फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में वाराणसी की खास खबरें : तीन लाख न देने पर पीटा, जान से मारने की धमकी, लॉन संचालकों को दी हिदायत

Sat, 14 Dec 2024 12:31 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News : वाराणसी के मलदहिया कबाड़ मंडी के पास तीन युवकों ने एक वाहन चालक की पिटाई कर दी। आरोप है कि तीन लाख रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की भी धमकी दी गई। वहीं, आदमपुर थाना की पुलिस ने में लॉन, बैंक्वेट के बाहर लगने वाले जाम को लेकर लॉन संचालकों के साथ बैठक की। हिदायत दी कि यदि बरात से यातायात न बाधित होने पाए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मलदहिया के कबाड़ मंडी में बीती रात बुलेट सवार तीन युवकों ने माल वाहक वाहन चालक की पिटाई कर दी। चालक का आरोप है कि युवकों ने तीन लाख रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। चेतगंज थाने में तीनों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसमें दो की पहचान विद्यापीठ छात्र के रूप में हुई है।

विज्ञापन


कानपुर के ककवन निवासी विनीत कुमार तिवारी ने बताया कि वह कानपुर से माल वाहक वाहन लेकर कबाड़ मंडी मलदहिया में पहुंचा था। इस बीच बाइक सवार तीन युवक आए और पिटाई कर पैसे छीनने लगे। युवकों ने धमकी दी कि तीन लाख रुपये दो या अपने मालिक से मंगवाओ नहीं तो जान से मार देंगे। चेतगंज थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की पहचान काशी विद्यापीठ के एनडी हास्टल के छात्र अभिषेक यादव, निशान्त सिंह और कबाड़ मंडी निवासी समीर राय के रूप में हुई है।

छात्रा से इंस्टाग्राम आईडी मांगने के आरोप में दो छात्र हिरासत में
उदय प्रताप इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा से इंस्टाग्राम आईडी मांगने के आरोप में पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया है। शुक्रवार की दोपहर बाद परीक्षा देकर छात्रा घर लौट रही थी, उसी समय बाइक सवार दो छात्रों ने रास्ता रोक कर इंस्टाग्राम आईडी की मांग करने लगे। आरोप है कि छात्रों ने छात्रा से अभद्रता भी की। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने दोनों छात्रों को हिरासत में ले लिया है। दोनों छात्र उदय प्रताप इंटर कॉलेज के हैं।

विज्ञापन

पुजारी की मौत के बाद पत्नी गई मायके, कमरे में ताला बंद, पुलिस शांत
गायघाट में किराए के मकान में रहने वाले पुजारी अमित शर्मा की मौत के चार दिन बाद भी कोतवाली पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। पत्नी जूली अपने 15 वर्ष के बेटे समीर के साथ मायके चली गई है। गायघाट में जिस मकान में अमित परिवार के साथ किराए पर रहता था, उसमें ताला बंद है।

मंगलवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के गायघाट में सूरज कुमार मेहरा के मकान में किराए पर रहने वाले पुजारी अमित शर्मा ने घर के अंदर पूजन के दौरान मां काली दर्शन दो कहते हुए गला रेत लिया था। अस्पताल में पुजारी की मौत हो गई थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार अब तक इस मामले में किसी की ओर से थाने पर कोई सूचना या तहरीर नहीं दी गई।

अमित शर्मा की पत्नी जूली का मायका नाटी इमली में है। अमित की मौत के बाद जूली अपने बेटे के साथ मायके में है। जूली के परिजनों ने बताया कि पति की मौत के बाद से जुली पूरी तरह से टूट गई है। बेटे समीर को संभाल पाना भी बड़ा मुश्किल हो रहा है।

पुलिस ने लॉन संचालकों को दी हिदायत, जाम लगा तो कार्रवाई तय
आदमपुर थाना क्षेत्र में लॉन, बैंक्वेट के बाहर लगने वाले जाम को लेकर पुलिस ने शुक्रवार को लॉन संचालकों संग बैठक की। इस दौरान हिदायत दी कि यदि बरात से यातायात में बाधा हुई तो लान संचालकों और बरात मालिक पर कार्रवाई तय है।

बैठक में कोनिया, मच्छोदरी, हनुमान फाटक और आदमपुर क्षेत्र के लॉन संचालकों को पुलिस ने कहा कि बरात और पार्किंग की व्यवस्था के कारण जाम नहीं लगना चाहिए। साथ ही आतिशबाजी सीमित और सावधानी पूर्वक हो। लान के अंदर और बाहर सीसी कैमरे जरूर हो, जिनके यहां नहीं हो, वह लगवा लें।

विहिप के पूर्व कोषाध्यक्ष का निधन
विहिप के पूर्व कोषाध्यक्ष केवल कृष्ण कपूर (75) का शुक्रवार की शाम को निधन हो गया। विहिप के विभाग मंत्री कन्हैया सिंह ने बताया कि वह कई दिनों से अस्वस्थ थे। वह संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक थे। इसके अलावा महर्षि वाल्मीकि सेवा संस्थान के अध्यक्ष थे। उनकी अंत्येष्टि शनिवार की सुबह 8 बजे मणिकर्णिका घाट पर होगी। गांधी नगर सिगरा स्थित आवास से सुबह 7 बजे शवयात्रा निकाली जाएगी।

वीडीए ने दो अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से शुक्रवार को दो अवैध निर्माण सील किए गए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार शिवपुर वार्ड के गणेशपुर में सुनील कुमार की ओर से बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए गए अवैध निर्माण को सील किया। इसी प्रकार सिकरौल वार्ड के खजुरी में सईद के अवैध निर्माण को सील किया गया। 

रविंद्र नारायण तिवारी सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता नियुक्त
उत्तर प्रदेश सरकार ने रविंद्र नारायण तिवारी को सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता नियुक्त किया है। इस आशय का अपर नगर मजिस्ट्रेट आलोक कुमार वर्मा द्वारा पत्र जारी कर उन्हें वाराणसी सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के लिए कहा गया है। शुक्रवार को कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इंतिजा मुफ्ति की सद्बुध्दि के लिए हुआ यज्ञ
जम्मू-कश्मीर की नेता और समाजिक कार्यकर्ता इंतिजा मुफ्ती के सनातन धर्म और वीर सावरकर पर की गई अभद्र टिप्पणी पर भाजपा और महावीर सेना के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आक्रोश जताया। उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के चंदुआ वीर बाबा मंदिर में बुध्दि-शुद्धि यज्ञ कर भगवान से इंतिजा मुफ्ती को सद्बुध्दि देने की कामना की।

इंतिजा से माफी मांगने की मांग भी की। कहा कि उनके बयान से समाज में नफरत फैलती है। इसे रोकने के लिए हर संभव कदम उठाना जरूरी है। पूजन में भाजपा जिला उपाध्यक्ष शिव नारायण गुप्ता, विरोध प्रदर्शन में सियाराम तिवारी, शिवनारायण गुप्ता, संजीव गुप्ता, मनीष उपाध्याय, मनोज जायसवाल आदि रहे। 

45 शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
समेकित शिक्षा के अंतर्गत बीआरसी केशरीपुर में प्रशिक्षण के अंतिम दिन दिव्यांग बच्चों को पढ़ाई में आने वाली समस्याओं और उसके समाधान के संबंध में चर्चा की गई। इसमें प्रशिक्षकों ने दिव्यांग बच्चों के पहचान, दिव्यांगता के कारण व बचाव की जानकारी दी। पांच दिवसीय प्रशिक्षण में 45 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इसके बाद शिक्षकों का 80 दिनों का प्रशिक्षण ऑनलाइन दीक्षा पोर्टल पर होगा। यह प्रशिक्षण काशी विद्यापीठ खंड शिक्षा अधिकारी राम पूजन पटेल के निर्देशन में दिया जा रहा है। प्रशिक्षकों में प्रवीण सिंह, पुष्पा सिंह और पिंकेश कुमार रहे। 

कला प्रदर्शनी की पेंटिंग में दिखी युद्ध की विभीषिका
बीएचयू के दृश्य कला संकाय के 75वीं वर्षगांठ पर आदिवासी कला दीर्घा में आयोजित कला प्रदर्शनी में पेंटिंग से युद्ध की विभीषिका दिखाई गई। ये सभी चित्र जॉर्ज मेसन यूनिवर्सिटी से आए प्रोफेसर और फुल ब्राइट फेलोशिप स्कॉलर शॉवी फ्रेन, बीएचयू चित्रकला विभाग के छात्रों और तीन प्राेफेसरों ने बनाई है। पिछले तीन महीने के आपसी संवाद और विचारों के आधार पर इन्हें उकेरा गया है।

पेंटिग के माध्यम से शांति का संदेश दिया गया। यह प्रदर्शनी 22 दिसंबर तक चलेगी। प्रदर्शनी का उद्घाटन मालवीय मूल्य अनुशीलन केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार और समाज विज्ञान संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर मनोज कुमार मिश्रा ने किया। इस दौरान, मनीष अरोड़ा, मूर्ति कला विभाग अध्यक्ष प्रोफेसर ब्रह्म स्वरूप, सुरेश नायर और आयोजक डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड़ मौजूद रहे।

प्रशिक्षण में हिंदी व्याकरण की दी जानकारी
राज्य हिंदी संस्थान उत्तर प्रदेश में डीएलएड हिंदी भाषा संदर्भ सामग्री आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुक्रवार को अंतिम दिन रहा। इसमें डॉ. प्रदीप जायसवाल ने विराम चिहन, संज्ञा, सर्वनाम, काल, व्याकरण आदि का प्रशिक्षण दिया। डॉ. नीलम ने संस्कृत शब्द भंडार बढ़ाने के लिए कठिन शब्द चुनने आदि पर चर्चा की। प्रतिभागियों ने फीडबैक भी दिया।

इसमें कई जनपदों के 61 डायट प्रवक्ता रहे। संस्थान निदेशक डॉ. चंदना रामइकबाल यादव ने कहा कि डीएलएड हिंदी भाषा संदर्भ सामग्री के उपयोग से प्रभावी शिक्षण कौशल और भाषाई समझ विकसित होगी। संचालन डॉ. देवेंद्र दुबे और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमरजीत ने किया। अवधेश कुमार, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे। 

सुभासपा वाराणसी इकाई के महानगर अध्यक्ष बने जागेश्वर पटेल
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा वाराणसी इकाई का महानगर अध्यक्ष जागेश्वर पटेल को बनाया गया है। शुक्रवार को नवनिर्वाचित महानगर अध्यक्ष का स्वागत पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बलिराज राजभर ने सारनाथ में किया। बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के निर्देश पर पूर्व राज्य मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर ने प्रदेश, पूर्वांचल और वाराणसी महानगर कमेटी के पदाधिकारियोंं की घोषणा की है। 

चंदन विश्वकर्मा को प्रदेश महासचिव की जिम्मेदारी दी है। जागेश्वर राजभर को महानगर अध्यक्ष, प्रमोद महाजन को प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्वांचल, वीरेंद्र राजभर को मंडल उपाध्यक्ष वाराणसी, हर्ष राजभर को प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच, रामसूरत राजभर जिला उपाध्यक्ष, अनुज कुमार सिंह जिला उपाध्यक्ष व रविंद्र राजभर जिला महासचिव बनाया गया है। इस मौके पर विशाल चौबे जी, रानी चौबे, सोना राजभर आदि मौजूद रहे।

किसान मेला में बताए खेती के तरीके, 20 किसान को दिए नैनो यूरिया
कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के तहत ब्लाक स्तरीय एवं रबी गोष्ठी शुक्रवार को इन्दरपुर लोकापुर गांव में हुई। मुख्य अतिथि जिला कार्य समिति के सदस्य कपिल नारायण पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इससे मानव के साथ मिट्टी की भी सेहत सुधरेगी। उन्होंने कहा कि कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य विभाग से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

इस दौरान 20 प्रगतिशील किसानों को नैनो यूरिया निशुल्क दिया गया। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने किसानों कहा कि जिले में खाद व बीज पर्याप्त मात्रा में है। 31 दिसंबर तक फसलों का बीमा कराने के लिए भी प्रेरित किया।इस मौके पर पशु चिकित्साधिकारी प्रतिमा सिंह, वैज्ञानिक डॉ. अमितेष सिंह, डॉ. मनीष कुमार पांडेय ने भी विचार रखे। इस मौके पर राकेश कुमार मिश्रा, अशोक पाल, आदि रहे।

बिचौलियों से बचने के लिए पत्रावली जांच कर खरीदें धान : विपणन अधिकारी
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी सुनील कुमार भारती ने शुक्रवार को चिरईगांव ब्लाक के धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौरांकला स्थित धान क्रय केंद्र प्रथम व द्वितीय पर किसानों को खड़ा देखकर केंद्र प्रभारी कैलाश से तत्काल कुर्सी और पेयजल उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने किसानों से बोरा, वजन, भुगतान आदि का भी फीडबैक लिया। कहा कि बिचौलियों से बचने के लिए पत्रावलियों की जांच कर धान खरीदें। धान खाद्य विपणन अधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को क्रय नीति के अनुसार धान खरीदने और विभागीय नियमों का पालन करने का निर्देश दिए। 

सेहत की कराई जांच, सेहत के प्रति किया जागरूक
शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरुक करने के लिए दुर्गाकुंड स्थित इस्कॉन मंदिर में शुक्रवार को दो दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य और मानसिक जांच शिविर लगा। पहले दिन सैकड़ों लोगों ने अपने सेहत की जांच कराई। डॉ. गीता उपाध्याय ने लोगों की सेहत की जांच करने के साथ बीमारियों के निदान और उपचार के सुझाव भी दिए। डॉ. श्रीपति उपाध्याय ने मानसिक स्वास्थ्य को ठीक रखने के सुझाव दिए। तनाव, चिंता और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के उपाय बताए।

उपवास पर बैठे महाराष्ट्र के प्रह्लाद नथूजी
शास्त्री घाट पर चल रहे सत्याग्रह के 94वें दिन शुक्रवार को उपवास महाराष्ट्र के अकोला जिले से प्रह्लाद नथूजी नेमाड़े भी बैठे। इसके अलावा सर्वोदय के वरिष्ठ कार्यकर्ता डॉ. शिवचरण सिंह ठाकुर, जोखन सिंह यादव, शिवचरण ठाकुर भी उपवास पर बैठे थे। प्रह्लाद नथूजी नेमाड़े ने कहा कि राजघाट परिसर को बुलडोजर से गिराने वालों की विचारधारा विध्वंस की विचारधारा है, जबकि गांधी और गांधी संस्थान रचनात्मक और निर्माण की विचारधारा से संचालित होते हैं। इसलिए यह सत्याग्रह किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं है बल्कि विध्वंस के खिलाफ है।

बीएसए से मिला राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ का प्रतिनिधिमंडल
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के प्रतिनिधिमंडल और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के बीच संयुक्त बातचीत हुई। जिसमें वित्त लेखाधिकारी प्रदीप पाल ने पुरानी पेंशन विकल्प पत्र प्रस्तुत किया। साथ ही पात्र शिक्षकों के लिए प्रोन्नत वेतनमान का आदेश जारी करने और शिक्षकों के वित्तीय समस्याओं को हल करने की मांग की। 

उन्होंने बताया कि पूर्व प्रकाशित विज्ञापन से चयनित नियुक्त शिक्षकों को पुरानी पेंशन का विकल्प लेने के लिए राज्य सरकार ने विगत जून माह में आदेश जारी किया था। लेकिन लगभग 4 महीनें बीत जाने के बाद भी इन शिक्षकों के विकल्प पत्र की सूची ना तो प्रकाशित हुई ना ही उसे सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के पास अग्रिम कार्यवाही के लिए बीएसए कार्यालय द्वारा भेजा गया। जिससे शिक्षकों में भारी आक्रोश है। 

जिलाध्यक्ष शशांक कुमार पांडेय शेखर के नेतृत्व में बीएसए डॉ अरविंद पाठक से मिलकर बात की। संगठन ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में शिक्षकों की सूची प्रकाशित करते हुए सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को नहीं भेजा जाएगा तो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए धरना किया जाएगा। वार्ता के दौरान आनंद कुमार सिंह, प्रभाकर द्विवेदी, ज्योति प्रकाश, राजन सिंह और प्रभात भृगुवंश उपस्थित रहे।

मुक्केबाजी की पांच खिलाड़ी जनपदीय टीम में चयनित
जनपद की जूनियर बालिका मुक्केबाजी टीम का चयन ट्रायल शुक्रवार को डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। ट्रायल में 17 बालिकाओ ने हिस्सा लिया। अंतिम रूप से लक्ष्मी, सुष्मिता सिंह पटेल, पूजा पटेल, नीतू चौहान और गौरी शुक्ला का चयन हुआ है। ये खिलाड़ी 14 दिसंबर को मंडलीय चयन में हिस्सा लेंगी। मंडलीय टीम खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की प्रदेश स्तरीय बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता, प्रयागराज में 16 से 18 दिसंबर तक हिस्सा लेंगी। चयन जिला बॉक्सिंग संघ के सचिव जनार्दन यादव और कोच दीपिका तिवारी मौजूद रहे।

शताब्दी समारोह पर किया विशिष्ट ग्रंथों का पाठ
रामकुंड स्थित आशुतोष हरिदास आश्रम के शताब्दी समारोह पर विविध अनुष्ठान शुरू है। शुक्रवार को भी गुरु मूर्तियों का शृंगार कर पूजन अर्चन हुआ। पुरी के जगन्नाथ मंदिर के मुख्य पुजारी राम दैतापति और पुरी आश्रम के प्रभारी गौतम मुखर्जी के सानिध्य में साधु-संतों ने विशिष्ट ग्रंथों का पाठ किया। सात राज्यों से आए अनुयायियों ने भी दर्शन पूजा किए और भजन कीर्तन कर गुरु वंदगी की।

नौ दिसंबर से शुरू अनुष्ठान शुरू है। 15 दिसंबर को इस आश्रम के सौ वर्ष पूरे होंगे। आश्रम के प्रमुख सदस्य श्यामपद सेन गुप्ता ने बताया कि जगन्नाथ पुरी के संत आशुतोष हरिदास ने सन् 1924 में इस आश्रम की स्थापना की थी। यहां भी सर्वधर्म संभाव की भावना से सभी देवों व धर्मों के आराध्यों की आराधना की जाती है। 

सिगरा स्टेडियम में टहलने वालों को करना होगा इंतजार
सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में मॉर्निंग वॉकरों को स्टेडियम में टहलने के लिए इंतजार करना होगा। इसमें टहलने वालों के लिए बने पाथवे पर सिंथेटिक मैट नहीं बिछाया गया है। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि स्टेडियम में टहलने वालों के लिए सिंथेटिक पाथ-वे अभी बनकर तैयार नहीं हो सका है। सीमेंटेड पाथवे बन गया है, लेकिन इसपर सिंथेटिक ट्रैक नहीं बिछा है। इस वजह से इसमें देरी हो रही है। वॉकरों के टहलने के लिए सिंथेटिक पाथ-वे परियोजना का हिस्सा था। 

3.75 लाख की जमीन दे दी मुफ्त में, वीडीए ने किया सम्मानित
सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.75 लाख रुपये कीमत की जमीन लोकनाथ पटेल ने वीडीए को दी। इसके लिए वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने जमीन मालिक को सम्मानित किया। शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वीडीए उपाध्यक्ष ने जनहित के कार्य के लिए निजी भूमि निशुल्क देने पर प्रशंसा की।

सामान्य परिवार से आने वाले लोकनाथ पटेल ने रास्ता संकरा होने के कारण यहां होने वाले विकास कार्य में अड़चन न आए इसके लिए जमीन वीडीए को दी। वीडीए उयाध्यक्ष ने कहा कि लालपुर आवासीय योजना प्रथम चरण में मुख्य मार्ग से शिवनगर जाने वाले रास्ते के मार्ग पर होने वाले विकास कार्य में एक निजी जमीन बाधक बन रही थी। 

यहां दुकान, टॉयलेट, चाहरदीवारी के रूप में निर्मित 100 फीट लंबाई और पांच फीट चौड़ाई में आ रही निजी जमीन को लेने के लिए अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा और योजना सलाहकार प्रभाकर पांडेय को लगाया गया। उन्होंने भूमि स्वामी से बातचीत की। आपसी सहमति से भूमि स्वामी ने निशुल्क जमीन देने की बात कही।

आठ जनवरी को ईसी मामले को लेकर सुनवाई
बीएचयू में कार्यकारिणी गठन न होने के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में अगली सुनवाई आठ जनवरी को होगी। याचिकाकर्ता हरिकेश बहादुर सिंह ने बताया कि न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और क्षितिज शैलेंद्र द्वारा सुनवाई की गई। बीएचयू के अधिवक्ता ने बताया कि जवाब अभी तक नहीं मिल पाया है। बीएचयू और शिक्षा मंत्रालय से तीन साल में ईसी गठन न हो पाने की वजहों के बारे में जवाब मांगा है। इसी को देखते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट में केस चल रहा है। 

काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में छात्रों ने दिखाया हुनर
काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 264 प्रतिभागी विजेता बने। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने नृत्य सहित कई रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में तीन विकास खंडों आराजीलाइन, सेवापुरी और काशी विद्यापीठ के कुल 1823 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विशिष्ट अतिथियों में विकास खंड काशी विद्यापीठ पंचायत अध्यक्षा पूनम मौर्य, अराजीलाइन जिला अध्यक्ष भाजपा हंसराज विश्वकर्मा, सेवापुरी से पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षवर्धन सिंह और खंड विकास अधिकारी प्रतिभा मिश्रा उपस्थित रहे। 

कैसी रंगी श्याम ने चुनरिया...
सुबह ए बनारस में लखनऊ की कलाकार शशि वर्मा का गायन हुआ। उन्होंने गायन का आरंभ राग तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश अब मेरे राम...से की। इसके बाद द्रुत तीन ताल में निबद्ध बंदिश कंकरिया जिन मारो...सुनाया। समापन भजन कैसी रंगी श्याम ने चुनरिया... से हुआ। तबले पर संगत शशिकांत द्विवेदी तथा संवादिनी पर नागेंद्र शर्मा ने की। कलाकार को प्रमाणपत्र अमित चौबे ने दिया। संचालन डॉ. रत्नेश वर्मा ने किया।

यूपी ने उड़ीसा को 2-1 से हराकर जीता कांस्य
मध्य प्रदेश के मंदसौर में आयोजित 68वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में यूपी की बालिका टीम ने कांस्य पदक जीता है। इसमें यूपी टीम ने उड़ीसा को 2-1 से हरा दिया। यूपी बालिका हॉकी टीम ने लीग दौर में जम्मू कश्मीर को 15-0 से, चंडीगढ़ को 9-1 से और पंजाब को 3-1 से हराया। उत्तर प्रदेश की टीम से वाराणसी की तीन बालिका हॉकी खेल रहीं थी।

इसमें तनु यादव और सोनम सिंह (कक्षा 8) और सृष्टि पटेल (कक्षा 9) तीनों ही विकास इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं। कोच इदरीस अहमद से प्रशिक्षण लेती हैं। हॉकी वाराणसी अध्यक्ष डॉ. एके सिंह खिलाड़ियों के वाराणसी पहुंचने पर उन्हें सम्मानित करेंगे। 

मानसरोवर घाट पर 22 दिसंबर को होगा काशी में घाट संस्कृति पर संवाद
अंतरराष्ट्रीय काशी घाट वाक की बैठक बीएचयू के हिंदी विभाग के विरासत कक्ष में हुई। बैठक में संस्थापक प्रो. विजयनाथ मिश्र की उपस्थिति में 22 दिसम्बर को मानसरोवर घाट पर होने वाले संवाद सह सांस्कृतिक कार्यक्रम पर चर्चा हुई। संवाद संगोष्ठी का विषय काशी में घाट संस्कृति होगा। इसमें काशी के घाटों पर भारतीय संस्कृति के विविध रूपों पर चर्चा होने के साथ घाटों पर दिखने वाली भारतीय संस्कृति के विविध पक्षों पर आमंत्रित घाटवाकर द्वारा चर्चा होगी। संवाद में घाट के पंडे, पुजारी, मल्लाह, डोम विशेष आमंत्रित अतिथि होंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत बिरहा का आयोजन होगा। इसके साथ ही लोक कलाकार अष्टभुजा मिश्र द्वारा रविदास के जीवन पर आधारित एक लघु नाटिका की प्रस्तुति भी होगी। बैठक में प्रख्यात लोक कलाकर अष्टभुजा मिश्र को हाल ही में मध्य प्रदेश के संस्कृति विभाग द्वारा कला साधक सम्मान मिलने की खुशी में घाटवाक की ओर से अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। 

बैठक में नए साल के कुछ विशेष आयोजन के साथ इसके वार्षिक समारोह को भव्य रूप में मनाने पर भी सदस्यों ने चर्चा की। प्रो. विजयनाथ मिश्र ने काशी के कुछ दुर्लभ संवाद को भी सदस्यों के बीच साझा किया। उन्होंने काशी में शव- संवाद के बारे में कहा कि आप भी कभी मणिकर्णिका पर कुछ देर रूककर जरा शव से संपन्न हो रहे डोम के संवाद को ध्यान से सुनिए। 

आंसू व पेशे के बीच के हर बारीक रेशे की पहचान हो जाएगी। यही काशी की घाट संस्कृति है और यह संस्कृति धरती पर सिर्फ काशी में है। इस दौरान अष्टभुजा मिश्र, डॉ. विंध्याचल यादव, डॉ शैलेन्द्र सिंह, शैलेश तिवारी, वाचस्पति उपाध्याय, डॉ. मनकामना शुक्ल पथिक, अक्षत पांडेय, सालवी यादव, पंकज यादव,अमित कुमार, शिवम यादव, अभिषेक गुप्ता मौजूद रहे।

बुजुर्गाें का आयुष्मान कार्ड बनाने में बनारस यूपी में नंबर एक
बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने के मामले में बनारस यूपी का अव्वल जिला बन गया है। 4 नवंबर के बाद 70 वर्ष से ज्यादा उम्र के 35,735 लोगों का कार्ड बनाया गया है। ये सभी मरीज पांच लाख रुपये तक की निशुल्क इलाज की सुविधा किसी भी रजिस्टर्ड अस्पताल में भर्ती होकर ले सकते हैं। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि आगामी दिनों में भी इस तरह के शिविर का संचालन होता रहेगा। अब तक जिले में आयुष्मान कार्ड से साढ़े 3 लाख मरीजों का इलाज हो चुका है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग अब अपना आयुष्मान कार्ड आयुष्मान एप से खुद भी पंजीकृत कर सकते हैं। 

रूट डायवर्जन से नारायणपुर में लग रहा जाम
हाईवे पर रूट डाइवर्जन होने के कारण शुक्रवार को नारायणपुर चौराहे के दोनों तरफ लंबा जाम लगा रहा। नारायणपुर चौराहा, ओवर ब्रिज पर मरम्मत का कार्य पिछले दो दिनों से चल रहा है। इसके चलते ट्रैफिक सर्विस मार्ग पर डायवर्ट कर दिया गया है। चौराहे पर जाम लगने से स्थानीय लोगों के अलावा सर्विस मार्ग से जाने वालों को भी परेशानी होती है। नुआवं के पास सब्जी, फल मंडी में बड़ी संख्या में किसानों और खरीदारों की भीड़ होती है। 

जाम में सुबह और दोपहर के समय स्कूली वाहन भी फंस जा रहे हैं। 500 मीटर की दूरी तय करने में काफी समय लग रहा है। नारायणपुर चौराहे पर एनएचएआई की तरफ से ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए गार्डों की ड्यूटी शिफ्टवार लगने के बाद भी जाम लग रहा है। नारायणपुर चौराहे पर ओवरब्रिज की मरम्मत करने वाले एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार अभी काम पूरा करने में दो दिन का समय और लगेगा।

बीएचयू में आज से काशी ऑप्थल ट्रॉमाकॉन
आईएमएस-बीएचयू में शनिवार से ऑक्यूलर ट्रॉमा सोसाइटी ऑफ इंडिया का 16वां वार्षिक सम्मेलन शुरू होगा। बीएचयू के प्रो. केएन उडप्पा ऑडिटोरियम में आंखों के इलाज के क्षेत्र में नई उपलब्धियों को बताया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन काशी ऑप्थल ट्रॉमाकॉन-2024 के नाम से किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य नेत्र चिकित्सा में नवीनतम अनुसंधान, आघात प्रबंधन और उभरती चुनौतियों पर विचार-विमर्श करना है। नेपाल, सिंगापुर और अन्य देशों से भी विशेषज्ञ इस आयोजन में शिरकत करेंगे। 

दूषित जलापूर्ति से छित्तनपुरा के लोग परेशान
आदमपुर जोन के छित्तनपुरा इलाके में इन दिनों सैकड़ों की आबादी दूषित जलापूर्ति से परेशान है। क्षेत्र में इमलिया तल्ले से लेकर पठानी टोला के बीच कई मकानों में सुबह शाम जलापूर्ति की पाइपलाइन से बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है। क्षेत्र के बबलू अंसारी, निजामुद्दीन, इंतेयाज अंसारी, जिकरा परवीन, अयूब खां ने बताया कि करीब सप्ताह भर से इलाके में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। जल निगम और नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोग खाना बनाने और पीने के लिए भी बाहर से पानी खरीद रहे हैं। जलकल सचिव ने समस्या का समाधान कराने के लिए मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।

रिजल्ट में गड़बड़ी पर छात्रों का प्रदर्शन, कार्यालय पर तालाबंदी
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में बीए एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षा के रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए छात्रों ने कार्यालयों में ताला बंद कर दिया। दोपहर 12 बजे के बाद परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों को उनके कमरे में ही बंद कर दिया गया। प्रशासनिक भवन के गेट पर शाम तक छात्रों को धरना प्रदर्शन जारी रहा।

इस दौरान छात्रों ने विद्यापीठ प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विश्वविद्यालय प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। छात्रों ने कहा कि यदि तय समय में रिजल्ट की त्रुटियों को सही नही किया गया तो विश्वविद्यालय में सभी कार्यों को बंद कर दिया जाएगा। मौके पर सिगरा थाने की फोर्स मौजूद रही।

एआई के प्रयोग के बारे में दी गई जानकारी
दी इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की ओर से प्रेमचंद नगर कालोनी पांडेयपुर कार्यालय में तीन दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) कोर्स का आयोजन किया गया। इसके दूसरे दिन लोगों को एआई के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि आप कैसे अपने क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल कर सकते है। शनिवार को अंतिम दिन परीक्षा होगी, जिसके बाद इन्हें कोर्स का सर्टिफिकेट दिया जाएगा। 

किशोरी का अपहरण का आरोप, मुकदमा दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र के अमरपुर बटलौहिया (सरैया) इलाके में रहने वाली एक युवती ने अपनी 14 वर्षीय बहन के घर से लापता होने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। युवती ने इजहार पर अपहरण का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी छोटी बहन बीते 12 दिसंबर की शाम घर से निकली थी। जैतपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश कर रही है। 

ऑटो और बाइक की टक्कर, दो घायल
वाराणसी आजमगढ़ हाईवे पर शुक्रवार को गोसाईपुर चौराहे पर ऑटो और बाइक सवार की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार अशोक और रंजीत घायल हो गए। ग्रामीणों ने दोनों को सीएचसी चोलापुर में भर्ती करवाया। यहां इलाज के बाद डाक्टरों ने उन्हें छोड़ दिया। 

पांच घंटे ठप रहेगी बिजली आपूर्ति
33 केवी लेढ़ूपुर फीडर पर पोल लगाने और पेड़ों की कटाई कार्य के कारण तीन घंटे बिजली आपूर्ति रहेगी। नगरी विकास खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता ने बताया कि 33 केवी अंध्रापुल के भक्तिनगर, रमरेपुर, अशोक विहार, अशोक नगर इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 एक बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। वहीं 11 केवी कोनियां के विजयीपुरा, रामलीला मैदान आदि क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ निकाला मशाल जुलूस
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने मशाल जुलूस निकाला गया। सामाजिक विज्ञान चौराहा से गेट नंबर एक तक छात्रों ने जागो हिंदू जागो का नारा लगाया। छात्रों ने कहा कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। यदि सरकार आदेश देगी तो लाखों की संख्या में छात्र बांग्लादेश पहुंचेंगे। छात्र नेता शिवम तिवारी ने कहा कि बांग्लादेश में आज हिंदू रो रहे हैं। जो आवाज उठा रहा है उसे जेल में डलवा दिया जा रहा है। आशुतोष तिवारी ने कहा कि बांग्लादेशी हिंदुओं का हाल कश्मीरी पंडितों जैसा होने वाला है। जबरन धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। 

सीएमओ और आरईएस के अधिशासी अभियंता को नोटिस
सांसद और विधायक निधि की समीक्षा शुक्रवार को विकास भवन में सीडीओ हिमांशु नागपाल ने की। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी के अनुपस्थित रहने पर उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसी प्रकार ग्रामीण अभियंत्रण (आरईएस) के अधिशासी अभियंता पंकज राय को अधूरे कार्यों को पूरा करने और द्वितीय किस्त की मांग समय से न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने आरईएस के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सांसद और विधायक निधि के अपूर्ण कार्यों को 15 जनवरी तक पूरा कराएं। साथ ही कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कार्यदायी विभागों को निर्देशित किया कि जिन कार्यों की प्रथम किस्त विभाग को अवमुक्त की गई है और उनका कार्य पूर्ण है। उसकी द्वितीय किस्त की मांग एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से करें। जिन विभागों की ओर से द्वितीय किस्त का उपभोग कर कार्यपूर्ति प्रमाणपत्र कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराया है। 
विज्ञापन

ईंट से कूंचकर की थी मजदूर की हत्या, मुख्य हत्यारोपी को भेजा जेल
थाने क्षेत्र के भेलखा में मजदूर राजेश सरोज की सिर कूंचकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी अखिलेश यादव उर्फ नथुनी को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। उसके ऊपर वाराणसी, सोनभद्र में सात से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज है।

पुलिस की पूछताछ में कोईराजपुर निवासी अखिलेश यादव ने बताया कि वह 11 दिसंबर की रात भेलखा के देसी शराब ठेके पर अपने दो साथियों के साथ शराब पी रहा था। इस बीच राजेश सरोज से उसके दोस्तों का विवाद हो गया। इस पर पास में पड़ी ईंट से राजेश के सिर पर कई बार वार कर दिया। इसके बाद सभी फरार हो गए। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि आरोपी को बृहस्पतिवार की रात गढ़वा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।

ज्ञानवापी: मामले में अब 19 दिसंबर को सुनवाई
सिविल जज सीनियर डिवीजन (फास्ट ट्रैक) युगल शंभू की अदालत में शुक्रवार को 1991 से लंबित अतिप्राचीन स्वयंभू लॉर्ड आदिविश्वेश्वर वाद में सुनवाई हुई। पक्षकार बनाए जाने की अर्जी पर विरोध के मामले में योगेन्द्र नाथ व्यास की तरफ से दलील दी गई। अब मामले की अगली सुनवाई 19 दिसंबर को होगी। जवाबी दलील में अधिवक्ता ने कहा कि सोमनाथ व्यास की मृत्यु वर्ष 2000 में हो गई थी। कानून के अनुसार सोमनाथ व्यास के जगह उनके विधिक प्रतिनिधि के रूप में पक्षकार बनाए जाने का अधिकार का आदेश भी न्यायालय द्वारा दिया गया है।

महिला से 12.98 लाख की साइबर ठगी
महिला को झांसा देकर साइबर ठगों ने 12 लाख 98 हजार की ठगी कर ली। चितईपुर निवासी सुनीता तिवारी ने साइबर पुलिस को बताया कि उनको मैसेज आया कि गेल के बिल का भुगतान करना है। इसके लिए एक लिंक आया। फिर अनजान नंबर से फोन आया। वह गेल की उपभोक्ता भी नहीं हैं, इसके बाद भी उनको लिंक पर जाकर बिल देखने को कहा गया। लिंक क्लिक करते ही खाते से रुपये निकाल लिया गया। साइबर पुलिस ने केस दर्ज किया है। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें