बड़बोले नेताओं की लिस्ट में बलिया से एक और नाम जुड़ा है पूर्व मंत्री नारद राय का। समाजवादी पार्टी के नेता नारद राय ने कहा कि देश के संविधान का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुरुपयोग किया है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर नागरिकता बिल के विरोध में प्रदर्शन का आयोजन किया गया था।
धरना-प्रदर्शन के दौरान ही गुरुवार को कलेक्ट्रेट में राय ने कहा कि बाबा साहब द्वारा संविधान बनाया गया था। उसमें नागरिकता लेने व देने दोनों का प्रावधान है। यह नया कानून हिंदुस्तान के वातावरण को खराब करने के लिए बनाया गया है।
यही नहीं इसके माध्यम से मूलभूत समस्याओं जैसे महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी से दिमाग भटकाने का प्रयास किया जा रहा है। राय ने जोड़ा कि यह बात हम नहीं कह रहे बल्कि इसे मोदी के सबसे बड़े अर्थशास्त्री सुब्रहमण्य स्वामी ने कहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि देश अर्थव्यवस्था आईसीयू में है।
नारद राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में काला कानून, लूट-खसोट, भ्रष्टाचार के विरोध के साथ ही बलिया में सबसे बड़ी समस्या ट्रामा सेंटर, डायलासिस व एनएच-31 की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रही है। पता है कि धारा 144 लागू है, लेकिन जब जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और सड़क पर उतर आई है तो समाजवादी पार्टी का दायित्व है कि जनता के साथ खड़ी रहे। हम धारा 144 की परवाह नहीं करते हैं।