वाराणसी। पंचायत उपचुनाव में सोमवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिया गया। चिरईगांव सेक्टर नंबर-4 से जिला पंचायत सदस्य सीट पर सपा समर्थित नीलम सोनकर विजयी हुईं। इसके अलावा ग्राम प्रधान की तीन सीटों में चिरईगांव ब्लाक के सिरिस्ती से कुसुम, पिंडरा के नंदापुर से प्रेमशीला व चोलापुर के छित्तमपुर से सपना सिंह ने जीत दर्ज की। ग्राम पंचायत सदस्यों के 207 रिक्त पदों का परिणाम भी घोषित किया गया।
जिला पंचायत सदस्य पद पर सपा समर्थित नीलम सोनकर ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए भाजपा समर्थित रामदुलारी देवी को 3098 मतों से पराजित किया। नीलम सोनकर को 4914 मत मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी रामदुलारी देवी को 1816 मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर सुभासपा प्रत्याशी गुंजन देवी ने 1660 प्राप्त किया। वोटों की गिनती सुबह आठ बजे ब्लाकों पर शुरू हुई। ग्राम प्रधान पद के लिए चिरईगांव ब्लाक के सिरिस्ती में ग्राम प्रधान की सीट पर सर्वाधिक 990 वोट पाकर कुसुम ने बाजी मारी। प्रतिद्वंद्वी बिंदु सिर्फ 235 वोट पा सकीं। चोलापुर के छित्तमपुर में सपना सिंह सर्वाधिक 858 वोट पाकर विजयी रहीं। प्रतिद्वंद्वी शिल्पी 539 व लीलावती 505 वोट पा सकीं। इसी प्रकार पिंडरा के नंदापुर में प्रेमशीला 430 वोट पाकर विजयी रहीं। निकटतम प्रतिद्वंद्वी गीता देवी 412 वोट, चंदन 122 और निर्मला 281 वोट प्राप्त कर सकीं। मतगणना के लिए ब्लाकों पर सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी। विजयी प्रत्याशियों को आरओ की ओर से प्रमाणपत्र जारी किया गया है।
इनसेट
सपा का दावा- 16 जिला पंचायत सदस्य पार्टी से समर्थित
चिरईगांव ब्लाक के सेक्टर नंबर 4 में जिला पंचायत सदस्य के उपचुनाव में सपा समर्थित प्रत्याशी नीलम सोनकर विजयी हुईं। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने दावा किया कि इस जीत के साथ ही सपा के कुल 16 जिला पंचायत सदस्य जीते हैं। इस बार इस सीट पर सपा का ही कब्जा रहेगा। दूसरी पार्टी के 10 सदस्य हमारे संपर्क में हैं। यह जीत समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं व संगठन की जीत है।
-----------
नारेबाजी करने पर समर्थकों को पुलिस ने खदेड़ा
सेवापुरी/लोहता/राजातालाब। स्थानीय ब्लॉक परिसर में ग्राम पंचायत सदस्य पद 41 वार्डों के चुनाव का मतगणना हुई। इस दौरान नारेबाजी करने पर समर्थकों को पुलिस ने खदेड़ा। काशी विद्यापीठ ब्लाक मुख्यालय पर 16 वार्डों के ग्राम पंचायत सदस्य पद की मतगणना हुई। प्रभारी एडीओ पंचायत प्रवीण कुमार ने बताया कि निर्वाचित प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र दिया गया। मतगणना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। आराजी लाइन विकासखंड मुख्यालय पर ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मतगणना हुई। निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि 17 ग्राम पंचायत के 49 वार्डों में ग्राम पंचायत सदस्य निर्वाचित हुए। उधर, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नन्हें जायसवाल के आवास पर बैठक कर चिरईगांव के उपचुनाव में नीलम सोनकर को जीत की बधाई दी गई।
--------------
रिक्त सीट पर उसी घर में आई प्रधानी
दानगंज/चिरईगांव। चोलापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत छितमपुर में ग्राम प्रधान पद पर सपना सिंह निर्वाचित हुई हैं। इस सीट पर वीणा सिंह जीतीं थी। मतगणना से पहले ही वीणा सिंह की मौत होने से उपचुनाव हुआ। इसमें वीणा सिंह की देवरान सपना सिंह को ग्रामीणों ने चुना। इंटर पास सपना सिंह ने कहा कि सभी के सम्मान की रक्षा के साथ गांव का विकास करेंगी। सिरिस्ती से प्रधान पद जीती कुसुम के परिवार की महिला पंचायत चुनाव में जीती थी। निधन के बाद सीट खाली हो गई थी।