फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : ज्ञानवापी के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका, चार के खिलाफ गैंगस्टर

Sun, 08 Dec 2024 09:10 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी में मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों में सुनवाई टल गई। ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। वहीं, मिर्जामुराद थाने में चार लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम अवधेश कुमार की कोर्ट में ज्ञानवापी में उर्स सहित अन्य धार्मिक आयोजनों की मांग के मामले में हिंदू पक्ष के लोगों को पक्षकार बनाने के खिलाफ लंबित निगरानी अर्जी पर सुनवाई अब आठ जनवरी को होगी। इस मामले में अभी लोअर कोर्ट से पत्रावली नहीं आने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। यह निगरानी अर्जी लोहता क्षेत्र के मुख्तार अहमद ने दाखिल की है। 

विज्ञापन


वहीं, जिला जज संजीव कुमार पांडेय की अदालत में मां शृंगार गौरी और ज्ञानवापी से जुड़े अन्य मामलों में सुनवाई टल गई। सभी मामलों की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी। मां शृंगार गौरी केस की चार वादिनी महिलाओं की ओर से कहा गया कि ज्ञानवापी से संबंधित मुकदमों की सुनवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट में ट्रांसफर करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने तक सुनवाई टाल दी जाए। 

चालक की हत्या के दो दिन बाद दो चौकी इंचार्ज हटाए गए
सुदामापुर, शंकुलधारा निवासी मालवाहक के चालक सुरेश राजभर की हत्या के दो दिन बाद डीसीपी काशी जोन ने भेलूपुर थाना क्षेत्र की खोजवा और बजरडीहा चौकी के इंचार्ज को हटा दिया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि खोजवा चौकी इंचार्ज अमित कुमार शुक्ला को चितईपुर थाने और बजरडीहा चौकी इंचार्ज सौरभ कुमार को चौक थाने में तैनात किया गया है। दरोगा जितेंद्र कुमार को खोजवा चौकी और दरोगा विकल्य शांडिल्य को बजरडीहा चौकी के इंचार्ज के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, दरोगा वैभव कुमार शुक्ला को चौक थाने की ब्रह्मनाल चौकी के इंचार्ज के पद पर तैनात किया गया है।  

विज्ञापन

पुलिस बूथ के पास दुकानदार को मनबढ़ों ने पीटा
मंडुवाडीह चौराहे पर पुलिस बूथ के पास बीती देर शाम मनबढ़ों ने साड़ी दुकानदार की पिटाई कर दी। मंडुवाडीह बाजार में जयहिंद उपाध्याय की साड़ी की दुकान है। पिता और पुत्र अनीस उपाध्याय दुकान पर थे। इस बीच पहुंचे छह सात की संख्या में युवकों ने अचानक हमला कर दिया। जयहिंद को बचाने पहुंचे पुत्र अनीस को भी पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरों से मनबढ़ों की शिनाख्त करने में जुट गई है। 

सोशल मीडिया पर परेशान करने की शिकायत
सारंग तालाब, तपोवन आश्रम नक्खीघाट क्षेत्र की एक युवती की तहरीर पर जैतपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवती के अनुसार, एक व्यक्ति पिछले साल से लगातार सोशल मीडिया पर उसे परेशान कर रहा है। वह व्यक्ति उसके नाम या किसी और के नाम पर फेक अकाउंट सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बनाकर उसे ब्लैकमेल करता है। 

मालवाहक के चालक की हत्या के पांच आरोपी जेल गए
सुदामापुर, शंकुलधारा पोखरा इलाके में रहने वाले मालवाहक के चालक सुरेश राजभर (34) की गोली मार कर हत्या करने के पांच आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को मुख्य आरोपी किरहिया, खोजवा का विशाल सोनकर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, खोजवा के विक्की जायसवाल, मानिकपुर बजरडीहा के मनोज कुमार चौहान, शंकुलधारा पोखरा के अच्छे चौहान उर्फ कल्लू और सुदामापुर की कुसुम देवी को पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा था।

भद्रकाली मंदिर से लाखों की चोरी
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के सरावा गांव स्थित मां भद्रकाली शक्तिपीठ मंदिर से लाखों की चोरी होने की सूचना पाकर माैके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सुबह दर्शन को पहुंचे लोगों ने मंदिर की हालत देख आसपास भी सूचना दी।

उधार पैसे न देने पर अधिवक्ता की पिटाई
रामनगर क्षेत्र के साहित्यनाका चुंगी निवासी अधिवक्ता नितेश कुमार अग्रहरी की सामने घाट में उनके दोस्त यशवंत सिंह के कमरे पर उधार पैसे न देने पर आशापुर निवासी तुषार सिंह ने पिटाई कर दी। अधिवक्ता ने घटना के बाबत लंका थाने में केस दर्ज कराया है। मामले की पुलिस जांच कर रही है। 

चार के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा
रखौना गांव निवासी सौरभ पटेल और उसके सहयोगी सुल्तानपुर जिले के रामपुर गांव के दीपक हरिजन व गोसाईगंज गांव के अमित प्रकाश सिंह के अलावा मिर्जापुर जिले के कछवा थाना के दामोदरपुर गांव के उधम सिंह के खिलाफ मिर्जामुराद थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी मिर्जामुराद सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि सौरभ पटेल अपने गिरोह के साथियों के साथ चोरी सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता है। 

पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी गिरफ्तार
जैतपुरा थाने की पुलिस की अभिरक्षा से फरार हुआ एक आरोपी अर्दली बाजार से पकड़ा गया। आरोपी की पहचान बिहार के दरभंगा जिले के बिशनपुर के मूल निवासी और गणेश दीक्षित लेन, चौखंभा में रहने वाले शुभम चौधरी के रूप में हुई। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट किया था। विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के आदेश से शुभम को जिला जेल में दाखिल करने के लिए पुलिस ले जा रही थी।

कार में टक्कर पर पिटाई, केस
कार में टक्कर लगाने पर मनबढ़ कार सवारों की पिटाई से भाई और बहन घायल हो गए। पीड़िता ने थाने में केस दर्ज कराया। सुल्तानपुर के अखंडनगर निवासी श्रेया पांडेय ने बताया कि वह कार से वाराणसी आ रही थी। हरहुआ में कार में टक्कर हो गई। उधर, मिर्जामुराद क्षेत्र के आषाढ़ गांव में मनबढ़ों ने साइबर कैफे संचालक की पिटाई कर दी। पीड़ित ने मनबढ़ों के खिलाफ के दर्ज कराया। 

अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप
राज्य जीएसटी अधिकारियों पर अनुशासनहीनता और उत्पीड़न, भ्रष्टाचार का आरोप कर अधिवक्ताओं ने लगाया है। इसकी शिकायत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से की गई है। शुक्रवार की शाम सेल्स टैक्स बार में संयुक्त अधिवक्ताओं की बैठक में जीएसटी शिकायत निवारण समिति के सदस्य असीम जफर ने कहा कि पारदर्शिता के लिए लागू की गई फेसलेस प्रणाली का गलत तरीके से उपयोग हो रहा है। 

इस माह लगेंगे दस हजार रूफ टॉप सोलर : सीडीओ 
पीएम सूर्य घर योजना के तहत शनिवार को सीडीओ हिमांशु नागपाल ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि दस हजार रूफ टॉप सोलर लगाने का लक्ष्य इस माह हर हाल में हासिल करना है। वेंडर किस मोहल्ले में जा रहे हैं, कितनी जगह कैंप लगा रहे हैं। कितने लोगों से मिल रहे हैं, इसकी सूचना रोजाना अपडेट करें। 

महिला ने फंदा लगाकर जान दी
मच्छरहट्टा वार्ड में रहने वाली महिला साक्षी (24) ने बीती शाम फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पाकर रामनगर थाने की पुलिस ने साक्षी के मायके वालों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। कानपुर की रहने वाली साक्षी की शादी फरवरी 2023 में मच्छरहट्टा निवासी अर्जुन शर्मा के साथ हुई थी। दोनों का एक वर्ष का बेटा विवान है। विवान का जन्मदिन शुक्रवार को ही मनाया गया था। अर्जुन ने बताया कि शनिवार को सब कुछ ठीक था। शाम के समय वह घर से बाहर गया था। घर लौटा तो कमरा अंदर से बंद था।  

बिजली कर्मियों का विरोध-प्रदर्शन
पूर्वांचल डिस्कॉम को निजी हाथों में सौंपने के विरोध में बिजलीकर्मियों ने बीती शाम भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर में सभा की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति सदस्यों ने निजीकरण के प्रस्ताव को वापस न लेने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।  निजीकरण समस्या का समाधान नहीं है। परियोजना मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। 

वक्ताओं ने बताया कि बिजली का निजीकरण आम जनमानस और कर्मचारी हित में नहीं है। अध्यक्षता मायाशंकर तिवारी और संचालन अंकुर पांडेय ने किया। नरेंद्र वर्मा, एसके सिंह, विजय सिंह, मौजूद रहे। 

जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर से पकड़े 23 अवैध निर्माण
वीडीए वीसी पुलकित गर्ग ने शनिवार को कार्यालय में टीम के साथ जियोट्रिक्स साॅफ्टवेयर के माध्यम से सैटेलाइट इमेजरी का उपयोग करते हुए शहर में हो रहे 23 अवैध निर्माणों को चिह्नित किया। सभी जगह सील की कार्रवाई की गई।

जोन एक के शिवपुर एवं सिकरौल में 17 नव निर्माणों का मौके पर सर्वे किया गया। इसमें नौ का मानचित्र स्वीकृत था और दो जगहों पर सरकारी भवनों में काम हो रहा था। छह स्थानों पर बिना मानचित्र स्वीकृत के ही काम हो रहा था। जोन दो के सारनाथ, आदमपुर एवं जैतपुरा में तीन स्थानों पर मानचित्र स्वीकृत मिला जबकि एक जगह बाउंड्रीवाल और पांच जगहों पर बिना मानचित्र स्वीकृति के ही काम हो रहा था। 

जोन तीन के दशाश्वमेध, चेतगंज, चौक एवं कोतवाली) में सात स्थानों का सर्वे किया गया। इसमें सभी स्थानों पर बिना स्वीकृति के ही निर्माण कार्य हो रहा था। जोन चार के नगवां और भेलूपुर में पांच जगहों का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान सचिव, वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, संयुक्त सचिव परमानंद यादव मौजूद रहे। 

कर्मचारी संघ के निर्विरोध अध्यक्ष बने अंजनी
श्रम विभाग कर्मचारी संघ मंडलीय शाखा का चुनाव नाटी इमली स्थित अपर श्रमायुक्त कार्यालय में हुआ। इसमें निर्विरोध अध्यक्ष अंजनी कुमार राय, उपाध्यक्ष शिवशंकर मौर्य और हरिश्चंद्र, मंत्री अभिषेक रघुवंशी चुने गए। संगठन मंत्री ओम गायत्री, रविशंकर गुप्ता, सर्वेश चतुर्वेदी, वीरेंद्र सिंह, बृजभूषण तिवारी, विनीत परिहार, विकेश सिंह और कोषाध्यक्ष गौरव सिंह बनाए गए। चुनाव पर्यवेक्षक अनुज कुमार और कृष्ण दत्त पांडेय रहे। 

ब्रोशर में भूकंप वैज्ञानिक को नहीं मिली जगह
बीएचयू के जियोफिजिक्स विभाग ने अपनी उपलब्धियों और पुरातन छात्रों का एक ब्रोशर जारी किया है। इसमें 180 से ज्यादा प्रोफेसरों, वैज्ञानिकों और शोधार्थियों को जगह दी गई है। लेकिन, इस विभाग के भूकंप वैज्ञानिक डॉ. रोहताश कुमार को जगह नहीं मिल सकी। पिछले साल चार मई को रोहताश टीचर्स अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। रोहताश ही नहीं बल्कि उनके शोध छात्र अमृतांश को भी इस प्रॉस्पेक्टस में जगह नहीं मिली। बताया जा रहा है कि डॉ. रोहताश पर विभाग में कई तरह के मानसिक दबाव बनाए गए थे। वे काफी समय से परेशान थे। 

पांच लाख बच्चे पीयेंगे पोलियो की खुराक
जिले में पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए रविवार को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें 5,68,511 बच्चे खुराक पिएंगे। सीएमओ कार्यालय से शनिवार को जागरूकता रैली निकाली गई। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि छह दिवसीय अभियान की शुरुआत 8 दिसंबर को बूथ दिवस से होगी। 

वसंत कन्या कमच्छा में बीकॉम कोर्स होगा शुरू
बीएचयू में एकेडमिक काउंसिल की बैठक में कई कोर्स को बंद करने और कुछ नए कोर्स शुरू करने पर सहमति बनी है। अगले सत्र से वसंत कन्या कमच्छा में बीकॉम शुरू होगा। डीएवी में जर्मन स्पेनिश में यूजी डिप्लोमा, एमबीए फाइनेंस मैनेजमेंट कोर्स शुरू होगा। 

काशी विद्यापीठ के छह विद्यार्थियों का हुआ चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शनिवार को आयोजित कैंपस इंटरव्यू में छह विद्यार्थियों का चयन हुआ। विश्वविद्यालय कैंपस प्लेसमेंट सेल की समन्वयक/निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए वर्चुअल साक्षात्कार जल्द आयोजित किए जाएंगे। 

कल होगी विद्यार्थियों की काउंसिलिंग
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल के आदेश पर अटल आवासीय विद्यालय करसड़ा के विद्यार्थियों की काउंसिलिंग 9 दिसंबर को होगी। सीडीओ ने मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के प्रवक्ता डॉ. बनानी घोष और जितेंद्र कुमार काउंसिलिंग की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए नामित किया है। 

15 जनपदों में सेंटर के लिए स्कूलों  ने 810 आपत्तियां कराईं दर्ज
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के पास 15 जिले में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों पर 810 आपत्तियां आई हैं। इसके बाद से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण करने के लिए डीआईओएस सक्रिय हो गए हैं। समस्याओं के समाधान करने के लिए बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने शनिवार को कार्यालय बैठक कर समस्याओं के निस्तारण पर चर्चा की। 

वाराणसी में इस बार बोर्ड परीक्षा केंद्रों की सूची में से 18 विद्यालयों के नाम काटे गए हैं, जबकि 21 नए परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिले में कुल 125 परीक्षा केंद्र बन चुके हैं। हालांकि, परीक्षा केंद्रों को लेकर पहले भी कई शिकायतें आई थीं, जिन्हें डीआईओएस ने हल किया था। विद्यालयों द्वारा आपत्तियां दर्ज करने के प्रमुख कारणों में दूरी, सेंटर से कटे विद्यालयों के नाम, विवाद और परीक्षा केंद्रों की धारण क्षमता शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने निर्देश दिया कि परीक्षा में विद्यार्थियों को कोई परेशानी न हो, इस बात का विशेष ध्यान दिया जाए। 

ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति बनाना होगा संवेदनशील
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ट्रांसजेंडर सेल की ओर से आयोजित ओपेन माइक कार्यक्रम में वक्ताओं ने लैंगिक विषयों पर रचनात्मकता से जुड़े विषयों पर खुलकर बातचीत की। कहा गया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए समाज के लोगों को संवेदनशील बनाना होगा। हम और हमारा सफर शीर्षक से आयोजित कार्यशाला में एलजीबीटी समुदाय से जुड़े छात्रों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। ट्रांसजेंडर सेल के समन्वयक प्रो. संजय ने कहा कि कहा कि विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के विषय में विद्यार्थियों के बीच जागरूकता एवं संवेदनशीलता लाने का प्रयास किया जा रहा है। 

विद्यापीठ समेत तीन जगहों पर होगी शोध प्रवेश परीक्षा
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में शोध प्रवेश परीक्षा रविवार को होगी। विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही जगतपुर पीजी कॉलेज और हरिश्चंद्र पीजी काॅलेज में सुबह 10 बजे से अपराह्न 1.15 बजे तक परीक्षा होगी। इसमें 2400 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा को लेकर शनिवार को केंद्रों पर दिन भर तैयारियां चलती रहीं। रविवार को प्रवेश परीक्षा के बाद इसी महीने में परिणाम भी जारी करवाने की तैयारी है। 

राजकीय विद्यालय में लगा कॅरिअर मेला
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मिशन पंख पोर्टल के अंतर्गत कॅरिअर मेले का भव्य आयोजन हुआ। मेले का उद्घाटन आईटीआई के प्रधानाचार्य राजेश सिंह ने किया। मेले में छात्राओं के कॅरिअर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान हुआ। इस अवसर पर डॉ. अनीता गिरी, सरिता कुशवाहा, चंद्रिका, आरती कुमारी, नंदिता यादव, रंजना दुबे उपस्थित रहीं। 

बीएचयू : दीक्षांत के बाद शुरू होंग पीएचडी में एडमिशन
बीएचयू में पीएचडी एडमिशन को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। अगले दो दिन में एनटीए नेट, जेआरएफ और पीएचडी के लिए क्वालिफाइड अभ्यर्थियों का पूरा डेटा बीएचयू को मिल जाएगा। वहीं, दीक्षांत के बाद पीएचडी बुलेटिन जारी होने की उम्मीद है। 18 अक्तूबर को जारी हुए नेट-जेआरएफ के रिजल्ट के बाद करीब 10 हजार अभ्यर्थियों को बीएचयू पीएचडी का फॉर्म भरने का इंतजार है। 

पिछले दिनों बीएचयू की ओर से भेजी गई एमओयू की फाइल पर यूजीसी के अधिकारियों ने हस्ताक्षर कर दिया है। इसमें गोपनीयता का पालन करने की बात कही गई है। अब डेटा आते ही पीएचडी एप्लीकेशन में इसे इस तरह से फीड किया जाएगा कि रोल नंबर और डिटेल भरते ही नेट एग्जाम में मिला स्कोर भी अपने आप प्रदर्शित हो जाएगा। इससे किसी भी तरह का फर्जीवाड़ा नहीं हो सकेगा। इस बार पीएचडी की 1500 के आसपास सीटों पर एडमिशन का अनुमान है। पहली बार बीएचयू के साथ ही संबद्ध कॉलेजों में नई जुड़ी पीएचडी सीटों को भी जोड़ा जाएगा। 

हवाई हमले से बचाव का हुआ माॅकड्रिल
नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से कस्तूरबा बालिका इंटर काॅलेज अर्दली बाजार में बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण, माॅकड्रिल किया गया। प्रशिक्षित छात्राओं ने हवाई हमले, प्राथमिक चिकित्सा और आग पर काबू पाने का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा नीरज मिश्रा रहे। प्रधानाचार्य पूनम सिंह, संजय कुमार राय, डॉ. मेजर अरविंद कुमार सिंह माैजूद रहे। 

कलेक्ट्रेट में मना सशस्त्र सेना झंडा दिवस
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय की ओर से कलेक्ट्रेट सभागार में सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया गया। इस दौरान सशस्त्र सेना झंडा दिवस स्मारिका का विमोचन अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार वर्मा, ब्रिगेडियर केपी एन सिंह व ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि झंडा दिवस के माध्यम से हम भूतपूर्व व सेवारत सैनिकों व उनके परिवारों के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करते हैं। अशोक पांडेय ने भी विचार रखे। 

कूड़ा घर को लेकर व्यापारियों ने जताया विरोध
विशेश्वरगंज मंडी स्थित कूड़ाखाने की दीवार शुक्रवार की रात ढह गई। इस बीच व्यापारियों ने सफाईकर्मियों को वहां कूड़ा फेंकने से मना कर दिया। इससे विवाद हो गया। व्यापारियों ने कहा कि कूड़ेखाने की दीवार गिरी है। इससे कूड़ा बाहर सड़क पर फैला है। अपर नगर स्वास्थ्य अधिकारी से व्यापारियों ने कूड़ाखाने को कहीं और स्थानांतरित करने की मांग की। विशेश्वरगंज-भैरोनाथ व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रतीक गुप्ता ने कहा कि इसके हटने से ही मंडी में राहत होगी। 

खाद की सात दुकानों को नोटिस
कालाबाजारी रोकने के लिए शनिवार को खाद बिक्री केंद्रों की जांच की गई। टीम ने 35 दुकानों की जांच की और 11 नमूने लिए। दुकान बंद होने और रेट बोर्ड न लगाने पर मोहांव, दानगंज, बहुतरा, दर्जीपुर, बडागांव, गांगकला भट्ठा सहित सात दुकानदारों को नोटिस दिया गया। वहीं, स्टाॅक में गड़बड़ी पर धरसौना की दुकान का निबंधन प्रमाण पत्र निलंबित कर दिया गया। जिला कृषि अधिकारी संगत सिंह मौर्य ने बताया कि जिले में यूरिया, डीएपी उपलब्ध है। टीम ने दुकानों की जांच की है। 

पाणिनि कन्या में स्टूडियो का लोकार्पण
पाणिनी कन्या महाविद्यालय में गुरुकुल के बच्चियों को अध्ययन एवं अभ्यास के लिए बनाया गया ऑडियो एवं वीडियो स्टूडियो का शनिवार को उद्घाटन प्रख्यात गायक पं. ऋत्विक सान्याल ने किया। उन्होंने ध्रुपद गायन की उत्पत्ति एवं गायकी की बारीकियों से उन्हें रूबरू कराया। 10 बच्चों को सम्मानित किया। गुरुकुल की आचार्या नंदिता शास्त्री एवं डॉ. प्रीति विमर्सिनी ने इस स्टूडियो के महत्व के बारे में बताया। संयोजन डॉ. जगदीश पिल्लई ने किया। 

कैरोल गीतों संग प्रभु यीशु का किया गुणगान
सेंट पॉल चर्च सिगरा में कैंडल लाइट प्रार्थना हुई। मसीहियों ने कैंडल जलाकर कैरोल गाए और प्रभु यीशु की आराधना की। चर्च के पादरी सेम जोशुओ सिंह ने प्रार्थना कराई। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने संसार को अंधेरे से निकाला। संचालन योगेश फिलिप व सैमसन दास ने धन्यवाद ज्ञापन ने किया। उधर, दिसंबर के दूसरे रविवार को आज शहर भर के 35 चर्चों से जुड़े मसीही विविध आयोजनों के साथ प्रभु यीशु की आराधना करेंगे। दोपहर में दो बजे से छावनी स्थित महागिरजा में यूनाइटेड कैरोल सर्विस में करीब एक हजार मसीही भाग लेंगे। 

हीमोकॉन काशी में डॉ. वीपी सिंह को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
आईएमएस बीएचयू के जनरल मेडिसिन विभाग की ओर से दो दिवसीय वार्षिक रक्त विज्ञान सम्मेलन हीमोकॉन काशी 2024 का शुभारंभ हुआ। देश के कई चिकित्सा संस्थान के विशेषज्ञों ने पहले दिन एनीमिया, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया सहित खून संबंधी बीमारियों पर मंथन किया। उन्होंने कहा कि आज उपचार की नई-नई तकनीकें आ गईं हैं। ऐसे में रोग का पता चलने पर तुरंत इलाज कराना जरूरी है। 

केएन उडुप्पा सभागार में चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मान से नवाजा गया। आईएमएस के पूर्व निदेशक प्रो. वीपी सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया। रविवार को भी रक्त विज्ञान के शोध, उपचार और शिक्षा को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी। हीमोकॉन के चेयरमैन प्रो. केके गुप्ता,  सह चेयरमैन डॉ. विजय तिलक, आयोजन सचिव प्रो. एलपी मीना, प्रो. नीलेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

शिविर में कराई सेहत की जांच 
अमर उजाला और टाटा एआईजी हेल्थ इंश्योरेंस के तत्वावधान में महावीर हाइट्स लहरतारा में लगे निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में लोगों ने सेहत की जांच कराई। इस दौरान डॉक्टरों की टीम ने ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, बीएमआई के साथ ही आंखों की जांच कर उन्हें जरूरी परामर्श दिया। डॉ. सुनील गुप्ता, डॉ.एमएस रहमान, डॉ. धर्मवीर भारती के साथ ही अजय आदि की टीम ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। 

इस दौरान अधिकांश लोगों में ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर ज्यादा मिलने पर लोगों को सेहत के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी गई। रविवार यानी आठ दिसंबर को मंडुवाडीह स्थित गणपति रेजिडेंसी में दोपहर तीन बजे से शाम सात बजे तक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा। रोटरी क्लब काशी के अध्यक्ष अरुण तिवारी के निर्देशन में शिविर संबंधी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टाटा एआईजी हेल्थ इंश्योरेंस की ओर से लोगों को हेल्थ इंश्योरेंस के लाभ भी बताए जा रहे हैं। प्रचार वाहन के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

200 किसानों की सेहत की हुई जांच
कृषि विज्ञान केंद्र कल्लीपुर में स्वास्थ्य शिविर लगा। करीब 200 महिला व पुरुष किसानों के साथ स्कूली छात्रों की सेहत की जांच हुई। इस दौरान केंद्र के नए अध्यक्ष वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार सिंह चुने जाने पर उनका अभिनंदन हुआ। मुख्य अतिथि उपनिदेशक कृषि अखिलेश कुमार सिंह ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन डॉ. राहुल कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर वैज्ञानिक श्रीप्रकाश, डॉ. मनीष पांडेय, डॉ. प्रतीक्षा सिंह, राणा पीयूष आदि रहे। 

छात्राओं को बताया नैतिक मूल्य का महत्व
भारत विकास परिषद काशी की ओर से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित नीरजा माधव का अग्रसेन पीजी कॉलेज में कुटुंब प्रबोधन पर व्याख्यान हुआ। उन्होंने सनातन धर्म में परिवार प्रबोधन के महत्व को विस्तार से बताया। प्रधान अध्यापिका मिथिलेश सिंह ने नैतिक मूल्यों के बचाव पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं को नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अध्यक्ष अजय गौतम, अल्पना अग्रवाल, मीना सिंह, श्रद्धा अग्रवाल, डॉ. रूबी शाह, विशाल कपूर आदि मौजूद रहे। 

अनुदान के लिए 20 तक करें बुकिंग
किसानों के लिए अनुदान पर कृषि उपकरण पाने का एक और मौका मिला है। उप कृषि निदेशक एके सिंह ने बताया कि किसान कृषि विभाग के पोर्टल agriculture.up.gov.in पर 20 दिसंबर तक ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए चांदपुर स्थित कृषि भवन व राजकीय कृषि बीज भंडारों में संपर्क कर सकते हैं। कृषि यंत्रों पर पांच से 40 लाख रुपये   तक अनुदान मिलेगा। 

कलिकाल  में रामनाम से बड़ा कोई मंत्र नहीं
बड़े हनुमान मंदिर नगवां में सीताराम विवाह पंचमी पर राम नाम का अखंड संगीतमय संकीर्तन का समापन शनिवार को हुआ। समारोह का शुभारंभ पं. शुकदेव त्रिपाठी ने बड़े हनुमान जी का पूजन-अर्चन कर और कीर्तन मंडली का माल्यार्पण कर किया। इसके बाद अगस्त्य मुनि महाराज की कीर्तन मंडली ने संकीर्तन का शुभारंभ किया। श्री जगन्नाथ जी ट्रस्ट के तत्वाधान में आयोजित समारोह एवं ट्रस्टीगण शैलेश त्रिपाठी के संयोजन में पूरी रात राम नाम संकीर्तन मंदिर में चला।

इस अवसर पर काशी विद्वत परिषद के अध्यक्ष पं. वशिष्ठ त्रिपाठी ने कहा कि इस कलियुग में राम नाम से बड़ा कोई मंत्र ही नहीं है। इस मंत्र से हम हनुमान जी को प्रसन्न कर सकते हैं और अगर हनुमान जी प्रसन्न हो गए तो रामजी स्वत: प्रसन्न हो जाएंगे। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से श्री जगन्नाथ जी ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी दीपक शापुरी, आलोक शापुरी भी जुड़े। इस अवसर पर महामंत्री प्रो. राम नारायण द्विवेदी, ट्रस्ट के अध्यक्ष बृजेश सिंह, संजीव रे, प्रो. गोपाबंधु मिश्रा, अनिल केडिया, रवि प्रताप सिंह, उत्कर्ष श्रीवास्तव मौजूद रहे। 

पंकज मोदी ने बाबा विश्वनाथ व अक्षयवट हनुमान के किए दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी ने शनिवार को बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए। शाम को पंकज मोदी बिना किसी प्रोटोकॉल के बाबा दरबार पहुंचे और विधिविधान से दर्शन-पूजन किया। बाबा दर्शन के बाद उन्होंने धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान का दर्शन-पूजन किया। महंत नील कुमार मिश्रा व कमल मिश्रा ने अंगवस्त्रम और प्रसाद आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया। दर्शन-पूजन के बाद मंदिर महंत ने अक्षयवट हनुमान के मान्यताओं से पंकज मोदी को रूबरू कराया। इसके पूर्व वह स्वर्वेद महामंदिर में आयोजित विहंगम योग के शताब्दी समारोह में भी शामिल हुए थे। 

बीएचयू मालवीय भवन में लगेगी तीन दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी
बीएचयू में महामना पं. मदन मोहन मालवीय स्मृति पुष्प प्रदर्शनी 25 से 27 दिसंबर तक लगेगी। मालवीय भवन परिसर में लगने वाली प्रदर्शनी में बीएचयू उद्यान विभाग, छात्रावासों सहित बरेका, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों की टीम हिस्सा लेगी। प्रदर्शनी में गुलदावदी, गुलाब के फूल, फल, सब्जी, कलात्मक पुष्प-सज्जा, मंडप और मालवीय जी पर आधारित वास्तुकला के नमूनों का प्रदर्शन किया जाएगा। 

विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें यह बताया गया है कि संस्थागत/व्यक्तिगत प्रतियोगी इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आवेदन पत्र बीएचयू उद्यान विशेषज्ञ कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। फॉर्म भरकर 22 दिसंबर को कार्यालय में जमा किया जा सकता है। 

बीएचयू में 11 को अहिल्याबाई का त्रिशताब्दी समारोह
बीएचयू में 11 दिसंबर को अहिल्याबाई होलकर का त्रिशताब्दी समारोह मनाया जाएगा। अहिल्याबाई होलकर पर पहली बार काशी में भव्य कार्यक्रम होगा। बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में दोपहर तीन बजे से समारोह की शुरुआत होगी। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह मुकुंद आएंगे। वहीं, अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्छी समारोह समिति के कार्याध्यक्ष उदय सिंह राजे होलकर विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसी समिति की सदस्य डॉ. माधुरी कानिटकर और अध्यक्ष डॉ. चंद्रकला पाडिया भी मौजूद रहेंगे। 

नवग्रहों की बाधा से मुक्ति के लिए आज निकलेगी नवग्रह यात्रा
काशी खंडोक्त नवग्रह प्रदक्षिणा दर्शन-पूजन यात्रा रविवार को निकलेगी। विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालु दुर्गाघाट स्थित मां मंगलागौरी मंदिर में संकल्प लेंगे। इसके बाद इसी मंदिर में ही स्थित गभीस्तीश्वर महादेव का दर्शन-पूजन कर यात्रा की शुरुआत होगी। श्रद्धालु काशी में शिवलिंग रूप में विराजमान नौ ग्रहों के दर्शन कर ग्रह बाधा से मुक्ति की कामना करेंगे। 

यात्रा संचालक उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि स्कंद पुराण में काशी में शिवलिंग स्वरूप में विराजमान नौ ग्रहों का वर्णन मिलता है। इसके दर्शन पूजन मात्र से ग्रहजनित कष्ट, बाधा, विघ्न, मानसिक चिंता दूर हो होते हैं। यात्रा गभीस्तीश्वर महादेव से संकल्प लेकर शुरू होगी और ज्ञानवापी कूप के पास व्यासपीठ पर आसीन जितेंद्रनाथ व्यास के दर्शन-पूजन के साथ समप्त हो जाएगी। यात्रा में वाराणसी के अलावा आसपास जिलों के करीब 50 श्रद्धालु शामिल होंगे। 

श्रद्धालु गंभीस्तीश्वर महादेव (दुर्गाघाट), नवग्रहेश्वर महादेव (पटनी टोला), सिंधिया घाट मंगलेश्वर महादेव, बुधेश्वर महादेव, वृहस्पतिश्वर महादेव, चंद्रेश्वर महादेव (सिद्धेश्वरी गली), राहेश्वर महादेव (मणिकर्णिश्वर महादेव के पास), केतुकेश्वर महादेव (मणिकर्णिका घाट), शुक्रेश्वर महादेव (कालिका गली), शनिश्चेश्वर महादेव (काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर) एवं मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। 

श्रद्धालुओं का आरोप, गर्भगृह में प्रवेश के लिए मांगे गए 500 रुपये
वाराणसी। श्री अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचीं महिला श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दर्शन-पूजन के दौरान अव्यवस्थाएं रहीं। दर्शन के दौरान धक्का-मुक्की का सामना भी करना पड़ा। वहीं, श्रद्धालुओं का आरोप था कि गर्भगृह में प्रवेश के लिए 500-500 रुपये की मांग की गई। शनिवार को अन्नपूर्णा मंदिर में साक्षी विनायक मंदिर के महंत की पारी थी। 17 दिन के व्रत के उद्यापन के दौरान मंदिर में भीड़ थी।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि ब्राह्मणों ने भीड़ का दबाव बढ़ता देख कई श्रद्धालुओं को धक्का दे दिया। इससे कई श्रद्धालुओं के प्रसाद की थाली गिर गई। गर्भगृह में प्रवेश के लिए 500-500 रुपये भी मांगे गए। इस बारे में मंदिर प्रबंधन ने कहा कि साक्षी विनायक की पारी के दौरान अव्यवस्थाओं की शिकायत मिली है। इसकी जांच की जाएगी। अव्यवस्थाओं को जल्द दूर कराया जाएगा। 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज आएंगे वाराणसी
महाकुंभ में रेल सेवाओं की हकीकत जानने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार की सुबह साढ़े 10 बाबतपुर एयरपोर्ट पर पहुंचेगे। यहां से वह सड़क मार्ग से कैंट स्टेशन या फिर बनारस स्टेशन आएंगे और स्पेशल यान से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए प्रयागराज तक जाएंगे। झूंसी ब्रिज समेत अन्य कई विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं की पड़ताल करेंगे। इसके पूर्व वह कैंट स्टेशन पर रोपवे का कार्य और स्टेशन पर यात्री सुविधाएं, महाकुंभ की तैयारियों समेत अन्य परियोजनाओं के बारे में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन समेत अन्य अधिकारियों से जानकारियां लेंगे।

जगतपुर काॅलेज में चेकिंग के नाम पर भड़के छात्र
रोहनिया जगतपुर पीजी कालेज मे शोध प्रवेश परीक्षा मे कालेज के गेट पर परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियो की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कुछ छात्र तलाशी नहीं देने की बात पर जांच कर रहे अध्यापकों से नोंकझोंक करने लगे। तलाशी के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया।



प्राचार्य डाॅ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हमारे यहां 1387 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होना है। गेट पर तलाशी के दौरान कुछ छात्र नाराजगी जता रहे थे, मगर जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। शांति पूर्ण ढंग से परीक्षा चल रहा है।
विज्ञापन

ऑटो यूनियन के अध्यक्ष और एडीआरएम में नोकझोंक
वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन के ऑटो स्टैंड में साफ-सफाई और पेयजल की समस्या को लेकर पहुंचे ऑटो यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह और एडीआरएम लालजी चौधरी के बीच शनिवार को तीखी नोकझोंक हुई। ऑटो यूनियन के अध्यक्ष का आरोप है कि एडीआरएम ने उन्हें डांटकर भगा दिया। इसे लेकर ऑटो चालकों में काफी नाराजगी है। 

वह शनिवार की सुबह रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर एडीआरएम की शिकायत करेंगे। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के आगमन को देखते हुए एडीआरएम लालजी चौधरी स्टेशन का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान ऑटो यूनियन के अध्यक्ष भगवान सिंह ने ऑटो स्टैंड की सफाई और पेयजल समस्या के बारे में बताया। इस पर एडीआरएम ने भगवान सिंह को डपट दिया। इस पर दोनों के बीच नोकझोंक हुई। अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ। ऑटो यूनियन के अध्यक्ष ने बताया कि एडीआरएम की शिकायत रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें