर सारनाथ थाने की पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नान्हूपुर, आशापुर निवासी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पंकज अग्रवाल और राम अवतार यादव ने बिस्किट और नूडल्स कंपनी के प्रोपराइटर बनकर व्यापार के नाम पर उनसे आठ लाख रुपये लिए थे। दोनों ने केवल दो लाख 12 हजार 357 रुपये का ही सामान दिया। इसके बाद शेष बचे रुपये का सामान देने की बात पर दोनों ने मना कर दिया। दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
पेड़ के विवाद को लेकर मारपीट, केस दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के कुरहुआ निवासी शिवम श्रीवास्तव की तहरीर पर रोहनिया थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शिवम ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार की शाम पेड़ के विवाद को लेकर उनके बड़े पिता लालजी और तीन अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट और गालीगलौज की। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
कैंट स्टेशन पर 4 अवैध वेंडर पकड़े गए, जुर्माना
उत्तर रेलवे के वाराणसी कैंट स्टेशन पर कैंट स्टेशन निदेशक ने अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाया। चार अवैध वेंडरों को पकड़ कर आरपीएफ कैंट को जुर्माने की कार्रवाई के लिए सौंप दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि वेंडर के पास से बरामद खाद्य पदार्थ का परमिट नहीं था।
चीन के मांझे से गाल कटा
मकर संक्रांति के नजदीक आते ही पतंगबाजी में तेजी आ गई है। सख्ती के बावजूद प्रतिबंधित और जानलेवा चीन के मांझे की बिक्री की जा रही है। रामनगर थाने के पास के महेश कन्नौजिया शुक्रवार शाम स्कूटी से घर जा रहे थे। नगर निगम के जोनल कार्यालय के पास मंझे की चपेट में आने से उनका गाल कट गया। आसपास के लोगों ने उन्हें रामनगर के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी।
जमीन संबंधी दो विवादों का निपटारा, भूखंड दिलाया
जमीन संबंधी दो विवाद का निबटारा कर शुक्रवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने आवंटियों को भूखंड उपलब्ध कराया। लालपुर आवासीय योजना प्रथम चरण में एक भूखंड का आवंटन 2020 में बघावर ताहिरपुर आजमगढ़ की चंद्रमुखी सिंह को किया गया था। विवाद के कारण रजिस्ट्री, कब्जे की कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इसी प्रकार हीरालाल सिंह को फ्री होल्ड रजिस्ट्री 2007 में वीडीए ने की थी। जिसे भूखंड उपलब्ध कराया गया।
रथयात्रा पर ओबारबा एक्सप्रेसो को किया सील
दशाश्वमेध वार्ड के रथयात्रा चौराहे पर एसएंडडी मॉल के भूतल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ओबारबा एक्सप्रेसो के नाम से खुलने वाले प्रतिष्ठान में फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा था। जिसे टीम ने सील कर दिया। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति की अगुवाई में कार्रवाई की गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने अपील की कि बगैर नक्शा पास कराए निर्माण न कराएं।
गृहकर के बकायेदार 872 भवन स्वामियों की होगी कुर्की
नोटिस के बाद भी गृहकर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और सीज की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सूची तैयार कर ली है। शहर में 872 ऐसे भवन स्वामी हैं, जिन्हें एक से अधिक बार नोटिस दिया गया था, लेकिन अब तक उन्होंने गृहकर जमा नहीं कराया है। इन भवनों पर एक लाख से अधिक का बकाया है।
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि 872 भवन स्वामियों के खिलाफ कुर्की और सीज की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे भवन स्वामियों को नगर निगम ने चिह्नित कर लिया है। दो बार मौका देने के बाद अब कार्रवाई का निर्णय लिया है। पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। वहीं, भेलूपुर जोन में शुक्रवार को बकाए गृहकर पर एक मकान को सील किया गया। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर ने बताया कि एक भवन पर गृहकर का बकाया था। उन्हें डिमांड नोटिस भेजा गया था। बकाया नहीं जमा किया तो मकान सील कर दिया।
जुमे की नमाज को लेकर अलर्ट मोड में रही पुलिस
जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को कमिश्नरेट की पुलिस अलर्ट पर रही। ज्ञानवापी स्थित सभी प्रमुख मस्जिदों में निगरानी और सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए थे। यूपी कॉलेज परिसर स्थित मस्जिद और मजार को भी लेकर पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरतती नजर आई। परीक्षाओं का हवाला देकर कॉलेज परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया। छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों के आईकार्ड चेक करने के बाद ही उन्हें कॉलेज परिसर में प्रवेश करने दिया गया।
पशु आश्रय स्थल बदहाल, ठीक कराने के निर्देश
अवर अभियंता ग्रामीण अभियंतत्रण विभाग मनोज मल्होत्रा ने क्षेत्र के बंदेपुर में पशु आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। नाली मानक से अधिक गहरी मिली। अवर अभियंता ने कहा कि इसमें पशुओं का पैर फंस जाएगा। ग्राम सचिव संजय सोनकर को गहराई कम करने के निर्देश दिए। छह नाद आकार से बड़ी मिलीं, इसमें छोटे पशुओं को चारा खाने में दिक्कत आ रही थी। पानी की लाइन के रास्ते को पक्का कराने के लिए कहा।
बंदियों को वितरित किया कंबल
जिला कारागार में शुक्रवार को बंद महिला व पुरुष बंदियों को फादर कास्पर ने कंबल दिया। बताया कि मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है। लोगों को ठंड से राहत देने के लिए आयोजन किया गया। कारागार अधीक्षक डॉ. उमेश ने फादर व उनकी टीम का धन्यवाद किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुमार विश्वकर्मा, आयुक्त कार्यालय की प्रज्ञा सिंह उपस्थित थे।
व्यापारियों ने किशन को दी श्रद्धांजलि
वाराणसी फल, सब्जी व्यवसायी समिति के अध्यक्ष किशन सोनकर के निधन पर शुक्रवार को हड़िया मंडी में शोकसभा हुई। व्यापारियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शोकसभा में संस्था के उपाध्यक्ष दशरथ, मंत्री संतोष सिंह, संतोष सोनकर, दिलीप, तिलकराज कपूर आदि शामिल रहे।
जमीन संबंधी दो विवादों का निपटारा, भूखंड दिलाया
जमीन संबंधी दो विवाद का निबटारा कर शुक्रवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने आवंटियों को भूखंड उपलब्ध कराया। लालपुर आवासीय योजना प्रथम चरण में एक भूखंड का आवंटन 2020 में बघावर ताहिरपुर आजमगढ़ की चंद्रमुखी सिंह को किया गया था। विवाद के कारण रजिस्ट्री, कब्जे की कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इसी प्रकार हीरालाल सिंह को फ्री होल्ड रजिस्ट्री 2007 में वीडीए ने की थी। जिसे भूखंड उपलब्ध कराया गया।
रथयात्रा पर ओबारबा एक्सप्रेसो को किया सील
दशाश्वमेध वार्ड के रथयात्रा चौराहे पर एसएंडडी मॉल के भूतल पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए ओबारबा एक्सप्रेसो के नाम से खुलने वाले प्रतिष्ठान में फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा था। जिसे टीम ने सील कर दिया। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति की अगुवाई में कार्रवाई की गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने अपील की कि बगैर नक्शा पास कराए निर्माण न कराएं।
मारपीट और धमकाने के मामले में केस
संपत्ति विवाद, मारपीट और धमकाने का आरोप लगाकर दो पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ लालपुर पांडेयपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जांच कर रही है। बिल्डिंग डेवलपर चंदीपट्टी बड़ागांव निवासी अवधेश कुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि उन्होंने खजुरी पांडेयपुर में एक बिल्डिंग बनाई थी। एक दुकान बृजेश कुमार पांडेय को बेची। बृजेश ने अपनी कंपनी का बोर्ड लगाया। विवेक कुमार दूबे, अमित दूबे और एक अन्य व्यक्ति ने उसे उखाड़ दिया। आरोपियों ने धमकी दी और 50 लाख मांगे।
चिकित्सा विज्ञान के इतिहास से रूबरू होंगे आईएमएस के डाॅक्टर
आईएमएस बीएचयू में चिकित्सकों को चिकित्सा विज्ञान के इतिहास के बारे में जानने का मौका मिलेगा। इसके लिए यहां चिकित्सा के इतिहास वाली सोसायटी बनाई गई है। इसके माध्यम से चिकित्सा विज्ञान में होने वाले खोज, अविष्कार आदि पर विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। शुक्रवार को सोसायटी का उद्घाटन जाने माने किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन और केजीएमयू के पूर्व कुलपति प्रो. महेंद्र भंडारी ने ऑनलाइन मोड में किया।
आईएएमस बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में प्रो. भंडारी ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में चुनौतियां तो हैं लेकिन उससे घबराने की जरूरत नहीं है। संयोजक प्रो. विजय नाथ मिश्र के देखरेख में आयोजित क्विज कंप्टीशन में विजेताओं में यूरोलॉजी विभाग से प्रो. समीर त्रिवेदी, मेडिसिन से प्रो. एसएस चक्रवर्ती के साथ ही प्रो. अशोक कुमार और एमबीबीएस के दो छात्र अयांशी, सौरभ यादव को निदेशक प्रो. एसएन संखवार, डीन प्रो. गोपाल नाथ ने सम्मानित किया।
मरीजों के लिए खुला जन औषधि केंद्र का ताला
जिले के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों पर चलने वाले 13 जनऔषधि केंद्र का बंद ताला शुक्रवार को खुल गया। इससे ओपीडी में भर्ती मरीजों ने दवा खरीदी। बुधवार को जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल कबीरचौरा, शास्त्री अस्पताल रामनगर समेत पांच अस्पतालों, आठ स्वास्थ्य केंद्रों के जन औषधि केंद्र पर संचालक ने ताला लगा दिया था। इससे दो दिन तक मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बातचीत के बाद नई कंपनी के आने तक मरीजों के हित में इसे चलाने को कहा। शुक्रवार से सभी केंद्र खोल दिए गए हैं।
बाबा कालभैरव का हुआ रुद्राक्ष व अन्नकूट शृंगार
बाबा कालभैरव पियरी का शुक्रवार को रुद्राक्ष और अन्नकूट शृंगार हुआ। बाबा की झांकी के दर्शन कर भक्त निहाल हुए। बाबा को 56 भोग लगा। आकर्षक सजावट की गई थी। मंदिर के महंत राजेश्वरानंद सरस्वती ने सुबह पंचामृत स्नान कराकर सिंदूर लेपन किया। नूतन वस्त्र धारण करवाया। रुद्राक्ष की मालाओं से बाबा का शृंगार किया। इसके बाद फल, मिष्ठान, नमकीन और व्यंजनों आदि का 56 भोग लगा। मंगला आरती के बाद दर्शन के लिए भीड़ लगी रही।
सुबह-ए-बनारस के मंच पर सुधांशु ने छेड़ी तान...
सुबह-ए-बनारस में युवा कलाकार सुधांशु मिश्र का गायन हुआ। सुधांशु ने गायन की शुरुआत राग तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश जब सुधि आवे... से की। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश लंगर कांकरिया जिन मारो... सुनाया। तबले पर आर्येश मिश्रा और संवादिनी पर आशीष मिश्रा ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
प्रदर्शनी में छात्रों ने दिखाई विकास की झलक
केंद्रीय विद्यालय बीएचयू में 52वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का समापन हुआ। प्रदर्शनी में छात्रों ने पर्यावरण, सतत कृषि एवं मोटे अनाज, संचार, परिवहन और स्वास्थ्य आदि विषयों से संबंधित मॉडल प्रदर्शित किए। मुख्य अतिथि बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार और प्राे. दीपक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान प्राचार्य एके सिंह, आशुतोष पांडेय, शैलेंद्र कुमार, जय सिंह, विंध्याचल राम आदि मौजूद रहे।
काशी वंदन के 201वें दिन बजी बांसुरी
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित काशी वंदन के 201वें दिन बांसुरी वादन हुआ। नमो घाट पर शुक्रवार सिक्किम से पधारे पं. संतोष कुमार ने बांसुरी पर सांयकालीन राग मधुवंती की अवतारणा की। ताल रूपक के बाद तीन ताल में तोड़ और तानों का समावेश श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर गया। इसके बाद राग पहाड़ी में कृष्ण भजन..., न जाओ तुम जमुना के पार... से समापन किया। धन्यवाद ज्ञापन जिला काशी विरासत संरक्षण समिति सदस्य अंशुमान महाराज ने किया।
बहस धर्मिता के प्रमुख तत्व रहे भोलाशंकर व्यास
बीएचयू के हिंदी विभाग में आचार्य भोलाशंकर व्यास के शताब्दी स्मरण के उपलक्ष्य में संगोष्ठी हुई। मुख्य वक्ता प्रो. श्रीप्रकाश शुक्ल ने कहा कि उनके शास्त्रीय चिंतन में ज्ञानोत्सुकता और बहस धर्मिता के प्रमुख तत्व रहे। उन्होंने संस्कृत के ज्ञान संपदा को हिंदी में प्रस्तुत किया। अध्यक्ष प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी ने कहा कि भोलाशंकर व्यास की शिक्षण कला से हमें भी सीखना चाहिए कि संदर्भों को किस प्रकार खोला जाए। प्रो. अवधेश प्रधान, आचार्य भोलाशंकर व्यास की भतीजी वंदना सिंह ने अपनी छोटी बहन प्रो. वसुंधरा की ओर से आचार्य भोलाशंकर के सम्मान में स्मृति पत्र का वाचन किया। संचालन डॉ. महेंद्र कुशवाहा ने किया।
महिलाओं को दी गई ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग
महिला भूमिहार समाज ने महत्वाकांक्षी योजना के तहत जरूरतमंद लड़कियों और महिलाओं को ब्यूटीशियन कोर्स का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में डॉ. उषा किरन राय ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। संस्थापिका डाॅ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि समाज का महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना उद्देश्य है। कार्यक्रम में सीमा, प्रतिमा, सोनी, पूनम, चंद्रकला, सरिता, सविता, पूनम, बबिता आदि उपस्थित रहीं।
सुशासन पर भाषण और काव्य प्रतियोगिता हुई
यूपी कॉलेज में अटल जी एवं सुशासन विषय पर भाषण व काव्य प्रतियोगिता हुई। नोडल अधिकारी प्रो. बृज किशोर त्रिपाठी ने बताया कि भाषण प्रतियोगिता में सात्विक त्रिपाठी प्रथम, अमन कुमार झा द्वितीय और श्रुति त्रिपाठी तृतीय रहीं। काव्य पाठ में यश पांडेय प्रथम, यशोदा द्वितीय और सुचिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। काव्य प्रतियोगिता में 29 और भाषण में 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
बच्चों ने किया प्रतिभा का प्रदर्शन
पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय में वार्षिकोत्सव मनाया गया। इसमें बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस दौरान लंबी कूद, निबंध प्रतियोगिता, क्विज में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को विद्यालय की प्रधानाचार्य निर्मला देवी ने मेडल देकर सम्मानित किया। वहीं ग्राम प्रधान शशिकांत और गौरव गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को स्मृति चिन्ह देकर उनका हौसला बढ़ाया। जितेंद्र पांडेय, अजय तिवारी, कल्लन यादव, अनिल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
छात्रों ने संकर बीज उत्पादन की पद्धति जानी
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में अयोध्या और कौशांबी के कृषि विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भ्रमण किया। सब्जियों पर हुए शोध के बारे में जाना और अनुसंधान परिक्षेत्र की सब्जियां देखीं। वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह, डॉ. डीआर भारद्वाज ने संकर बीज उत्पादन की पद्धति बताई। संस्थान निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने छात्रों से बात की और संस्थान की अनुसंधान परियोजनाओं के बारे में बताया। डॉ. सुदर्शन मौर्य, विश्वनाथ, अनिश कुमार सिंह, राघवेंद्र सिंह, इंद्रेश तिवारी आदि शामिल रहे।
रंगारंग प्रस्तुतियों संग प्रतिभावानों का सम्मान
हैप्पी मॉडल स्कूल पहड़िया का वार्षिकोत्सव 'दिशा' रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस दौरान प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि बीएचयू आईएमएस के निदेशक एसएन संखवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रमों से सभी का मनमोह लिया। स्वागत विद्यालय की निदेशिका नीता सिंह, संचालन विज्ज्वल किरन, भूपेश, नमो ने किया। प्रधानाचार्या अप्रिता सरकार, मुख्याध्यापिका पल्लवी तोलानी ने सभी कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया।
डोर-टू-डोर कैरोल गा रहीं टोलियां
क्रिसमस की तैयारियों में चर्च और मसीही बाहुल्य कॉलोनियां रोशनी में डूब चुकी हैं। डोर-टू-डोर प्रभु यीशु के जन्म की खुशी में कैरोल गूंज रहे हैं। सीएनआई चर्चों की टोलियां मसीही बाहुल्य कॉलोनियों में प्रभु यीशु के आगमन की खुशी मना रहीं हैं। रामकटोरा, तेलियाबाग, अंधरा पुल, मलदहिया आदि इलाकों में टोलियों ने घर-घर जाकर कैरोल गाए। छावनी स्थित महागिरजा की टीम ने शिवपुर, लंका, बरेका, कैंटोमेंट आदि इलाकों में जाकर प्रभु यीशु की महिमा का गान किया।
उधर, बाजारों में एक से सात फीट के सेंटा क्लॉज और तीन से 10 फीट के क्रिसमस ट्री भी बाजार में आए हैं। सिगरा के दुकानदार अशोक गोगिया ने बताया कि इस बार इंडियन सेंटा क्लॉज आया है। इलेक्टि्रक से चलने वाले सेंटा क्लॉज भी काफा पसंद किए जा रहे हैं।
मैथिल समाज का सांस्कृतिक महाकुंभ आज से
मैथिल समाज की ओर से आयोजित होने वाले 14वें दो दिवसीय सांस्कृतिक महाकुंभ महाकवि विद्यापति महोत्सव 21 और 22 दिसंबर को होगा। नागरी प्रचारिणी सभा में होने वाले महोत्सव का आकर्षण मिथिला पेंटिंग, सिक्की पेंटिंग, पाग, माछ, पान और मखाना के स्टॉल होंगे। महोत्सव में मिथिला के नामचीन हस्तियों को मिथिला रत्न, मिथिला विभूति और यूथ आइकॉन सम्मान से नवाजा जाएगा।
यह जानकारी संस्था के अध्यक्ष निरसन कुमार झा, सचिव दास पुष्कर, भोगेंद्र झा, संयोजक गौतम कुमार झा ने दी। उन्होंने बताया कि शनिवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। मुख्य अतिथि हाजीपुर रेल मंडल के पीसीसीएम शिव कुमार प्रसाद होंगे। पहले दिन दिल्ली की ख्यात शास्त्रीय एवं मैथिली गायिका डाॅ. सुष्मिता झा, रांची की लोकप्रिय गायिका ज्योति मिश्रा, दरभंगा घराने के मनीष कुमार खंडेलवाल सुगम संगीत की प्रस्तुति देंगे।
डाॅ. जया राय के नृत्य निर्देशन में मिथिला का लोकनृत्य जट-जटिन, समा चकेवा पर भावपूर्ण लोकनृत्य की प्रस्तुति होगी। दूसरे दिन डॉ. विजय कपूर, किराना घराने की डाॅ. शिप्रा कुमारी, डाॅ. इंद्रदेव चौधरी, सोनभद्र के आशीष मिश्रा का गायन होगा। सुरभि सुंदरी और बृष्टि चक्रवर्ती के निर्देशन में लोकनृत्य डोमचक होगा।
फैशन शो में जलवा बिखेरेंगे 16 राज्यों के दिव्यांग कलाकार
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग फैशन शो की मुख्य अतिथि इंटरनेशनल दिव्यांग पैरा शूटर सुमेधा पाठक होंगी। अध्यक्षता स्वामी कृपानंद महाराज करेंगे। 22 दिसंबर को आयोजित इस फैशन शो में 16 राज्यों के दिव्यांग कलाकार और मॉडल शामिल होंगे। शुक्रवार को आयोजन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
डॉ. सुनीता तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यक्रम संयोजक डॉ. उत्तम ओझा ने कहा कि देश के 16 राज्यों से दिव्यांगजन इसमें भाग लेने के लिए आ रहे हैं। कार्यक्रम में 10 दिव्यांग संस्थाएं किरण सोसाइटी, देवा सेंटर, परिवर्तन, समाकलन दिव्यांग संस्थान, प्रेम ज्योति, जीवन ज्योति, मणि मेमोरियल सोसायटी, तारों के बच्चे, नव वाणी, हनुमान प्रसाद पोद्दार अंध विद्यालय के छात्र-छात्राएं कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केशव भाई जालान, अशोक चौरसिया, राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य डॉ. संजय चौरसिया, डॉ. आशुतोष मिश्रा तथा पल्लवी मिश्रा, प्रो. मंगला कपूर एवं रोटरी क्लब के अजय दुबे व मिस्टर नॉर्थ इंडिया राहुल चौरसिया होंगे। बैठक में सुखीजा, नीलू राय, डॉ. मनोज तिवारी उपस्थित रहे। संचालन सचिव अरविंद चक्रवाल और धन्यवाद ज्ञापन दीपा मिश्रा ने किया।
14 प्रतिभावानों को मिलेगा चौरसिया रत्न
अखिल भारतीय चौरसिया महासभा और चौरसिया समाज बनारस की ओर से 22 दिसंबर को नाटी इमली स्थित श्रीगणेश मंडपम में महासम्मेलन होने जा रहा है। इसमें विवाह के लिए योग्य युवक व युवतियों का परिचय समारोह होगा। 14 प्रतिभावानों का सम्मान होगा। समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया, महासचिव सुधीर चौरसिया और प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय चौरसिया ने शुक्रवार को लक्सा स्थित एक होटल में पत्रकारों को ये जानकारी दी।
बताया कि उद्घाटन असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य और सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद चौरसिया करेंगे। सम्मेलन में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वरिष्ठ समाजसेवियों को चौरसिया रत्न से नवाजा जाएगा। चौरसिया समाज का दिल्ली में छात्रावास बनाया जा रहा हैं। सम्मेलन में प्रदेश के विधायक सुरेंद्र चौरसिया, राजेंद्र भारती, पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया, पूर्व विधायक रामेश्वर चौरसिया आदि शामिल होंगे।
बहुमंजिला इमारतों में लगेंगे सौर ऊर्जा संयंत्र
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत वीडीए में कार्यशाला हुई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग और सीडीओ हिमांशु नागपाल ने कहा कि बहुमंजिला समूह आवास योजनाओं में सौर ऊर्जा प्रणाली की स्थापना की जाए। इसके लिए पूर्वांचल रियल स्टेट एसोसिएशन, बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिशन, आर्किंटेक्ट-इंजीनियर एसोसिएशन को निर्देश दिया गया। सीडीओ ने भवनों, प्रतिष्ठानों में सौर ऊर्जा प्रणालियों की स्थापना के बारे में जानकारी दी।
एग्री-स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने की जरूरत
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (इरी) के आइसार्क ने राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) उत्तर प्रदेश के 63 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी की। इस दौरे का उद्देश्य उन्नत कृषि प्रौद्योगिकियों और उद्यमशीलता विकास के माध्यम से ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के मार्ग तलाशना है।
आइसार्क के निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने कहा कि किसान उत्पादक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और एग्री-स्टार्टअप्स को सशक्त बनाने की जरूरत है। नाबार्ड क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य महाप्रबंधक पंकज कुमार, इरी वैज्ञानिक डॉ. विक्रम पाटिल ने स्टार्टअप, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठन के लिए मेंटरिंग और कृषि-व्यवसाय इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित करने की योजना पर बात की।
उद्यमिता से पूरा होगा विकसित भारत का लक्ष्य
बीएचयू महिला महाविद्यालय के गृह विज्ञान विभाग में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रो. अपर्णा खन्ना ने कहा कि पोषण साक्षरता और उद्यमिता से विकसित भारत के लक्ष्य को पाया जा सकता है। सामुदायिक विज्ञान नई शिक्षा नीति के कौशल विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को कुशल बनाने के लिए सामुदायिक विज्ञान के शिक्षकों को युवा की तरह सोचना होगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी इरविन कॉलेज की पूर्व निदेशक प्रो. अनूपा सिद्धू ने कहा कि सामुदायिक विज्ञान से हमें महिलाओं को इसी भाव के साथ आगे बढ़ाना होगा। अध्यक्षता प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने की। प्रो. मुक्ता सिंह, प्रो. कल्पना गुप्ता, प्रो. ललिता माैजूद रहीं।
दलहनी फसलों की खेती से समृद्ध होंगे किसान
परमानंदपुर साधन सहकारी समिति में कृषि विभाग की ओर से किसान मेला लगा। मुख्य अतिथि भाजपा नेता राम विलास पटेल रहे। उन्होंने कहा कि भूमंडलीकरण के दौर में अब खेती के तौर तरीकों में भी काफी बदलाव की आवश्यकता है। किसानों को अब खेती की नवीनतम तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तायुक्त खाद्यान्न का उत्पादन करना होगा। किसान रबी मौसम की फसलों की खेती के साथ ही तिलहनी व दलहनी फसलों की खेती को बढ़ावा देना होगा। इस दौरान खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह, राजकुमार पटेल, रविंद्र पटेल, संदीप तेवतिया आदि उपस्थित थे।
एयरपोर्ट विस्तारीकरण के वैकल्पिक मार्ग को लेकर विरोध
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य के दौरान रास्ता रोकने से नाराज ग्रामीणों ने विरोध किया। विस्तारीकरण कार्य के दौरान जेसीबी से बाबतपुर मंगारी मार्ग की खोदाई होने लगी। इसके चलते बैकुंठपुर, दयालीपुर, सुजानीपुर सहित तकरीबन 12 गांवों के ग्रामीण वहां पहुंच गए। सभी वैकल्पिक रास्ते की मांग कर विरोध करने लगे। यह मार्ग बाबतपुर रेलवे स्टेशन की तरफ भी जाता है।
पहुंची पुलिस और राजस्व टीम के समझाने पर भी ग्रामीण नहीं माने। एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनका रास्ता नहीं रोका जाएगा। विस्तारीकरण वैकल्पिक रास्ते के बाद ही होगा। अहलूवालिया कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से यहां निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए आसपास के गांवों की जमीनों का अधिग्रहण किया गया है।
आठ गुना बढ़ा किराया दुकानदारों ने जताई आपत्ति
मालवीय मार्केट की 350 दुकानों का किराया आठ गुना बढ़ने से नाराज दुकानदारों ने सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव से मुलाकात कर आपत्ति जताई। साथ ही मांगों से जुड़ा ज्ञापन सौंपा। दुकानदारों ने कहा कि किराया बढ़ाने से पहले न तो बातचीत की गई न ही उन्हें बताया गया। अचानक बढ़े किराये का नोटिस पकड़ा दिया गया।
मालवीय मार्केट व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष अभिषेक केसरी ने बताया कि यहां चार मार्केट हैं। मालवीय, नेहरू, कृपलानी और गुरु नानक मार्केट है। यह जमीन राजा विजयानगरम की है। यह नॉन जेड ए की जमीन है। नगर निगम दावेदार नहीं है। भारत पाकिस्तान बंटवारे के समय पाकिस्तान छोड़कर भारत आए लोगों को यह जमीन दी गई थी। उस समय मेंटेनेंस के नाम पर 5 रुपये महापालिका को दिया जाता था।
बाद में महा पालिका की ओर से कहा गया कि मेंटेनेंस की रसीद खत्म हो गई है। इस नाते किराया की रसीद काटने लगे। नियमानुसार पांच साल पर 12.5 प्रतिशत और 20 साल पर 50 प्रतिशत दर बढ़ाना चाहिए। तीस साल से हम लोग किराया दे रहे हैं। सहायक नगर आयुक्त ने कहा कि बैठक कर निर्णय लिया जाएगा।
नाै थानों में स्नातक के विद्यार्थी 30 दिन तक लेंगे प्रशिक्षण
कमिश्नरेट के नौ थानों में स्नातक के छात्र-छात्राएं 30 दिन का प्रशिक्षण लेंगे। उद्देश्य यह होगा कि छात्र-छात्राओं के संज्ञानात्मक और लोक कौशल में सुधार हो। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस लाइंस के सभागार में विद्यापीठ, हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज, सनबीम कॉलेज फॉर वूमेन और जगतपुर पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं से रूबरू हुए।
सीपी ने बताया कि 30 दिवसीय स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम चलाया जा रहा है। यूजीसी ने उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए इसे अनिवार्य कर दिया है। उन्हें दो क्रेडिट पॉइंट मिलेंगे, उसका उल्लेख मार्कशीट में होगा। यह छात्र-छात्राओं को अच्छा नागरिक बनने में मदद करेगा। काशी विद्यापीठ के एनएसएस के कोऑर्डिनेटर रविंद्र कुमार ने कहा कि यह अच्छा अवसर है। इस दौरान जेसीपी डॉ. के एजिलरसन, डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा, एडीसीपी वरुणा जोन सरवणन टी मौजूद रहे।
भाषण में हनुमान को मिला पहला स्थान
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के हिंदी और अन्य भारतीय भाषा विभाग में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती मनाई गई। इस उपलक्ष्य पर हुई भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़चढ़कर भागीदारी की। प्रतियोगिता में हनुमान को पहला स्थान मिला जबकि दूसरे पर जनमेजय और तीसरे पर आकाश सिंह रहे।
पीएम श्री विद्यालय में बच्चों ने प्रस्तुत किया योग
पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय भिटारी में शुक्रवार को दो दिवसीय वार्षिकोत्सव, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रामपूजन पटेल रहे। बच्चों ने योग और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
बहुत लाभकारी होगा स्वयं प्लेटफॉर्म
नोडल अधिकारी प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि स्वयं (स्टडी वेब्स ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पायरिंग माइंड्स) प्लेटफॉर्म उच्च शिक्षा को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने का एक प्रयास है। यह भारत का अपना ऑनलाइन प्लेटफाॅर्म है। वह शुक्रवार को संस्कृत विश्वविद्यालय में स्वयं पाठ्यक्रमों के संबंध में आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कल 49 केंद्रों पर होगी पीसीएस परीक्षा
उत्तर प्रदेश संघ लोक सेवा आयोग की ओर से पीसीएस प्री (सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा(प्रा.)) परीक्षा रविवार को जिले में बने 49 केंद्रों पर कराई जाएगी। दो पाली (सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक और दोपहर 2.30 बजे से 4.30 बजे तक) में होने वाली परीक्षा में 22656 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अब जबकि परीक्षा में केवल एक दिन का समय बचा है, ऐसे में परीक्षा केंद्रों पर छात्र संख्या के हिसाब से परीक्षा की तैयारियां शुक्रवार को चलती रही। ब्यूरो
23 से पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा
पॉलिटेक्निक के विषम सेमेस्टर की परीक्षा 23 दिसंबर से शुरू होगी। यह परीक्षा पहले 20 दिसंबर से होनी वाली थी, लेकिन किसी कारण से इसमें बदलाव किया गया है। परीक्षा 13 जनवरी तक चलेगी। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा 23 दिसंबर से 13 जनवरी तक होगी।
बीएचयू लाइब्रेरी का हुआ विस्तार 700 विद्यार्थी और बैठ पाएंगे
बीएचयू की लाइब्रेरी यानी केंद्रीय ग्रंथालय का विस्तार हुआ है। कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने विस्तार खंड को विद्यार्थियों को समर्पित किया। भूतल के साथ ही पांच मंजिला वाली इस नई बिल्डिंग के जुड़ने के बाद अब लाइब्रेरी में 700 विद्यार्थी और बैठ पाएंगे। इस तरह एक साथ 2500 विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे जबकि 50 हजार से किताबें भी यहां रखी जा सकेंगी।
लाइब्रेरी के विस्तारीकरण समारोह में कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने नये भवन का दौरा कर यहां विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा भी लिया। पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. डीके सिंह ने बताया कि पुस्तकालय की क्षमता वर्ष 2021 के मुकाबले तकरीबन तीन गुना हो गई है। वर्ष 2021 में 850 विद्यार्थियों की क्षमता थी। यहां 15 लाख से अधिक पुस्तकें, 90,000 ई-पुस्तकें तथा 17,000 से अधिक शोध पत्र हैं।
असि नदी की जांच के लिए नोडल नामित
वीडीए की ओर से असि नदी के पुनरुद्धार के लिए राजस्व अभिलेखों की जांच होगी। इसके लिए टीम गठित कर दी गई है। इसका नोडल अधिकारी वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा को बनाया गया है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार इस टीम में वीडीए, नगर निगम, राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल हैं। जो नदी के प्रवाह क्षेत्र में नदी की चौड़ाई की जांच करेंगे।
शहर ग्रीन, अर्दली बाजार यलो जोन में
लगातार 48 घंटे तक यलो जोन में रहने के बाद शुक्रवार को वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। शहर की हवा तो ग्रीन जोन में पहुंच गई, लेकिन अर्दली बाजार का इलाका ऑरेंज जोन से यलो जोन में बना हुआ है। अर्दली बाजार का एयर क्वालिटी इंडेक्स 194 पहुंच गया। शहर का एक्यूआई 98, भेलूपुपर को 80, बीएचयू का 57 और मलदहिया का एक्यूआई 63 रहा। वहीं अधिकतम तापमान 25.5 और न्यूनतम 9.5 रहा। इससे शुक्रवार को दिन में ठंड का अहसास कम रहा। दिन में भी तेज धूप रही, शाम को भी राहत रही।